पहला नेशनल अवॉर्ड लेकर भावुक दिखे शाहरुख,उन्हें और विक्रांत को बेस्ट एक्टर,रानी मुखर्जी को बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड
नई दिल्ली,23 सितम्बर 2025 (ए)। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में मंगलवार को 71वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स दिए गए। शाहरुख खान, विक्रांत मैसी को बेस्ट एक्टर और रानी मुखर्जी को बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड मिला। मलयाली एक्टर मोहनलाल को फिल्म जगत में उनके योगदान के लिए हिंदी सिनेमा के सबसे गौरवपूर्ण दादासाहेब फाल्के अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें शॉल पहनाई और गोल्डन लोटस अवॉर्ड दिया। इस दौरान मोहनलाल को स्टैंडिंग ओवेशन मिला।
सिनेमा मेरी आत्मा की धड़कन है : मोहनलाल
यह मेरे लिए महान गौरव और कृतज्ञता का पल है कि मैं आज यहां खड़ा हूं। मलयालम फिल्म इंडस्ट्री के प्रतिनिधि के रूप में यहां खड़ा होना मेरे लिए गौरवपूर्ण पल है। मैं अत्यंत विनम्र हूं कि मैं इस पुरस्कार का सबसे युवा प्राप्तकर्ता हूं और अपने राज्य से यह राष्ट्रीय मान्यता पाने वाला केवल दूसरा व्यक्ति हूं। यह पल सिर्फ मेरा नहीं है, यह पूरे मलयालम सिनेमा परिवार का है। सच कहूं तो, मैंने कभी इस पल का सपना देखने की हिम्मत भी नहीं की थी। अपने सबसे बड़े सपनों में भी नहीं। इसलिए यह सिर्फ कोई सपना सच होने जैसा नहीं है, यह उससे कहीं बड़ा, जादुई और पवित्र है। सिनेमा मेरी आत्मा की धड़कन है।
शाहरुख खान, विक्रांत मैसी को बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड : शाहरुख खान को फिल्म जवान और विक्रांत मैसी को फिल्म 12वी फेल के लिए बेस्ट एक्टर का नेशनल अवॉर्ड मिला है। मंच पर पहुंचे शाहरुख खान ने हाथ जोड़कर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का अभिवादन किया। अवॉर्ड लेते हुए वो भावुक नजर आए। रानी मुखर्जी को मिसेज चटर्जी वर्सेस नॉर्वे के लिए बेस्ट एक्ट्रेस का नेशनल अवॉर्ड मिला। ये शाहरुख,विक्रांत और रानी तीनों के करियर का पहला नेशनल अवॉर्ड है। रानी मुखर्जी को फिल्म मिसेज चटर्जी वर्सेस नॉर्वे के लिए अवॉर्ड मिला। मलयाली एक्ट्रेस उर्वशी को ओलूझुक्कू के लिए बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस का नेशनल अवॉर्ड दिया गया है, ये अवॉर्ड उन्होंने वश (गुजराती) फिल्म एक्ट्रेस जानकी बोड़ीवाला से साझा किया है।
शाहरुख के नेशनल अवॉर्ड जीतने पर बेटी सुहाना की भावुक पोस्ट
सुहाना खान ने शाहरुख की सिल्वर लोटस अवॉर्ड पहने हुए एक तस्वीर पोस्ट की है। इसके साथ उन्होंने लिखा है, आप हमेशा कहते थे कि सिल्वर कभी जीता नहीं जाता, गोल्ड ही खोया जाता है, लेकिन यह सिल्वर तो हमारे लिए गोल्ड है। आपको यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त करते हुए देखकर हमारे दिल भर आए हैं। बधाई हो पापा। हम आपसे बहुत प्यार करते हैं।
वैभवी मर्चेंट और शिल्पा राव ने भी लिया अवॉर्ड
शाहरुख खान की फिल्म जवान के गाने चलेया के लिए शिल्पा राव को बेस्ट फीमेल प्लेबैक सिंगर का नेशनल अवॉर्ड मिला। इसके अलावा फिल्म रॉकी और रानी की प्रेम कहानी के गाने ढिंढोरा बाजे रे के लिए वैभवी मर्चेंट को बेस्ट कोरियोग्राफी अवॉर्ड मिला है।
बेस्ट हिंदी फिल्म बनी सान्या मल्होत्रा की कटहल
साल 2023 में रिलीज हुई सान्या मल्होत्रा स्टारर फिल्म कटहल को बेस्ट हिंदी फिल्म का नेशनल अवॉर्ड मिला है। इस फिल्म के लिए डायरेक्टर यशोवर्धन मिश्रा अवॉर्ड लेने पहुंचे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur