पीएम मोदी बोले…साइकिल लेकर भाग जाएंगे सपा वाले…
वाराणसी,02 अगस्त 2025 (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी में पीएम-किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त जारी करते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) और विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर किसानों के हितों की अनदेखी का आरोप लगाया और अपनी सरकार की उपलब्धियों को गिनाया।
पीएम-किसान सम्मान निधि
वाराणसी में आयोजित एक कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा,पहले की सरकारों में किसानों के लिए घोषणाएं तो होती थीं, लेकिन उन्हें पूरा करना मुश्किल था। हमारी सरकार जो कहती है,उसे करके दिखाती है।पीएम-किसान सम्मान निधि इसका जीता-जागता उदाहरण है। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत अब तक देशभर के किसानों के खातों में लगभग 4 लाख करोड़ रुपये हस्तांतरित किए जा चुके हैं, जिसमें से उत्तर प्रदेश के किसानों को 90,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि मिली है।
पीएम मोदी का सपा पर तंज
प्रधानमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर विशेष रूप से निशाना साधते हुए कहा,हमारी सरकार कृषि अर्थव्यवस्था में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए ‘लखपति दीदी’ अभियान चला रही है।
हमारा लक्ष्य 3 करोड़ लखपति दीदी
बनाने का है। यह आंकड़ा सुनकर सपा वाले अपनी साइकिल लेकर भाग जाएंगे। इस बयान से उन्होंने सपा के चुनाव चिह्न ‘साइकिल’ पर चुटकी लेते हुए उनकी कार्यशैली पर सवाल उठाए।
पीएम मोदी ने दिया विकास का मंत्र…जो जितना पिछड़ा,उसे उतनी प्राथमिकता,
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी (काशी) में जनसभा को संबोधित करते हुए विकास का मंत्र दिया-जो जितना पिछड़ा,उसे उतनी ज्यादा प्राथमिकता। इस दौरान उन्होंने 2183 करोड़ रुपये की 52 परियोजनाओं की सौगात दी, जिसमें सड़क,स्वास्थ्य,शिक्षा,खेल,पर्यटन और बुनियादी ढांचे से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं। साथ ही,उन्होंने पीएम किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त जारी की,जिसके तहत 9.70 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में 20,500 करोड़ रुपये डीबीटी के जरिए हस्तांतरित किए गए।
ऑपरेशन सिंदूर पर विपक्ष को घेरा
पीएम मोदी ने हाल ही में हुए ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि भारत ने पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों को तबाह कर दुनिया को अपना रौद्र रूप दिखाया। भारत पर जो वार करेगा,वह पाताल में भी नहीं बचेगा। यह नया भारत है, जो भोलेनाथ को पूजता है और दुश्मनों के सामने काल भैरव बन जाता है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर की सफलता से कुछ लोगों के पेट में दर्द हो रहा है,जो भारत की ताकत को पचा नहीं पा रहे।
काशी को विकास की सौगात
पीएम ने वाराणसी के लिए 2183 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें सड़क, स्वास्थ्य,शिक्षा, खेल और पर्यटन से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि काशी का विकास भारत के विकास का मार्ग प्रशस्त करेगा। हमारी सरकार जो कहती है,वह करके दिखाती है। काशी आज विकास की नई ऊंचाइयों को छू रही है।
पीएम मोदी ने किसानों के लिए 20 वीं किस्त का ऐलान
कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने देश के 9.7 करोड़ से अधिक किसानों के लिए 20,500 करोड़ रुपये की 20वीं किस्त जारी की। वाराणसी के 2.21 लाख किसानों को इस राशि का लाभ मिला। इससे पहले 18 जून 2024 को 9.26 करोड़ किसानों के खातों में सम्मान निधि भेजी गई थी।
किसानों के लिए सरकार की प्रतिबद्धता
पीएम ने अपनी सरकार की किसान हितैषी नीतियों पर जोर देते हुए कहा कि उनकी सरकार ने हमेशा किसानों के कल्याण को प्राथमिकता दी है। उन्होंने विपक्ष पर झूठ की राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि उनकी सरकार का लक्ष्य न केवल किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना भी है।
काशी में सीएम योगी ने कहा…प्रधानमंत्री दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार सुबह अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचे। सेवापुरी स्थित बनौली गांव में उनका भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री की लोकप्रियता और उनके नेतृत्व में हो रहे भारत के बदलाव पर बड़ा बयान दिया। सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता हैं। वे सिर्फ भारत के नहीं, बल्कि वैश्विक मंच पर भी देश का गौरव बढ़ा रहे हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur