@ बस मालिक संघ की संयुक्त समिति ने किया हड़ताल का ऐलान…
त्रिवेन्द्रम,07 जुलाई 2025 (ए)। केरल में मंगलवार,8 जुलाई को प्राइवेट बस से सफर करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। यहां बस मालिक संघ की संयुक्त समिति ने हड़ताल का ऐलान किया है। समिति ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर एक सप्ताह के अंदर उनकी समस्याओं का कोई समाधान नहीं निकलता है तो वह सभी बस मालिक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।
बस मालिकों के संघों की संयुक्त समिति के सदस्यों ने परिवहन आयुक्त के साथ बातचीत की थी। इस बातचीत में कोई समाधान नहीं निकला। बातचीत विफल होने के बाद हड़ताल का ऐलान किया गया है और समाधान नहीं मिलने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी गई है।
क्यों हड़ताल पर गए बस ऑपरेटर?
बस ऑपरेटर कई मांगों को लेकर विरोध कर रहे हैं। इन मांगों में कई नियमों को वापस लेना भी शामिल है, जो सरकार की तरफ से सफर को सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए बनाए गए हैं,लेकिन उन नियमों का पालन करने में बस मालिकों को परेशानी हो रही है। इनमें परमिट का समय पर नवीनीकरण,छात्र रियायती किराए में वृद्धि,श्रमिकों के लिए अनिवार्य पुलिस मंजूरी प्रमाणपत्र की आवश्यकता को वापस लेना,ई-चालान सिस्टम के जरिए लगाए जाने वाले अत्यधिक जुर्माने को समाप्त करना, महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की स्थापना को अनिवार्य बनाना शामिल है। समिति के नेताओं ने कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर आगे की बातचीत के माध्यम से कोई समाधान नहीं निकलता है,तो वे अपने आंदोलन को अनिश्चितकालीन हड़ताल में बदल देंगे।
इन मुद्दों पर नाराज हैं बस ऑपरेटर
पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट (पीसीसी) की अनिवार्यता: मोटर वाहन विभाग (एमवीडी) ने मई 2025 में एक नियम लागू किया, जिसके तहत निजी बसों के चालक दल (ड्राइवर,कंडक्टर,क्लीनर) के लिए पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट अनिवार्य है। इस नियम से बस उद्योग,जो लगभग 40,000 लोगों को रोजगार देता है,प्रभावित हुआ है। ऑपरेटरों और ट्रेड यूनियनों का आरोप है कि छोटे-मोटे मामलों, जैसे पारिवारिक विवाद या ट्रेड यूनियन प्रदर्शन में भागीदारी,के आधार पर भी पीसीसी देने से मना किया जा रहा है। इससे कर्मचारियों की नियुक्ति और बस संचालन में बाधा आ रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur