Breaking News

अंबिकापुर@चक्रवात का असर,मूसलाधार बारिश से किसानों के खिले चेहरे

Share

अंबिकापुर,03 अक्टूबर 2025 (घटती-घटना)। सरगुजा जिले में मानसून की विदाई से पहले एक बार फिर मौसम मेहरबान हो गया है। बीते दो दिनों से हो रही रुक-रुक कर मूसलाधार बारिश ने इलाके को भिगो दिया है। मौसम विभाग के अनुसार,यह बारिश बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवात का प्रभाव है,जो ओडिशा होते हुए छत्तीसगढ़ से एमपी और यूपी की ओर बढ़ रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि चक्रवात का असर अगले 24 घंटे तक रह सकता है। इसके बाद भी मानसून की विदाई तक बारिश की संभावना बनी रहेगी। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार इस बार मानसून की विदाई 10 से 15 अक्टूबर के बीच संभव है। जब तक मानसून पूरी तरह विदा नहीं होता, तब तक छिटपुट बारिश होती रहेगी। इस समय हो रही बारिश को खेती के लिहाज से काफी फायदेमंद बताया जा रहा है। खासकर धान की फसल के लिए यह बारिश वरदान साबित हो रही है। धान की बाली निकलने का समय चल रहा है और इस वक्त पर्याप्त नमी मिलना फसल की गुणवत्ता और उत्पादन दोनों के लिए जरूरी होता है। किसानों का कहना है कि यह बारिश उनके लिए संजीवनी साबित हो रही है। लगातार सूखे जैसी स्थिति की आशंका अब दूर होती नजर आ रही है, जिससे कृषि पर निर्भर हजारों परिवारों को राहत मिली है। हालांकि,लगातार बारिश से कुछ निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बनी है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। नगर निगम द्वारा नालों की सफाई न होने के कारण पानी सडकों पर बहता नजर आया। इसके बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में लोग राहत महसूस कर रहे हैं,क्योंकि लंबे समय से सूखे की मार झेल रहे इलाके अब हरियाली की ओर लौट रहे हैं। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि अगले 24 घंटों तक सतर्क रहें और अनावश्यक यात्रा से बचें। खासकर नदी-नालों के पास न जाने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने भी अलर्ट मोड में रहकर हालात पर नजर बनाए रखने की बात कही है। इस प्रकार,चक्रवाती प्रभाव से हुई बारिश जहां एक ओर फसलों के लिए राहत बनकर आई है,वहीं आम जनजीवन के लिए थोड़ी मुश्किलें भी लेकर आई है। अब सबकी नजरें मानसून की विदाई पर टिकी हैं।


Share

Check Also

बलरामपुर @एनएच-343 पर परिवहन व यातायात विभाग की संयुक्त कार्रवाई

Share बिना परमिट चल रही स्कूल बस जब्त,10 हजार रुपये का चालानबलरामपुर ,22 अप्रैल 2026 …

Leave a Reply