नई दिल्ली,28 दिसम्बर 2025 । देश की राजधानी दिल्ली का जंतर-मंतर रविवार को एक बार फिर विरोध प्रदर्शनों और तीखी बहस का केंद्र बन गया। उन्नाव दुष्कर्म मामले के दोषी और पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर की आजीवन कारावास की सजा को दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा निलंबित किए जाने के फैसले ने जन-आक्रोश को भड़का दिया है। बड़ी संख्या में महिलाएं और सामाजिक कार्यकर्ता इस फैसले के खिलाफ सड़कों पर उतरे हैं, जिससे इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। वर्ष 2017 के चर्चित उन्नाव दुष्कर्म मामले की पीडि़ता स्वयं जंतर-मंतर पर मौजूद रहकर अपना विरोध दर्ज करा रही है। प्रदर्शनकारियों का तर्क है कि एक जघन्य अपराध के दोषी को इस तरह रिहा करना न केवल पीडि़ता के साथ अन्याय है, बल्कि समाज में गलत संदेश भी देता है। पीडि़ता ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि हालांकि वह दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश से आहत है, लेकिन उसे देश की शीर्ष अदालत पर अटूट विश्वास है। उसने कहा, ‘सभी जज एक जैसे नहीं होते, मुझे उम्मीद है कि सुप्रीम कोर्ट मेरे साथ न्याय करेगा और सेंगर की जमानत को तुरंत खारिज करेगा। ‘
‘आई सपोर्ट कुलदीप सेंगर’ः बैनर लेकर पहुंची महिला से विवाद
प्रदर्शन के दौरान माहौल तब और गरमा गया जब एक महिला हाथ में ‘आई सपोर्ट कुलदीप सेंगर’ लिखा हुआ बैनर लेकर वहां पहुंच गई। पीडि़ता के समर्थकों के बीच खड़े होकर दोषी का समर्थन करने की इस हिमाकत ने वहां मौजूद लोगों को आक्रोशित कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर जुबानी जंग और तीखी बहस शुरू हो गई। दोषी का समर्थन कर रही महिला ने चिल्लाते हुए कहा, ‘रेप पर राजनीति मत करिए, इसे बंद करो।’ इस पर वहां मौजूद भीड़ ने ‘शर्म करो’ के नारे लगाकर अपना विरोध जताया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur