Breaking News

श्रीकाकुलम@आंध्र प्रदेश के वेंकटेश्वर मंदिर में मची भगदड़,10 की मौत

Share


एकादशी पर ज्यादा भीड़ से रेलिंग टूटी,महिलाएं और बच्चे चिल्लाते रहे


श्रीकाकुलम,01 नवम्बर 2025। आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम स्थित काशीबुग्गा वेंकटेश्वर मंदिर में शनिवार को एकादशी के दौरान भगदड़ मचने से 10 लोगों की मौत हो गई। इनमें 8 महिलाएं और 2 बच्चे हैं। 25 से ज्यादा लोगों का इलाज चल रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार भारी भीड़ के दौरान धक्का-मुक्की की वजह से रेलिंग टूट गई। इससे भगदड़ मच गई। अधिकारियों को आशंका है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। सरकार ने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं।
भगदड़ के बाद कई महिलाएं बेहोश हो गईं…
भगदड़ के कई वीडियो सामने आए हैं,जिसमें मंदिर की सीढि़यों पर लोगों की भारी भीड़ दिखाई दी। इनमें महिलाएं,बच्चें और कई बुजुर्ग भी थे। इसी दौरान रेलिंग गिर गई और लोग भीड़ से दबने लगे। महिलाएं और बच्चे बाहर निकलने के लिए चीखते-चिल्लाते दिखे। कई तो अपनी जान बचाने के लिए लोगों के ऊपर चढ़कर निकलते दिखे। वहीं,हादसे ही बाद के वीडियो में लोग भीड़ में दबी महिलाओं और बच्चों को बाहर निकालते दिखे। महिलाएं भगदड़ वाली जगह पर इधर-उधर बेसुध पड़ी दिखाई दीं। लोगों ने भीड़ में से महिलाओं को उनके हाथ-पैर पकड़कर खींचते दिखाई दिए। आंध्र प्रदेश की गृह मंत्री अनीता ने बताया कि मंदिर में हर हफ्ते करीब 1500 से 2000 श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। आज एकादशी होने की वजह से श्रद्धालुओं की संख्या बहुत अधिक थी। उन्होंने बताया कि मंदिर पहली मंजिल पर स्थित है और यहां जाने के लिए 20 सीढि़यां हैं। इसी दौरान धक्का-मुक्की हुई और रेलिंग टूट गई, जिससे भगदड़ मच गई।
राष्ट्रपति,उपराष्ट्रपति ने दुख जताया,प्रधानमंत्री ने किया मदद का ऐलान
राष्ट्रपति,उपराष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री ने आंध्रप्रदेश के श्रीकाकुलम में वेंकेटेश्वर स्वामी मंदिर में भगदड़ में हुई मौतों पर शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने हताहतों के लिए मुआवजे की घोषणा की है। राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु ने अपने शोक संदेश में कहा कि वे आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम स्थित श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में हुई दुःखद घटना में हुई जान-माल की हानि के बारे में जानकर स्तब्ध हैं। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है। उपराष्ट्रपति ने काशीबुग्गा स्थित मंदिर में हुई भगदड़ को दुखद बताया। उन्होंने एक्स पर लिखा,आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जि़ले के काशीबुग्गा स्थित श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में हुई दुःखद भगदड़ से अत्यंत दुःखी हूं। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुखद है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दुःख और संवेदना जताते हुए कहा कि राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50 हजार रुपये दिए जायेंगे।


Share

Check Also

उज्जैन@ उज्जैन में मॉडल हर्षा रिछारिया ने लिया संन्यास

Share अब स्वामी हर्षानंद गिरि के नाम से जानी जाएंगी,पिंडदान के साथ त्यागा पिछला जीवनउज्जैन,19 …

Leave a Reply