भ्रम फैलाकर ग्रामीणों को भडकाने की कोशिश नाकाम होगी : सिसोदिया
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,10 दिसम्बर 2025
(घटती-घटना)।
लखनपुर अमेरा खुली खदान क्षेत्र की हालिया घटना को लेकर कांग्रेस से जुड़े कुछ स्थानीय नेताओं द्वारा लगातार राजनीतिक लाभ के उद्देश्य से माहौल को राजनीतिक अखाड़े में बदलने का प्रयास किया जा रहा है। सरल एवं भोले-भाले ग्रामीणों को तथ्यात्मक और विधि-सम्मत जानकारी देने के बजाय उन्हें भ्रमित कर उकसाने की कोशिश की गई, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है। उक्त बातें कहते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने कहा कि इस क्षेत्र का 2008 से 2023 तक विधायक और मंत्री के रूप में प्रतिनिधित्व कर चुके कांग्रेस के वरिष्ठ नेता टी. एस. सिंहदेव के कार्यकाल में यदि खदान को लेकर आपत्तियाँ थीं, तो उस समय खदान बंद कराने, कानूनों के विरुद्ध आवाज़ उठाने या पारित होने से रोकने जैसे कदम उठाए जाने चाहिए थे।उन्हीं के विधायक रहते हुए अमेरा,परसोढ़ी कला एक्सटेंशन खदान का भूमि अधिग्रहण 2014 में हुआ और 2022 में कांग्रेस शासनकाल में कोल माइंस से जुड़े कुछ कानून पारित हुए—उस समय विरोध क्यों नहीं किया गया। भारत सिंह सिसोदिया ने कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस अधिग्रहण के खिलाफ है या कांग्रेस ग्रामीणों के मुआवजा या नौकरी की लड़ाई लड़ रही है, कांग्रेस की गोलमोल बात समझ से परे है । कांग्रेस का यह दावा कि ‘अचानक कार्रवाई की गई’ का खंडन करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि अमेरा-परसोढ़ी कला प्रकरण पर कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह भ्रामक,राजनीतिक रूप से प्रेरित और भूमि अधिग्रहण संबंधी वास्तविक कानूनी प्रक्रिया से असंगत हैं क्योंकि बिना पूर्व सूचना,ग्रामसभा की कार्यवाही, सामाजिक प्रभाव आंकलन आपत्तियों के निपटान और मुआवजा निर्धारण जैसी अनिवार्य प्रक्रियाओं को पूरा किए बिना कोई भी अधिग्रहण संभव ही नहीं है। आगे उन्होंने कहा कि कांग्रेस की ओर से महिलाओं पर पुलिस द्वारा दुर्व्यवहार किए जाने का आरोप भी बिना किसी प्रमाण के है। जिला प्रशासन की प्रारंभिक रिपोर्ट स्पष्ट करती है कि पुलिस बल केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौजूद था। श्री सिसोदिया ने कहा कि भाजपा सरकार ने सदा से महिलाओं का सम्मान किया है,महिला उत्थान के लिए सरकार प्रतिबद्ध है, वहीं कांग्रेस द्वारा अमेरा विवाद में महिलाओं को बरगलाया जा रहा है, उन्हें फूल माला से सम्मानित करने का ढोंग करके हिंसा की भावना बढ़ाने का काम किया जा रहा है तो क्या कांग्रेस ग्रामीणों को माओवादी सोच के तरफ़ ले जाना चाहती है, शांतिपूर्ण तरीके से हल निकालने के विपरीत कांग्रेस की यह मानसिकता समाज के लिए ख़तरनाक है और शांतिपूर्ण वार्ता को हिंसक झड़प में बदलने के लिए कांग्रेस का दिग्भ्रमित नेतृत्व जि़म्मेदार है। श्री सिसोदिया ने कहा कि मंत्री राजेश अग्रवाल का बयान पूरी तरह तथ्यों और दस्तावेज़ों पर आधारित है,कांग्रेस का यह कहना कि सहमति नहीं बनी, केवल राजनैतिक असंतोष भडकाने का तरीका है, मुद्दा विहीन कांग्रेस अपनी खोयी हुई जनाधार को झूठ और षड्यंत्र को आधार बना कर पाना चाहती है। भाजपा सरकार की नीतियों को स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार आदिवासियों,किसानों और महिलाओं के अधिकारों की सबसे मजबूत संरक्षक है और उनके हितों की सुरक्षा हर परिस्थिति में सुनिश्चित की जाएगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur