सांसदों की मॉकपोल ट्रेनिंग,बीजेडी और केसीआर की पार्टी चुनाव में शामिल नहीं होंगी
नई दिल्ली,08 सितम्बर 2025 (ए)। उपराष्ट्रपति के लिए आज मतदान होगा। उसी दिन शाम तक नतीजे घोषित होंगे। इसके साथ ही देश को 50 दिन बाद जगदीप धनखड़ की जगह नया उपराष्ट्रपति मिलेगा। 21 जुलाई को धनखड़ के अचानक इस्तीफा देने के चलते चुनाव हो रहा है। एनडीए ने महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन और विपक्षी गठबंधन इंडिया ने सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जस्टिस सुदर्शन रेड्डी को उम्मीदवार बनाया है। आंकड़ों में एनडीए को स्पष्ट बढ़त है। हालांकि संसद में विपक्ष की मजबूती से पिछले दो दशक में पहली बार मुकाबला करीबी हो सकता है। इस बीच,केसीआर की पार्टी बीआरएस और ओडिशा के पूर्व सीएम नवीन पटनायक की पार्टी बीजेडी उपराष्ट्रपति चुनाव में किसी भी गठबंधन का समर्थन नहीं करेंगी। राज्यसभा में बीआरएस के 4 और बीजेडी के 7 सदस्य हैं। दिल्ली में भाजपा और विपक्ष अपने-अपने सांसदों को उपराष्ट्रपति पद के लिए वोटिंग प्रक्रिया समझाएंगे।
विपक्षी सांसदों ने मॉक पोल सेशन किया
दिल्ली के संसद भवन के सेंट्रल हॉल में सोमवार को विपक्षी दलों ने उपराष्ट्रपति चुनाव से एक दिन पहले बैठक और मॉक पोल सेशन किया। इसमें बड़े नेता सोनिया गांधी, अखिलेश यादव, मल्लिकार्जुन खड़गे, तेजस्वी यादव समेत तमाम विपक्षी सांसद मौजूद रहे। सभी विपक्षी सांसद मतदान प्रक्रिया में कोई गलती न करें इसलिए आज मॉक पोल सेशन के जरिए वोट डालने की पूरी प्रक्रिया को दोहराया गया। इस दौरान सांसदों को बैलेट पेपर पर वोट डालने से लेकर मतपेटी तक की हर एक प्रक्रिया समझाई गई।
चुनाव का शेड्यूल : सुबह 10
बजे वोटिंग,6 बजे नतीजे
मतदान 9 सितंबर, सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संसद भवन में होगा। वोटों की गिनती शाम 6 बजे से और तुरंत परिणाम घोषित होंगे। हर सांसद को विशेष पेन से बैलेट पर पहली वरीयता दर्ज करनी होगी। ऐसा न करने पर वोट अमान्य होगा। हर वोट का मूल्य एक समान होगा। 2017 में 11 और 2022 में 15 वोट अमान्य हुए थे।
नियम: लोकसभा व राज्यसभा के सदस्य देते हैं वोट
उपराष्ट्रपति पद के लिए लोकसभा व राज्यसभा के सदस्य वोट देते हैं। हालांकि इसके लिए व्हिप नहीं जारी हो सकती। सभी सांसद पार्टी लाइन पर वोट करें तो एनडीए उम्मीदवार राधाकृष्णन के 439 और विपक्ष के रेड्डी के 324 वोट माने जा रहे हैं। हालांकि गुप्त मतदान में क्रॉस वोटिंग दोनों तरफ से समीकरण बिगाड़ सकती है। इसलिए दोनों ओर से पूरी तैयारी की जा रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur