ऑपरेशन सिंदूर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का बयान…सेना ने 22 मिनट में 100 आतंकियों को मार गिराया
नई दिल्ली,28 जुलाई 2025 (ए)। लोकसभा में सोमवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर चर्चा की शुरुआत करते हुए कहा कि यह भारत की सैन्य शक्ति और निर्णायक नेतृत्व का प्रतीक है। उन्होंने कहा, हमने आतंकियों से हमारी माताओं-बहनों के सिंदूर का बदला लिया। सेना ने पाकिस्तान में घुसकर 9 आतंकी ठिकानों को नष्ट कर दिया और 100 से अधिक आतंकी व हैंडलर मारे गए। राजनाथ सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई केवल 22 मिनट में पूरी की गई और इसमें सेना के तीनों अंगों -थल, वायु और नौसेना ने समन्वय के साथ हिस्सा लिया। संसद में हंगामे के बीच एसआईआर विवाद पर विपक्ष के विरोध के बाद दोपहर 2ः05 बजे शुरू हुई ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर चर्चा इससे पहले, लोकसभा की कार्यवाही बिहार में वोटर वेरिफिकेशन से जुड़े ‘स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन’के मुद्दे पर विपक्षी हंगामे के चलते तीन बार स्थगित करनी पड़ी। आखिरकार दोपहर 2ः 05 बजे ‘ऑपरेशन सिंदूर’पर बहुप्रतीक्षित चर्चा शुरू हो सकी।
राजनाथ सिंह ने चर्चा शुरू करते हुए कहा कि वह सभी दलों का धन्यवाद करते हैं जिन्होंने इस ऐतिहासिक सैन्य अभियान पर संसद में चर्चा की सहमति दी।
ऑपरेशन सिंदूर ट्राई सर्विस कोऑर्डिनेशन का श्रेष्ठ उदाहरण…
थल, वायु और नौसेना ने मिलकर दिया पाकिस्तान को जवाब,समुद्र से लेकर जमीन तक दिखाया दम रक्षा मंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर भारतीय सेनाओं की एकजुटता और रणनीतिक कौशल का प्रमाण है। उन्होंने बताया कि नौसेना ने उत्तरी समुद्र क्षेत्र में तैनाती मजबूत की, जबकि वायुसेना ने मुरीदके और बहावलपुर में आतंकियों के अड्डों को निशाना बनाया। राजनाथ सिंह ने कहा, हमारी कार्रवाई पूरी तरह आत्मरक्षा में थी। पाकिस्तान की ओर से इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर सहित कई उकसावे किए गए, जिनका मुंहतोड़ जवाब दिया गया।
दुश्मन को अंधेरे में भी मात दी
रक्षा मंत्री ने बताया कि रात के अंधेरे में ऑपरेशन को अंजाम देने के बावजूद सेनाओं ने सभी सबूत इकट्ठा
किए और उन्हें प्रेस ब्रीफिंग के माध्यम से सार्वजनिक किया। भारत के डीजीएमओ ने पाकिस्तान के डीजी एमओ से रात 1ः35 बजे बात कर इस कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत की ओर से की गई यह कार्रवाई ‘एस्केलेटरी’ नहीं थी, बल्कि सटीक और नियंत्रित थी।
पीएम मोदी ने सेना को दी खुली छूट
रक्षा मंत्री ने बताया कि 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 निर्दोष लोगों की जान गई थी। हमलावरों ने धर्म पूछकर लोगों को मारा था, जो भारत की सहनशक्ति की गंभीर परीक्षा थी। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेनाओं को पूरी छूट दी कि वे सटीक और निर्णायक कार्रवाई करें।
सिंदूर की लाली,भारत के शौर्य की कहानी
अपने संबोधन के अंत में राजनाथ सिंह ने कहा, यह सिंदूर की लाली शौर्य की कहानी है, भारत के मस्तक पर वीरता की निशानी है। उन्होंने वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि दी और कहा कि यह ऑपरेशन भारत की ताकत, धैर्य और संकल्प का परिचय है, जो दुश्मनों को हर मोर्चे पर जवाब देने में सक्षम है।
राजनाथ बोले आईएसआई के समर्थन से पले-बढ़े थे आतंकी
100 से अधिक आतंकियों, ट्रेनरों और हैंडलरों का सफाया, पाकिस्तान के नागरिकों को नुकसान नहीं पहुंचाया गया रक्षा मंत्री ने बताया कि ऑपरेशन के दौरान इस बात का विशेष ध्यान रखा गया कि पाकिस्तान के आम नागरिकों को कोई क्षति न हो। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई इन आतंकियों को खुला समर्थन दे रही थी, लेकिन भारतीय सेना ने केवल टारगेटेड स्ट्राइक कर आतंकी अड्डों को खत्म किया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur