Breaking News

अमृतसर/गुरदासपुर@पंजाब में बाढ़ प्रभावितों से मिले राहुल गांधी,अमृतसर में डूबी

Share


फसलें-टूटे घर देखे,गुरदासपुर में पाक बॉर्डर से सटे गांवों में नहीं गए
अमृतसर/गुरदासपुर,15 सितम्बर 2025 (ए)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी पंजाब दौरे पर रहे। वह सुबह करीब साढ़े 9 बजे अमृतसर एयरपोर्ट पर पहुंचे,जिसके बाद वह घोनेवाल गांव रवाना हुए। यहां उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात की और डूबी फसलें व टूटे घर देखे। उन्होंने गुरुद्वारा बीड़ बाबा बुड्ढा साहिब में माथा भी टेका। इसके बाद वह गुरदासपुर के गुरचक्क गांव पहुंचे,जहां उन्होंने उस जगह का दौरा किया, जहां बांध टूटने से खेत और घर जलमग्न हो गए थे। उन्होंने किसानों से मुलाकात की और फिर ट्रैक्टर पर सवार होकर आधा किलोमीटर दूर खड़ी अपनी गाड़ी तक पहुंचे,जहां से वह पहले पैदल आए थे। इसके बाद उन्होंने दीनानगर में बाढ़ पीडि़तों से मुलाकात की। उन्हें पाकिस्तान बॉर्डर से सटे 7 गांवों में जाना था, लेकिन सुरक्षा कारणों से अधिकारियों ने उन्हें आगे न जाने की सलाह दी, जिसके बाद राहुल गांधी वापस चले गए। दोनों ही जिलों में राहुल ने मीडिया से कोई बात नहीं की। राहुल के साथ पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वडि़ंग, पंजाब कांग्रेस इंचार्ज भूपेश बघेल और विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा भी मौजूद रहे। पंजाब में बाढ़ से 23 जिलों के 2 हजार 97 गांव प्रभावित हुए हैं, और लगभग 1 लाख 91 हजार 926 हेक्टेयर में फसलें डूब गईं। 15 जिलों में 52 लोगों की मौत हो चुकी है। 6 दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंजाब का दौरा किया था और हालात को देखते हुए पंजाब को 1600 करोड़ रुपए देने का ऐलान किया था, जिसे पंजाब की मान सरकार ने नाकाफी बताया था।
रावी नदी का बांध ठीक कराएंगे : राहुल
गुरदासपुर के गुरचक्क गांव के हरजिंदर सिंह ने कहा कि राहुल गांधी ने रावी नदी के ऊपर का बांध ठीक कराने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि वे दिल्ली में जाकर इसका मुद्दा उठाएंगे। हमारे गांव की 700 एकड़ जमीन जलमग्न हो गई है। राहुल गांधी से पहले कोई विधायक या मंत्री यहां नहीं आए।
राहुल ने बड़े ध्यान से बात सुनी
गुरचक्क गांव के ही गुरमुख सिंह ने कहा कि राहुल गांधी से हमारी यही बात हुई है कि रावी नदी के बांध को मजबूत किया जाए, क्योंकि हर साल हमें इससे नुकसान होता है। इस गांव में आम आदमी पार्टी का कोई नेता नहीं पहुंचा। राहुल गांधी ने बड़े ध्यान से किसानों की बात सुनी।


Share

Check Also

उज्जैन@ उज्जैन में मॉडल हर्षा रिछारिया ने लिया संन्यास

Share अब स्वामी हर्षानंद गिरि के नाम से जानी जाएंगी,पिंडदान के साथ त्यागा पिछला जीवनउज्जैन,19 …

Leave a Reply