Breaking News

नई दिल्ली@क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी समेत 20 प्रतिभाशाली बच्चों को राष्ट्रपति ने दिया बाल पुरस्कार

Share

नई दिल्ली,26 दिसम्बर 2025। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शुक्रवार को वीर बाल दिवस के अवसर पर क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी सहित देश के 20 प्रतिभाशाली बच्चों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार प्रदान किया। यह प्रतिष्ठित पुरस्कार 5 से 18 वर्ष की आयु के उन बच्चों को दिया जाता है, जिन्होंने साहस, खेल, पर्यावरण संरक्षण, विज्ञान एवं नवाचार, समाज सेवा, कला और संस्कृति जैसे विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण योगदान देकर देश का नाम रोशन किया है। इस अवसर पर राष्ट्रपति ने सभी पुरस्कार विजेता बच्चों को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने अपने कार्यों से न केवल अपने परिवार बल्कि समाज और पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि यह देखकर अत्यंत प्रसन्नता होती है कि आज का भारत अपने बच्चों की प्रतिभा,साहस और संवेदनशीलता के बल पर निरंतर आगे बढ़ रहा है। राष्ट्रपति ने कहा कि वर्ष 2022 से 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इसके पीछे इतिहास का एक अत्यंत प्रेरक अध्याय जुड़ा हुआ है। उन्होंने सिख पंथ के दसवें गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी और उनके चार साहिबजादों के बलिदान को स्मरण करते हुए कहा कि लगभग 320 वर्ष पूर्व सत्य और न्याय की रक्षा के लिए उन्होंने अद्वितीय साहस का परिचय दिया। राष्ट्रपति ने विशेष रूप से नौ वर्ष के बाबा जोरावर सिंह और सात वर्ष के बाबा फतेह सिंह की वीरता का उल्लेख किया, जिन्हें जीवित दीवार में चिनवा दिया गया था। उन्होंने कहा कि उन महान वीर बालकों का बलिदान आज भी देश-विदेश में श्रद्धा और सम्मान के साथ स्मरण किया जाता है। वीर बाल दिवस न केवल शौर्य का स्मरण है,बल्कि यह देशप्रेम और राष्ट्र एकता का भी उत्सव है। राष्ट्रपति ने कहा कि जिस देश के बच्चे उच्च आदर्शों और देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत होते हैं, उस देश की मानवता और भविष्य दोनों सुरक्षित रहते हैं। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि आज महान क्रांतिकारी शहीद उधम सिंह की जयंती का पावन अवसर भी है और इस अवसर पर उन्होंने देशवासियों की ओर से उन्हें सादर नमन किया।


Share

Check Also

नई दिल्ली@बॉम्बे हाईकोर्ट बोला…शराबबंदी करने का फैसला एकतरफा : इसके आदी बीमार होकर अस्पताल में भीड़ लगा देंगे,सिर्फ पुणे में रोक शहरवासियों के लिए कलंक

Share नई दिल्ली,12 सितम्बर 2026। बॉम्बे हाई कोर्ट ने शुक्रवार को पुणे प्रशासन को गणेश …

Leave a Reply