Breaking News

अंबिकापुर@अग्रसेन जयंती पर बहरूपिया प्रतियोगिता में दिखी सांस्कृतिक झलक

Share

अंबिकापुर,17 सितम्बर 2025 (घटती-घटना)। शहर की सडकों पर सोमवार को उस समय हलचल मच गई जब अचानक राक्षस, चुड़ैल, भूत और बाबा जैसे किरदारों ने लोगों को चौंका दिया। कोई भिखारी बना था तो कोई स्पाइडरमैन की तरह छतों और गाडिय़ों पर चढ़ता नजर आया। यह नज़ारा किसी फिल्मी सीन का हिस्सा नहीं, बल्कि अग्रसेन जयंती महोत्सव के अंतर्गत आयोजित बहरूपिया प्रतियोगिता का था, जिसे अग्रवाल सभा, अंबिकापुर द्वारा भव्य रूप से आयोजित किया गया।
प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी बहरूपिया प्रतियोगिता ने शहरवासियों का भरपूर मनोरंजन किया। समाज के बच्चों, युवाओं और महिलाओं ने विभिन्न रूप धरकर शहर के मुख्य मार्गों पर सांस्कृतिक रैली निकाली। गुरुनानक चौक से प्रारंभ हुई यह रैली महामाया चौक, सदर रोड, अग्रसेन चौक होते हुए पुन: अग्रसेन चौक पर समाप्त हुई। बहरूपिया प्रतियोगिता में एक ओर जहां राक्षस, चुड़ैल और भूत बनकर प्रतिभागियों ने लोगों को डराया, वहीं दूसरी ओर लक्ष्मी किन्नर बने प्रतिभागी ने लोगों को दुआएं देकर धार्मिक आस्था का भाव भी जगाया। एक छोटा बच्चा जब भिखारी बनकर सडकों पर लोगों से भीख मांगता नजर आया, तो लोगों को उसकी कला देखकर हैरानी भी हुई और सराहना भी मिली। प्रतियोगिता में बाबा बने युवाओं ने टोटके कर दिखाए, तो माता काली के रूप में आई महिला को देखकर श्रद्धालु आशीर्वाद लेते नजर आए। स्पाइडरमैन बने कलाकार ने अपने करतबों से बच्चों को खासा प्रभावित किया। एक प्रतिभागी ने पागल का रूप धारण कर लोगों को हंसी में झकझोर दिया। पूरा माहौल एक जीवंत रंगमंच में तब्दील हो गया था, जहां हर मोड़ पर नया दृश्य और नया चरित्र देखने को मिल रहा था।
बच्चों से लेकर महिलाओं तक के लिए आयोजन
अग्रसेन जयंती महोत्सव केवल बहरूपिया प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रहा। मंगलवार को अंताक्षरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें विभिन्न टीमों ने अपनी गायन प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों के लिए रंग भरो प्रतियोगिता आयोजित की गई जिसमें सैकड़ों बच्चों ने भाग लेकर अपनी कल्पनाशक्ति और रंगों के प्रति लगाव को दर्शाया। इसके अलावा कबड्डी और फैमिली गेम प्रतियोगिता ने भी सभी आयु वर्ग के लोगों को एक मंच पर लाकर पारिवारिक और खेल भावना को बढ़ावा दिया।
महिलाओं की सक्रिय भागीदारी
कार्यक्रमों में महिलाओं की भी विशेष भागीदारी रही। शादी का सूटकेस सजाओ, म्यूजिकल हाउजी और सीन प्ले प्रतियोगिता जैसी गतिविधियों में महिलाओं और बालिकाओं ने पूरे उत्साह से भाग लिया। सीन प्ले प्रतियोगिता में पुराने ज़माने के सामाजिक और पारिवारिक दृश्यों को मंचित किया गया, जिसने दर्शकों को अतीत की झलक दी।
आयोजन में कई पदाधिकारी रहे सक्रिय
इस विशाल आयोजन को सफल बनाने में अग्रवाल सभा के पदाधिकारियों की महती भूमिका रही। कार्यक्रम में सभा अध्यक्ष संजय मित्तल,उपाध्यक्ष शुभम अग्रवाल, सचिव संजय अग्रवाल, सहसचिव घनश्याम गर्ग, कोषाध्यक्ष सुभाष अग्रवाल,लेखापरीक्षक संजय जालान,सलाहकार मनोज जैन,प्रवक्ता मनोज अग्रवाल, भोजन प्रभारी विनोद अग्रवाल, अनिल अग्रवाल, हेमंत अग्रवाल, अमरजीत अग्रवाल, आशीष तायल, विजय बंसल, जन्म अग्रवाल विशेष रूप से सक्रिय रहे। वहीं युवा मंच अध्यक्ष यश गर्ग, महिला सभा अध्यक्ष सीमा अग्रवाल, अश्विनी गर्ग, सचिन अग्रवाल, आयुष अग्रवाल, विमला अग्रवाल, ममता गोयल, नीलिमा गोयल, लक्ष्मी अग्रवाल, सेनु अग्रवाल, रंजीता गर्ग, गरिमा अग्रवाल, ममता जैन, शारदा गर्ग तथा युवती मंच की अध्यक्ष सीखा अग्रवाल, युक्ति गोयल, साक्षा गोयल, वैशाली गोयल सहित कई अन्य सदस्य आयोजन को सफल बनाने में जुटे रहे।


Share

Check Also

बलरामपुर @एनएच-343 पर परिवहन व यातायात विभाग की संयुक्त कार्रवाई

Share बिना परमिट चल रही स्कूल बस जब्त,10 हजार रुपये का चालानबलरामपुर ,22 अप्रैल 2026 …

Leave a Reply