Breaking News

अंबिकापुर@डिजिटल प्रणाली से मैन्युअल त्रुटियों की संभावना होगी खत्म

Share

अंबिकापुर,22 अगस्त 2025 (घटती-घटना)। पुलिस और शासकीय अस्पतालों के बीच समन्वय को सशक्त बनाने हेतु शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभाकक्ष में एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में आयोजित इस शिविर में मेडलीपीआर पोर्टल एवं सीसीटीएनएस प्रणाली से जुड़ी नवीन प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। मेडलीपीआर पोर्टल एक सुरक्षित ऑनलाइन प्रणाली है, जो थाना और शासकीय अस्पतालों के बीच मेडिको-लीगल रिपोर्ट (एमएलआर) और पोस्टमार्टम रिपोर्ट (पीएमआर) के आदान-प्रदान को डिजिटल रूप में संभव बनाता है। यह पोर्टल क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम (सीसीटीएनएस) से एकीकृत है,जिससे रिपोर्टिंग प्रक्रिया तेज,पारदर्शी और सटीक बनती है। प्रशिक्षण में जिले के सभी थानों-चौकियों के सीसीटीएनएस प्रभारी अधिकारी-कर्मचारी, जिला अस्पताल के डॉक्टरों व कंप्यूटर ऑपरेटरों ने भाग लिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों ने प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डिजिटल प्रणाली से मैन्युअल त्रुटियों की संभावना खत्म होती है और रिपोर्टिंग में सटीकता बनी रहती है। साथ ही, यह एक सुरक्षित प्रणाली है,जो मेडिकल डेटा की गोपनीयता सुनिश्चित करती है। प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि अब थाना स्तर पर एमएलआर व पीएमआर को सीसीटीएनएस के माध्यम से ऑनलाइन शासकीय अस्पतालों को भेजा जाएगा। इसके जवाब में अस्पताल द्वारा रिपोर्ट मेडलीपीआर पोर्टल के माध्यम से सीधे थाने में अपलोड की जाएगी। इससे रिपोर्ट मिलने में लगने वाला समय घटेगा और जांच प्रक्रिया में तेजी आएगी। शिविर में डॉक्टर डॉ. संटू बाघ, डॉ. रवि किरण तिर्की,डॉ. मिथलेश, आरक्षक प्रदीप केरकेट्टा समेत जिले के समस्त थाना-चौकी के अधिकारी-कर्मचारी एवं जिला अस्पताल के कंप्यूटर ऑपरेटर उपस्थित रहे।


Share

Check Also

अंबिकापुर@भू-राजस्व संहिता संशोधन को लेकर अधिवक्ता ने उठाए सवाल

Share मुख्य सचिव से की हस्तक्षेप की मांग, कहा- 28 अप्रैल 2026 से पहले के …

Leave a Reply