अंबिकापुर,27 अगस्त 2025(घटती-घटना)।लखनपुर थाना क्षेत्र के परसोढ़ी कला गांव में अमेरा ओपनकास्ट कोल माइंस के विस्तार को लेकर मंगलवार से तनाव की स्थिति बन गई है। एसईसीएल प्रबंधन द्वारा किसानों की खड़ी धान की फसल में बुलडोजर चलाए जाने से ग्रामीण भडक गए और विरोध तेज कर दिया। जानकारी के अनुसार इस क्षेत्र में 2001 में भूमि अधिग्रहण किया गया था। लेकिन अब तक केवल 19 किसानों ने ही मुआवजा लिया है। शेष किसानों को न तो मुआवजा मिला है और न ही नौकरी। मंगलवार को महेंद्र प्रसाद राजवाड़े और शिवपाल राजवाड़े की फसल पर बुलडोजर चला दिया गया। बुधवार को भी खुदाई का कार्य जारी रहा, लेकिन ग्रामीणों के भारी विरोध के चलते काम रोकना पड़ा।
ग्रामीणों का कहना है कि अब जमीन की कीमत कई गुना बढ़ चुकी है और उस समय नौकरी के लिए जिनका नाम प्रस्तावित था, वे अब उम्रदराज हो चुके हैं। वे चाहते हैं कि उनके बच्चों को नौकरी दी जाए। पूर्व जनपद सदस्य धर्मेंद्र झरिया ने आरोप लगाया कि एसईसीएल की मनमानी से किसानों की फसलें नष्ट हो रही हैं। जिन किसानों ने मुआवजा नहीं लिया, उनकी जमीन पर जबरन खुदाई की जा रही है। इस मामले पर एसईसीएल के वरिष्ठ अधिकारी केके भोई ने कहा कि जमीन का अधिग्रहण 2001 में ही हो चुका है और खेती न करने का नोटिस पहले ही दिया गया था। मुआवजा ट्रियूनल में जमा करने की अनुमति मिल चुकी है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur