Breaking News

अम्बिकापुर@ दिनदहाड़े होटल संचालक व स्टाफ पर लाठी-डंडों से हमला,बदमाशों के हौसले बुलंद

Share


जिला न्यायालय के सामने हुई घटना,पुलिस
अधीक्षक आवास से चंद कदमों की दूरी पर वारदात


अम्बिकापुर,09 जुलाई 2025 (घटती-घटना)
। शहर के हृदयस्थल में स्थित वेलकम होटल संचालक,उसके परिजन व सुरक्षा गार्ड पर दिनदहाड़े लाठी-डंडों से हमला कर बदमाशों ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिया हैं। यह पूरी घटना जिला न्यायालय और गांधी चौक के सामने हुई,जो कि हर समय पुलिस की निगरानी में रहता है। खास बात यह कि घटनास्थल से पुलिस अधीक्षक का आवास महज कुछ दूरी पर है,बावजूद इसके बदमाशों ने बेखौफ होकर लाठियां बरसाईं और फरार हो गए। मामले में कोतवाली पुलिस ने 4 नामजद सहित अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है,जिसमें आरोपी लाठी,डंडे और रॉड से हमला करते दिख रहे हैं। यह वीडियो देखकर साफ जाहिर होता है कि बदमाशों में अब कानून और पुलिस का कोई खौफ नहीं रह गया है। मिली जानकारी के अनुसार,घटना मंगलवार शाम करीब 5.30 बजे की है। गांधी चौक के पास जिला न्यायालय के सामने स्थित होटल वेलकम रोज की तरह संचालित हो रहा था। होटल के बगल में स्थित एक भोजनालय सेहत भोजनालय से कुछ युवक खाना खाकर बाहर निकले। ये युवक शराब के नशे में धुत थे और उन्होंने अपनी दोपहिया वाहन को होटल वेलकम के सामने बेतरतीब तरीके से खड़ा कर दिया। इस पर होटल के गार्ड सूरज ने उनसे कहा कि वाहन को सही तरीके से पार्क करें,ताकि रास्ता न रुके। गार्ड की यह बात सुनते ही युवक भडक उठे और गाली-गलौज करने लगे। देखते ही देखते बात हाथापाई तक पहुंच गई।
संचालक को भी नहीं बख्शा,गंभीर रूप से घायल
बाहर हो रहे शोर-शराबे को सुनकर होटल संचालक दीपक जायसवाल बाहर निकले और युवकों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन नशे में चूर युवकों ने उनकी एक न सुनी और उल्टा उन्हें भी अपशद कहने लगे।
कुछ ही देर में उन्होंने अपने अन्य साथियों को फोन कर मौके पर बुला लिया। थोड़ी ही देर में दर्जनों युवक लाठी,डंडा और लोहे की रॉड लेकर वहां पहुंचे और हमला बोल दिया।

हमले में होटल संचालक दीपक जायसवाल,उनके चाचा सतीश जायसवाल और गार्ड सूरज गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। होटल के सामने अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहगीरों और आस-पास के दुकानदारों में दहशत फैल गई।
पुलिस ने किया केस दर्ज, दबिश जारी
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची,लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। पुलिस ने घायलों का चिकित्सकीय परीक्षण करवाया और मामला दर्ज किया। प्रारंभिक जांच के आधार पर आरोपियों में विकास सोनी,विशाल मिंज,राहुल सिंह और विहंस के अलावा अन्य अज्ञात युवकों के खिलाफ धारा 296,351(3),115(2),3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर अन्य धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं। इस घटना ने एक बार फिर शहर की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोग हैरान हैं कि दिनदहाड़े,न्यायालय के सामने और एसपी निवास के पास इस तरह की वारदात को अंजाम दिया गया,जबकि इस क्षेत्र में हमेशा पुलिस बल तैनात रहता है। पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जगह-जगह दबिश दे रही है और शीघ्र गिरफ्तारी का दावा कर रही है।


Share

Check Also

बलरामपुर @एनएच-343 पर परिवहन व यातायात विभाग की संयुक्त कार्रवाई

Share बिना परमिट चल रही स्कूल बस जब्त,10 हजार रुपये का चालानबलरामपुर ,22 अप्रैल 2026 …

Leave a Reply