Breaking News

भोपाल@भारत को तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने में मध्य प्रदेश करेगा सर्वाधिक भागीदारी : अमित शाह

Share


भोपाल,25 दिसम्बर 2025। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को कहा कि मध्य प्रदेश अब देश में सबसे तेज़ गति से विकास करने वाला राज्य बन गया है। बीते सालों की वैश्विक आर्थिक उतार-चढ़ाव से अलग रहकर अनेक चुनौतियों और संसाधनों के अभाव से उबरकर प्रदेश ने जिस रफ्तार से प्रगति की है, वह पूरे देश को अभिप्रेरित करती है। केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने कहा कि कृषि, उद्यानिकी,पशुपालन,सिंचाई, उद्योग,ऊर्जा,पर्यटन,स्वास्थ्य सुधार, खनन,फार्मा,नवकरणीय ऊर्जा और वृहद संख्या में आधारभूत अवसंरचनाएं,आज हर क्षेत्र में मध्य प्रदेश अग्रणी राज्यों की पंक्ति में खड़ा है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश ने अपनी नई सोच, उद्यमशीलता, प्रगतिशील दृष्टिकोण और नवाचारों के माध्यम से विकास के ऐसे मानक स्थापित किए हैं,जिनका अनुसरण अब अन्य राज्य भी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत जल्द ही विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है और निःसंदेह यह तय है कि इस ऐतिहासिक उपलब्धि में मध्य प्रदेश का योगदान सबसे बड़ा होगा। केंद्रीय गृह मंत्री गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जन्म जयंती के विशेष अवसर पर ग्वालियर में आयोजित ‘अभ्युदय मध्य प्रदेश ग्रोथ समिट’ को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने प्रदेश के नेतृत्व और प्रशासनिक क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि यहां निवेश के लिए अनुकूल वातावरण, स्पष्ट नीतियां और मजबूत इच्छाशक्ति दिखाई देती है। इन्हीं सभी प्लस फैक्टर्स से ही मध्य प्रदेश ने इस साल देश में बड़ी संख्या में निवेश प्रस्ताव प्राप्त किए हैं। इस मामले में मध्य प्रदेश ने देश में तीसरा स्थान हासिल किया है। कार्यक्रम में गृह मंत्री शाह ने दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की निवेश लागत से प्रदेश के विभिन्न अंचलों में स्थापित होने वाली हजारों औद्योगिक एवं निर्माण इकाइयों का सामूहिक भूमिपूजन किया। उन्होंने मंच से 5,810 करोड़ रुपये लागत से औद्योगिक विकास परियोजनाओं एवं सड़क विकास कार्यों का लोकार्पण कर 860 वृहद औद्योगिक इकाइयों को 725 करोड़ रुपये की निवेश प्रोत्साहन सहायता राशि सिंगल क्लिक से वितरित की।


Share

Check Also

उज्जैन@ उज्जैन में मॉडल हर्षा रिछारिया ने लिया संन्यास

Share अब स्वामी हर्षानंद गिरि के नाम से जानी जाएंगी,पिंडदान के साथ त्यागा पिछला जीवनउज्जैन,19 …

Leave a Reply