अंबिकापुर,27अगस्त 2025 (घटती-घटना) बुधवार को गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर अंबिकापुर में 10 दिवसीय गणपति महोत्सव का शुभारंभ भक्ति,उल्लास और आस्थामय वातावरण के साथ हुआ। सुबह से ही घरों, मंदिरों और जगह-जगह बनाए गए भव्य पंडालों में गणपति बप्पा मोरया के जयघोष गूंजने लगे। श्रद्धालुओं ने विधिपूर्वक पूजा-अर्चना कर भगवान गणेश की प्रतिमाएं स्थापित कीं और सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मांगा। गणेश चतुर्थी को लेकर अंबिकापुर में विशेष उत्साह देखा गया। गणेशोत्सव की तैयारियां लगभग पंद्रह दिन पूर्व ही शुरू हो गई थीं। गणेश पंडालों की भव्यता, रंग-बिरंगी विद्युत सज्जा और सांस्कृतिक आयोजनों की तैयारियों ने पूरे शहर को एक अलग ही आभा प्रदान की है। बुधवार को जैसे ही सुबह पूजन का शुभ मुहूर्त हुआ, श्रद्धालु गणपति बप्पा की प्रतिमा स्थापित करने में जुट गए। शहर के प्रमुख मार्ग जैसे जयस्तंभ चौक,सदर रोड, देवीगंज रोड, ब्रह्म रोड, चांदनी चौक मायापुर, चर्च रोड केदारपुर,दरीपारा,महाराजा गली और गांधीनगर सहित अन्य क्षेत्रों में आकर्षक और भव्य पंडालों में गणेश प्रतिमाएं स्थापित की गईं हैं। इन स्थानों पर विशेष भीड़ देखी जा रही है। वहीं ग्रामीण अंचलों में भी छोटे-बड़े पंडालों में गणपति बप्पा की प्रतिमाएं विधिवत स्थापित कर पूजन-अर्चन प्रारंभ हो चुका है। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी शहर की प्रमुख पूजा समितियों ने सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की है। अगले कुछ दिनों में भजन संध्या, सुंदरकांड पाठ, धार्मिक प्रवचन और प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन मंडलियों और स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियां भी होंगी, जिससे माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहेगा। गणेशोत्सव के पहले दिन शाम को सभी पंडालों में सामूहिक आरती का आयोजन हुआ,जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। आरती के दौरान ढोल-नगाड़ों की धुन और शंख-घंटियों की आवाज से वातावरण गुंजायमान हो गया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर वर्ग के लोग उत्सव में भागीदारी निभा रहे हैं। एसईसीएल कॉलोनी, गांधी स्टेडियम क्षेत्र, नया बस स्टैंड और शहर के अन्य मोहल्लों में भी निजी स्तर पर गणेश प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। इन स्थानों पर भी श्रद्धालु पूरे उत्साह से पूजा-अर्चना कर रहे हैं। गणपति महोत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन ने भी विशेष तैयारी की है। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रमुख पंडालों के पास अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। साथ ही आयोजकों से भी सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित कराने को कहा गया है। पूरे दस दिनों तक चलने वाले इस गणपति महोत्सव का समापन अनंत चतुर्दशी को होगा, जब भव्य शोभायात्रा के साथ प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। फिलहाल पूरे अंबिकापुर शहर में गणपति बप्पा के स्वागत में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का माहौल देखने को मिल रहा है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur