Breaking News

पंजाब/हिमाचल@पीएम मोदी ने पंजाब को 1600 करोड़ रूपए दिए

Share


आप सरकार बोली…ये मजाक,जख्मों पर नमक छिड़का, हिमाचल को 1500 करोड़ मिलेंगे

पंजाब/हिमाचल,09 सितम्बर 2025 (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार (9 सितंबर) को हिमाचल और पंजाब के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हेलिकॉप्टर से हवाई सर्वे किया। दोनों राज्यों के लिए उन्होंने कुल 3100 करोड़ रुपए की सहायता राशि का ऐलान किया। इसके अलावा, मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपए दिए जाएंगे। गुरदासपुर में पीएम मोदी ने 19 किसानों, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ टीम से बातचीत की। मंत्रियों व अधिकारियों के साथ बैठक के बाद उन्होंने पंजाब को 1600 करोड़ रुपए देने का ऐलान किया। इस पर पंजाब के मंत्री बरिंदर गोयल ने कहा कि ये बहुत बड़ा मजाक है। वहीं आप प्रदेशाध्यक्ष अमन अरोड़ा ने कहा- केंद्र ने पंजाबियों के जख्मों पर नमक छिड़का है। इससे पहले प्रधानमंत्री ने कुल्लू, मंडी और चंबा में हुए नुकसान का सर्वे किया। कांगड़ा में बैठक में अधिकारियों से प्रेजेंटेशन लिया और 1500 करोड़ रुपए की मदद का ऐलान किया। बैठक में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी मौजूद रहे। यहां पीएम ने 18 प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मंडी की एक साल की बच्ची नितिका को टॉफी दी और फिर उसे गोद में उठाया। नितिका के माता, पिता और दादी की 30 जून को मंडी में बादल फटने से आई बाढ़ में मौत हो गई थी। पंजाब आम आदमी पार्टी के प्रधान अमन अरोड़ा ने बताया कि शुरूआती अनुमान के मुताबिक 20 हजार करोड़ का नुकसान बाढ़ से हुआ है। प्रधानमंत्री ने पंजाबियों के जख्मों पर नमक छिड़का है। जब उनसे पूछा गया कि प्रधानमंत्री ने कहा कि 12 हजार करोड़ पहले ही पैकेज दिया है। इस पर उन्होंने कहा कि पंजाब सीएम ने दस दिन पहले ही इस फंड के प्रयोग बारे में नियम सरल करने के लिए पीएम को पत्र लिखा था। पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वडि़ंग ने कहा कि हम सोच रहे थे कि देश के प्रधानमंत्री आ रहे हैं, पंजाब को बड़ी राहत मिलेगी। लेकिन ये ऊंट के मुंह में जीरे वाली बात है। उन्होंने कहा कि 1600 करोड़ अनाउंस हुआ है। पता नहीं कब मिलेगा। इस बार नुकसान बहुत ज्यादा हुआ है। उन्होंने कहा कि मीडिया में आया है कि 2.53 लाख पशु प्रभावित हुए हैं। लेकिन कुछ नहीं मिला है। वडि़ंग ने कहा कि करोड़ों रुपए तो हमारे यहां कलाकारों, धार्मिक संस्थाओं ने खर्च कर दिए हैं। पंजाब के कैबिनेट मंत्री बरिंदर गोयल ने राहत पैकेज पर कहा कि यह बहुत बड़ा मजाक है। इन्होंने जमीन पर जाकर देखा नहीं, हवाई सर्वे किया। इसका मतलब यह है कि एक गांव को एक करोड़ रुपए दिया है। एक करोड़ से एक किलोमीटर सड़क नहीं बनती है। जो यह व्यवहार करते आए हैं, इन्होंने पंजाब के साथ आज भी वैसे ही किया है।

वहीं, जो 12 हजार करोड़ रुपए की यह बात कर रहे हैं, उसे हमें प्रयोग करने की अनुमति नहीं देते हैं। उस पर भी यह कुंडली मारकर बैठे हुए हैं। गोयल ने कहा कि हमने केंद्र से 3 मांगें की थी। पहली में 20 हजार करोड़ रिलीफ फंड मांगा था। दूसरी में 60 हजार करोड़ रुपए बकाया मांगा था। जबकि तीसरी में 12 हजार करोड़ रुपए खर्च करने संबंधी कुछ शर्तों में राहत देने की मांग की थी। लेकिन यह नई चीज लेकर आए।
किसान बोले- 2023 का मुआवजा नहीं मिला
पंजाब भाजपा के प्रधान सुनील जाखड़ ने बताया कि करीब 30 मिनट तक प्रधानमंत्री ने किसानों से मीटिंग की। किसानों ने पीएम को बताया कि उन्हें 2023 का अभी तक मुआवजा नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि पंजाब के सीएम भगवंत मान ठीक होते, तो वह मजबूती से अपना पक्ष रख सकते थे। अब पीएम अधिकारियों से मीटिंग कर रहे हैं। उसके बाद ही पीएम द्वारा राशि का ऐलान किया जाएगा।


Share

Check Also

वडोदरा@वडोदरा के वरिष्ठ भाजपा विधायक योगेश पटेल का निधन,8 बार रहे विधायक

Share वडोदरा,02 जून 2026। गुजरात के वडोदरा जिले की मांजलपुर विधानसभा सीट से भारतीय जनता …

Leave a Reply