Breaking News

ढाका@शेख हसीना विरोधी नेता की मौत के बाद हिंसा…2 न्यूज चैनल्स फूंके

Share


बांग्लादेश में हिंदू युवक की पीटकर हत्या,पेड़ पर टांगकर जलाया
ढाका,19 दिसम्बर 2025। बांग्लादेश में शेख हसीना के विरोधी नेता उस्मान हादी की मौत के बाद हिंसा भड़क गई है। इस दौरान ढाका के नजदीक भालुका में धर्म का अपमान करने के आरोप में एक हिंदू युवक को पीट-पीटकर मार डाला। बीबीसी बांग्ला की रिपोर्ट के मुताबिक, युवक के शव को नग्न करके एक पेड़ से लटका कर आग लगा दी। मृतक की पहचान दीपू चंद्र दास के रूप में की गई है। पुलिस ने बताया कि यह घटना भालुका में हुई। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें लोग ‘अल्लाह-हू-अकबर’ के नारे लगाते दिख रहे हैं। इससे पहले प्रदर्शनकारियों ने गुरुवार देर रात देश के सबसे बड़े अखबार डेली स्टार और प्रोथोम आलो के ऑफिस में जबरन घुसकर तोड़फोड़ और आगजनी की। इसके अलावा पूर्व राष्ट्रपति शेख मुजीबुर्रहमान के आवास में भी तोड़फोड़ की गई है और शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के ऑफिस को भी जला दिया गया है। उस्मान हादी शेख हसीना के खिलाफ जुलाई 2024 में हुए छात्र आंदोलन के प्रमुख नेताओं में से एक थे। उन्हें 12 दिसंबर को चुनाव प्रचार के दौरान सिर में गोली मारी गई थी। इसके बाद उन्हें बेहतर उपचार के लिए सिंगापुर ले जाया गया था। 6 दिन बाद उनकी मौत हो गई।
बांग्लादेश सरकार ने
पत्रकारों पर हमलों की निंदा की
बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने देश में हाल ही में हुई हिंसा और पत्रकारों पर हमलों की कड़ी निंदा की है। सरकार ने कहा कि वह हिंसा, धमकी, आगजनी और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की हर घटना की साफ और बिना किसी शर्त के निंदा करती है। सरकार ने बताया कि इस समय बांग्लादेश एक ऐतिहासिक लोकतांत्रिक बदलाव के दौर से गुजर रहा है, जिसे नफरत और अराजकता से नुकसान नहीं पहुंचना चाहिए। अंतरिम सरकार ने लोगों से अपील की कि वे भीड़ की हिंसा का विरोध करें। सरकार ने कहा कि कुछ कट्टर और हाशिए पर मौजूद तत्व देश को अस्थिर करना चाहते हैं।
यूनुस बोले…बांग्लादेश में
हिंसा के लिए कोई जगह नहीं
बांग्लादेश में मुहम्मद यूनुस ने शुक्रवार को छात्र नेता उस्मान की मौत के बाद भड़की हिंसक प्रदर्शनों के बीच एक हिंदू व्यक्ति की पिटाई और हत्या की कड़ी निंदा की। यूनुस ने जोर देकर कहा कि ‘नए बांग्लादेश में ऐसी हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है’। उन्होंने कहा कि इस अपराध में शामिल किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। हादी की मौत के विरोध में शुक्रवार को राजधानी के विभिन्न हिस्सों से छात्र और आम लोग शाहबाग चौराहे पर इकट्ठा होते नजर आए। प्रदर्शनकारी छात्र झंडे लिए हुए हैं। वे ‘हम हादी भाई के खून को बर्बाद नहीं जाने देंगे।’ जैसे नारे लगा रहे हैं। छात्र अशफकुर रहमान शनि बोले, ‘हमने एक सच्चे देशभक्त को खो दिया है। मुझे रात को नींद नहीं आई। मैं सुबह विरोध प्रदर्शन करने यहां आया हूं। शहीद उस्मान हादी जैसे देशभक्त और बहादुर शख्स के चले जाने से हम बेहद दुखी हैं।’
बांग्लादेश में पत्रकार की गोली मारकर हत्या
बांग्लादेश के खुलना में इमदादुल हक मिलन नामक पत्रकार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने बताया कि इस घटना में एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अरंगघाटा पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी (ओसी) शाहजहां अहमद ने पत्रकारों को बताया कि यह घटना गुरुवार रात करीब 9ः30 बजे हुई। मिलोन शालुआ प्रेस क्लब के अध्यक्ष थे। हमले के समय मिलोन शालुआ बाजार की एक चाय की दुकान पर बैठे चाय पी रहे थे।उसी वक्त, दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार लोग अचानक आए, उस पर गोलियां चलाईं और तेजी से भाग गए। घटना के बाद, आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने मिलोन को मृत घोषित कर दिया।पुलिस अभी तक हमले को अंजाम देने वाले व्यक्ति की पहचान नहीं कर पाई है।
चुनाव आयोग ने हादी की मौत पर शोक जताया
बांग्लादेश के चुनाव आयोग ने उस्मान हादी की मौत पर शोक जताया है। अपने शोक संदेश में चुनाव आयोग ने कहा कि हादी बांग्लादेश के लिए पूरी तरह समर्पित थे, एक संघर्षशील व्यक्ति थे और युवाओं की आवाज थे।
स्पोर्ट्स मिनिस्टर बोले- कुछ लोग हमारे आंदोलन को भड़का रहे
स्पोर्ट्स मिनिस्टर आसिफ महमूद सजीब भुइयां ने कहा कि हिंसक गतिविधियों में युवा नेताओं का हाथ नहीं था। उन्होंने कहा, ‘जब भी हम इस देश के लिए एकजुट होते हैं, कोई स्वार्थी समूह अलगाववादी गतिविधियों को अंजाम देकर हमें नुकसान पहुंचाता है, हमें विवादों में घसीटता है और हमारे संघर्ष पर सवाल उठाने का मौका देता है। हम यह साफ करना चाहते हैं कि आज की उकसावे वाली कार्रवाई में शामिल लोगों की हम पहचान कर रहे हैं। कुछ लोग हादी की शहादत के बाद न्याय की मांग करने वाले हमारे आंदोलन को भड़काकर दूसरी दिशा में मोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। ‘


Share

Check Also

उज्जैन@ उज्जैन में मॉडल हर्षा रिछारिया ने लिया संन्यास

Share अब स्वामी हर्षानंद गिरि के नाम से जानी जाएंगी,पिंडदान के साथ त्यागा पिछला जीवनउज्जैन,19 …

Leave a Reply