राजस्थान में कांग्रेस का अरावली बचाओ विरोध-प्रदर्शन
जयपुर,27 दिसम्बर 2025। दौसा में कांग्रेस के अरावली बचाओ विरोध-प्रदर्शन के दौरान विवाद हो गया। डाक बंगले के मीटिंग हॉल का ताला बंद मिलने पर कांग्रेस कार्यकर्ता गुस्सा गए। उन्होंने गेट का ताला तोड़ने का प्रयास किया। कांग्रेस ने दौसा के नेहरू गार्डन से गांधी तिराहे तक पैदल मार्च निकाला। तिराहे पर महात्मा गांधी की मूर्ति पर माल्यार्पण के बाद सभी कांग्रेसी डाक बंगले पहुंचे। मीटिंग हॉल का ताला बंद मिला। इसके बाद सांसद-विधायक समेत सभी नेता और कार्यकर्ता लॉन में बैठ गए। इस दौरान कांग्रेस नेताओं को बैठने के लिए कुर्सी तक नहीं मिली। सांसद ने किसी अधिकारी को फोन कर कुर्सियों के लिए भी कहा। इसके बावजूद व्यवस्था नहीं हुई। जिलाध्यक्ष रामजीलाल ओढ़ के समझाने पर मामला शांत हो गया। कांग्रेस विधायक (दौसा) डीसी बैरवा ने आपत्ति जताते हुए संबंधित स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। अजमेर में पैदल मार्च के दौरान डीजे पर गाना बजाने पर पुलिस ने एतराज जताया। कांग्रेसियों ने पुलिस का विरोध किया। इस दौरान कांग्रेसियों से पुलिस की झड़प हो गई। पुलिस के रोकने के बावजूद कांग्रेसी डीजे पर गाना बजाते हुए निकले।
पाली में कांग्रेस ने जनजागरण रैली निकाली : पाली में शनिवार को अरावली बचाने को लेकर कांग्रेस की ओर से शहर में जनजागरण रैली निकाली गई। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अरावली हमारी जीवन रेखा है। यहां खनन किसी हालत में बर्दाश्त नहीं कर सकते। अरावली है तो हमारे पाली और राजस्थान में खुशहाली है। इस दौरान कांग्रेसियों ने मनरेगा का नाम बदलने को लेकर भी विरोध जताया। इससे पहले पाली के कांग्रेस भवन से नेता और कार्यकर्ता रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे। वहां से अहिंसा सर्किल, सूरजपोल, अम्बेडकर सर्किल होते हुए रैली गांधी मूर्ति पहुंची। जहां कांग्रेस जिला अध्यक्ष शिशुपाल सिंह राजपुरोहित ने रैली को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि अरावली हमारी जीवन रेखा है, इसके साथ किसी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur