लोगों को सिखाया जाएगा जंग के दौरान बचने का तरीका…
नई दिल्ली 29 मई 2025 (ए)। भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर के बावजूद दोनों देशों के बीच तनाव जारी है। इस बीच पाकिस्तान से सटे राज्यों में आज यानी गुरुवार को सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल किया जाएगा। जानकारी के अनुसार, हरियाणा,चंडीगढ़,जम्मू-कश्मीर, राजस्थान और गुजरात में गुरुवार को बड़े पैमाने पर मॉक ड्रिल करने की तैयारी की जा रही है। ताजा जानकारी के मुताबिक पंजाब में कल मॉक ड्रिल नहीं होगी। पंजाब में 3 जून को शाम 7.30 बजे से मॉक ड्रिल होगी। इसकी जानकारी डायरेक्टर सीविल डिफैंस संजीव कालरा ने दी।
लोगों को दी जाएगी ये जानकारी
मॉक ड्रिल के दौरान लोगों को युद्ध के दौरान बचने का तरीका सिखाया जाएगा। साथ ही ब्लैकआउट और हमले के दौरान बजने वाले सायरन के बारे में जानकारी दी जाएगी। लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी जाएगी। लोगों को यह भी बताया जाएगा कि अफवाहों से कैसे बचें। दुश्मन देश के प्रोपेगेंडा से कैसे सतर्क रहें।
रात 8 बजे ब्लैकआउट
इन राज्यों के निवासियों को युद्ध जैसी स्थिति के दौरान सतर्क रहने का निर्देश दिया जाएगा। अस्पतालों, दमकल केंद्रों और पुलिस स्टेशनों जैसी आवश्यक आपात कालीन सेवाओं को छोड़कर
महत्वपूर्ण क्षेत्रों के पास रात 8 बजे से 15 मिनट का नियंत्रित ब्लैकआउट भी किया जाएगा। दरअसल हाल के दिनों में सीमा पार से काफी आक्रामकता देखी गई। इससे पहले हुई मॉक ड्रिल में बताया गया था कि कैसे आश्रय लेना है, हवाई हमलों के दौरान खुद को कैसे बचाना है और संकट की स्थिति में दूसरों की सहायता कैसे करनी है। गुरुवार के अभ्यास में भी इसी तरह के प्रोटोकॉल का पालन करने की उम्मीद है।
हरियाणा के सभी जिलों में शाम 5 बजे से मॉक ड्रिल
हरियाणा सरकार भी राज्य की आपातकालीन तैयारियों को बढ़ाने के लिए 29 मई को शाम 5 बजे से सभी 22 जिलों में ऑपरेशन शील्ड नामक एक प्रमुख राज्यव्यापी नागरिक सुरक्षा अभ्यास आयोजित करने जा रही है। हरियाणा सरकार ने घोषणा की है कि कल होने वाली मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपातकालीन तंत्र का परीक्षण करना,नागरिक प्रशासन, रक्षा बलों और स्थानीय समुदायों के बीच समन्वय में सुधार करना है।बता दें कि सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर शुरू करने के कुछ ही हफ्तों बाद की जा रहा है। भारत और पाकिस्तान ने अभी फिलहाल सभी सैन्य कार्रवाई और गोलीबारी बंद करने के लिए द्विपक्षीय समझौता किया है।
मोदी सरकार घर-घर पहुंचाएगी सिंदूर
9 जून से एक महीने तक चलेगा अभियान

ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को मोदी सरकार घर-घर तक पहुंचाने की तैयारी कर रही है। इसके तहत महिलाओं को उपहार के रूप में सिंदूर दिया जाएगा। भाजपा के सीनियर लीडर ने बताया कि 9 जून से इसकी शुरुआत होगी। इसी दिन नरेंद्र मोदी ने बतौर पीएम तीसरी बार शपथ ली थी यानी मोदी 3.0 की शुरुआत हुई थी। अभियान का मूल मकसद मोदी 3.0 सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना है। इसके लिए जनसंपर्क के दौरान महिलाओं को सिंदूर भी भेंट किया जाएगा। साथ ही, ऑपरेशन सिंदूर को हाईलाइट करने वाले पंफलेट भी बांटे जाएंगे।
सांसद रोज 15-20 किमी की करेंगे पदयात्रा
केंद्र के सभी मंत्री, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन के सांसद और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी इस अभियान में शामिल होंगे। एक महीने तक चलने वाले इस कार्यक्रम में सभी लोकसभा सांसदों अपने क्षेत्र में रोजाना 15-20 किमी तक पैदल यात्रा करनी है और मंत्री हफ्ते में दो दिन 20-25 किमी यात्रा कर जनसंपर्क करेंगे।
ऑपरेशन सिंदूर में शामिल विभागों पर बनेगी शॉर्ट फिल्म
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान जिस भी विभाग ने अपना योगदान किसी भी रूप में दिया, उसकी डॉक्यूमेंट्री बनेगी। उस विभाग में कार्यरत लोगों और उनके परिजनों को दिखाई जाएगी। ताकि उन्हें गौरव हो और वे भविष्य में ज्यादा बेहतर तरीके से योगदान देने के लिए प्रेरित हो सकें।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur