नई दिल्ली,20 दिसम्बर 2025। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए राज्य की मौजूदा स्थिति को ‘महाजंगल राज’ करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और तुष्टीकरण की राजनीति के कारण पश्चिम बंगाल का विकास ठप पड़ा है और तृणमूल सिर्फ भाजपा का विरोध करने के लिए आम लोगों को पीड़ा झेलने पर मजबूर कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कोलकाता एयरपोर्ट से नादिया जिले के राणाघाट में आयोजित कार्यक्रम को फोन से वर्चुअली संबोधित किया। मोदी ने कहा- ऐसा नहीं है कि बंगाल के विकास के लिए पैसों की कमी है, लेकिन यहां की सरकार सिर्फ कमीशनखोरी में लगी रहती है। पीएम ने कहा- आज भी बंगाल में हजारों करोड़ के प्रोजेक्ट अटके हुए हैं। मैं बंगाल की जनता के सामने अपनी पीड़ा रखना चाहता हूं। टीएमसी को मोदी का विरोध करना है तो करे, 100 बार करे, हजार बार करे। लेकिन मैं ये नहीं समझ पा रहा हूं कि बंगाल के विकास को क्यों रोका जा रहा है। पीएम ने अपने संबोधन से पहले करोड़ के नेशनल हाईवे प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन भी किया।
पीएम सुबह करीब 10.40 बजे दिल्ली से कोलकाता पहुंचे थे। वहां से हेलिकॉप्टर से ताहिरपुर रवाना हुए। हालांकि, घने कोहरे के कारण हेलिकॉप्टर कुछ देर तक हेलीपैड के ऊपर मंडराने के बाद वापस कोलकाता लौट गया। बंगाल में वोटर्स लिस्ट का स्पेशल इंटेसिव रिवीजन ड्राफ्ट जारी होने के बाद मोदी का यह पहला और पिछले पांच महीनों में तीसरा दौरा है।
मोदी का आरोप…टीएमसी घुसपैठियों को बचाने के लिए पूरी ताकत लगा रही
प्रधानमंत्री ने कहा- लोगों को टीएमसी की साजिशों से सावधान रहने की जरूरत है। वे घुसपैठियों को बचाने के लिए अपनी पूरी ताकत लगा रहे हैं। मैंने सोशल मीडिया पर देखा कि कुछ लोगों ने ‘गो बैक मोदी’ के बोर्ड लगा रखे हैं। इससे बेहतर होता कि पश्चिम बंगाल की हर गली और खंभे पर ‘गो बैक घुसपैठिए’ लिख दिया जाता।
पीएम मोदी बोले…मौसम ने कठिनाइयां पैदा कीं, लेकिन मैं फिर आऊंगा
पीएम ने कहा- इस बार मौसम ने कठिनाइयां पैदा की हैं। इसके कारण मैं कार्यक्रम स्थल तक नहीं पहुंच सका। मैं वैसा नहीं हूं कि मौसम की परेशानी को भी राजनीति के रंग में रंग दूं। मैं वादा करता हूं कि फिर आऊंगा। आपके दर्शन करूंगा। बार-बार आऊंगा।
पीएम बोले…बंगाल के लोग टीएमसी के कुशासन से परेशान
बंगाल पहुंचने से पहले मोदी ने बंगाल की ममता सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा- बंगाल के लोगों को केंद्र सरकार की कई स्कीमों का फायदा मिल रहा है, लेकिन वे तृणमूल कांग्रेस के कुशासन से परेशान हैं।
मोदी ने कहा- बिहार ने बंगाल में भाजपा की जीत के द्वार खोल दिए
प्रधानमंत्री मोदी ने आरोप लगाया कि बंगाल में घुसपैठियों को टीएमसी का संरक्षण प्राप्त है। प्रधानमंत्री ने कहा…आज देश को तेज रफ्तार में विकास की जरूरत है। बिहार ने एक बार फिर एनडीए सरकार को विकास के लिए भारी जनादेश दिया है। बिहार चुनाव परिणामों ने बंगाल में भाजपा की जीत के द्वार खोल दिए हैं। बिहार ने एक स्वर में जंगलराज के शासन को नकार दिया है। 20 साल बाद भी बिहार की जनता ने भाजपा-एनडीए को पहले से अधिक सीटें दी हैं। अब हमें पश्चिम बंगाल को ‘महाजंगलराज’ से मुक्ति दिलानी है। टीएमसी चाहे जितना विरोध करे, लेकिन बंगाल के विकास को नहीं रोक सकती।
पीएम बोले…बंगाल की जनता से आग्रह, भाजपा को मौका देकर देखिए
पीएम ने कहा- बंगाल की जनता से हाथ जोड़कर आग्रह करता हूं कि एक बार भाजपा को मौका देकर देखिए। भाजपा की डबल इंजन सरकार बनाकर देखिए। फिर देखिए कितनी तेजी से यहां विकास होता है बंगाल और बंगाली भाषा ने भारत के इतिहास और संस्कृति को लगातार समृद्ध किया है। ‘वंदे मातरम’ ऐसी ही एक रचना है। पूरा देश ‘वंदे मातरम’ की 150वीं वर्षगांठ मना रहा है, जिस पर संसद में भी चर्चा हुई। इस धरती ने देश को बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय जैसा ऋषि दिया है। बंकिम बाबू ने गुलाम भारत में वंदे मातरम के जरिए देश को नई चेतना दी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur