मनोज सिन्हा समेत ये नाम लिस्ट में सबसे ऊपर
नई दिल्ली,16 अगस्त 2025 (ए)। बीजेपी संसदीय बोर्ड की रविवार की शाम को होने वाली बैठक में एनडीए के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के नाम पर फैसला लिया जा सकता है। बीजेपी और उसकी सहयोगी पार्टियों के बीच 7 अगस्त को हुई मीटिंग में एनडीए के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार को चुनने का अधिकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को दिया गया है। उम्मीदवार के नाम पर सहमति बन जाने के बाद बीजेपी अपने सहयोगी दलों को इसकी जानकारी देगी।
सूत्रों का कहना है कि एनडीए संसदीय दल की बैठक 19 अगस्त को संसद परिसर स्थित संसद पुस्तकालय भवन में होगी। इस पद के लिए होने वाले चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 21 अगस्त है। उपराष्ट्रपति पद के लिए विपक्ष भी
अपना साझा उम्मीदवार घोषित कर सकता है।
यदि विपक्ष भी अपने उम्मीदवार की घोषणा करता है तो अगले महीने 9 सितंबर को चुनाव होगा। हालांकि एनडीए को निर्वाचक मंडल में पूर्ण बहुमत हासिल है, जिसमें लोकसभा और राज्यसभा के सदस्य शामिल हैं। मुकाबले की स्थिति में सत्तारूढ़ गठबंधन के उम्मीदवार की जीत की पूरी-पूरी संभावना है। सूत्रों का कहना है कि विपक्षी गठबंधन इंडिया के नेता उपराष्ट्रपति चुनाव के उम्मीदवार पर फैसला करने के लिए अगले एक-दो दिन में बैठक कर सकते हैं।
उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए क्या है शेड्यूल
विपक्ष की ओर से उम्मीदवार उतारे जाने की स्थिति में उपराष्ट्रपति के चुनाव के लिए 9 सितंबर को वोटिंग होगी और उसी दिन मतगणना भी होगी। उपराष्ट्रपति पद के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 21 अगस्त है। 25 अगस्त तक नाम वापस लिया जा सकता है। मानसून सत्र की शुरुआत के समय ही जगदीप धनखड़ ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए 21 जुलाई की रात को अचानक देश के उपराष्ट्रपति के पद से इस्तीफा दे दिया था। जगदीप धनखड़ का कार्यकाल 10 अगस्त 2027 तक था।
सात अगस्त को एनडीए नेताओं की संसद भवन में हुई बैठक में उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी अध्यक्ष जे पी नड्डा को अधिकृत किया गया था, उसके बाद से ही बीजेपी के शीर्ष नेताओं के बीच बैठकों का सिलसिला चल रहा है और संभावित उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा हो रही है।
क्या इस बार भी सरप्राइज करेगी बीजेपी
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि जिस तरीके से जगदीप धनखड़ का इस्तीफा हुआ है,उससे बीजेपी के लिए स्थिति थोड़ा असहज जरूर हो गई है। बीजेपी नेतृत्व नहीं चाहता है कि ऐसी नौबत दोबारा आए। अब पार्टी फूंक-फूंक कर कदम रख रही है। ऐसे में अब बीजेपी संगठन या सरकार के अपने किसी अनुभवी नेता को ही उपराष्ट्रपति का उम्मीदवार बनाएगी। जिन कुछ नामों का जिक्र हो रहा है,उनमें गुजरात,कर्नाटक,सिक्किम और बिहार के राज्यपाल के नाम शामिल हैं,वहीं जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और दिल्ली के उपराज्यपाल वी के सक्सेना का नाम भी सामने आया है।
नामांकन के समय एनडीए का शक्ति प्रदर्शन
ऐसी उम्मीद जताई जा रही है कि उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए एनडीए उम्मीदवार के नामांकन के समय शक्ति प्रदर्शन भी देखने को मिलेगा। नामांकन के समय एनडीए के सभी मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के मौजूद रहने की संभावना है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur