Breaking News

लुण्ड्रा@दो दिन से लापता किसान का खेत में मिला शव,परिजन ने जताया हत्या की आशंका

Share



लुण्ड्रा,27 अगस्त 2025 (घटती-घटना)लुण्ड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत खाराकोना बरगीडीह में दो दिन से लापता एक किसान का शव बुधवार सुबह खेत में पड़ा मिला। उसके सिर, गले और पीठ पर गहरे चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस आगे की कार्रवाई के लिए पीएम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। जानकारी के अनुसार भादवा तिर्की (48 वर्ष) 25 अगस्त की सुबह खेत में काम करने के लिए फावड़ा लेकर घर से निकला था। वापस न आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। उसी दिन उसकी पत्नी जब खेत पहुंची, तो मेड़ पर फावड़ा पड़ा मिला, लेकिन भादवा का कोई पता नहीं चला। परिजन दो दिनों तक उसकी लगातार खोजबीन करते रहे। बुधवार सुबह भादवा के छोटे भाई को खेत में उसका शव पड़ा मिला। जो घर से करीब 300 मीटर दूर था। घटना की सूचना मिलने पर लुण्ड्रा थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। उसके सिर, गले और पीठ पर गहरे चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मधुमक्खियों के हमले में महिला की मौत,मवेशी चराने गई थी जंगल
-संवाददाता-
जयनगर,२७ अगस्त 2025 (घटती-घटना)।
जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत पहाडग़ांव के सतीपारा की एक महिला की मधुमक्खियों के हमले में मौत हो गई। मृतिका की पहचान 50 वर्षीय सोनकुंवर यादव,पति बुद्धू राम यादव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सोमवार को सोनकुंवर यादव पिलखा डेम के जंगल में मवेशी चराने गई थी। इसी दौरान अचानक मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को परिजन तत्काल अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही जिला पंचायत सदस्य नरेंद्र यादव मृतका के घर पहुंचे और परिजनों से मिलकर शोक संवेदना प्रकट की। उन्होंने लटोरी तहसीलदार से बात कर पीडि़त परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता राशि दिलाने की मांग की। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जंगल में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। वहीं प्रशासन ने घटना की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर से मिले 12 लाख के गांजा
बलरामपुर,२७ अगस्त 2025 (घटती-घटना)। बलरामपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र के दलधोवा में दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर से पुलिस ने करीब 12 लाख रुपये कीमत के सवा मि्ंटल गांजा की बड़ी खेप बरामद की। पुलिस ने बताया कि उक्त ट्रैक्टर मंगलवार की रात अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई जिसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। दुर्घटना के कारण ट्रैक्टर में बनाए गए चैंबर में टूट फूट होकर गांजे के पैकेट्स बिखरे हुए थे। पुलिस के अनुसार सवा मि्ंटल गांजा बताया जा रहा है। ओडिशा से गांजा लेकर झारखंड की ओर ले जाया जा रहा था। पुलिस ट्रैक्टर और गांजा को कजे में लेकर तस्करी के मामले में जांच शुरू कर दी है।
ग्राम पंचायत जामकानी में बिना लाइसेंस 90 बोरी यूरिया खाद के अवैध भंडारण पर कार्रवाई
-संवाददाता-
अंबिकापुर,२७ अगस्त 2025 (घटती-घटना)।
कृषि विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत जामकानी में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध यूरिया भंडारण का मामला उजागर किया है। टीम को निरीक्षण के दौरान शंभुनाथ मिश्रा पिता गया प्रसाद मिश्रा के आवास में गजेंद्र कुमार राय पिता रामाधार राय द्वारा 90 बोरी यूरिया खाद का अवैध भंडारण एवं विक्रय किए जाने की पुष्टि हुई। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि विक्रेता के पास आवश्यक लाइसेंस नहीं था और यूरिया खाद को अघोषित परिसर में संग्रहीत कर घोषित मूल्य से अधिक दर पर बेचा जा रहा था। सूचना मिलते ही अनुविभागीय कृषि अधिकारी सीतापुर श्रीमती अनीता एक्का, उर्वरक निरीक्षक श्री संतोष वेक, जिलास्तरीय निरीक्षण अधिकारी श्री जे. आलम, उर्वरक निरीक्षक श्री सोहन भगत और एसएडीओ रामदेव निराला व आरएईओ सुरेश पैकरा ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।

निरीक्षण दल ने तत्काल प्रभाव से 90 बोरी यूरिया खाद को जप्त कर बिक्री पर प्रतिबंध लगाते हुए परिसर को सील कर दिया है।

विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना लाइसेंस उर्वरक का भंडारण और अधिक मूल्य पर विक्रय करना कानूनन दंडनीय अपराध है तथा दोषियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


Share

Check Also

बलरामपुर @एनएच-343 पर परिवहन व यातायात विभाग की संयुक्त कार्रवाई

Share बिना परमिट चल रही स्कूल बस जब्त,10 हजार रुपये का चालानबलरामपुर ,22 अप्रैल 2026 …

Leave a Reply