- प्रधानमंत्री ने अंबिकापुर सहित देशभर के 103 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों किया लोकार्पण
- 6 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से विकसित किया गया अंबिकापुर स्टेशन
- अंबिकापुर,22 मई 2025 (घटती-घटना)। पीएम नरेंद्र मोदी ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आज देशभर के 103 स्टेशनों का वर्चुअल उद्घाटन किया। इनमें अंबिकापुर रेलवे स्टेशन शामिल हैं। अंबिकापुर स्टेशन को विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस किया गया है। यह भारतीय रेलवे के विकास की नई संस्कृति है,जिसमें चुनिंदा रेलवे स्टेशनों को पुनर्विकसित किया जा रहा है। सीएम विष्णुदेव साय वर्चुअल कार्यक्रम में अंबिकापुर रेलवे स्टेशन पहुंचे और कार्यक्रम से जुड़े। उन्होंने कहा कि अमृत स्टेशनों में विकसित भारत की झलक दिखेगी।
कार्यक्रम में सीएम ने इस कहा कि पूर्व सांसद लरंग साय के प्रयासों के कारण ही अंबिकापुर में रेलवे स्टेशन की स्थापना हुई है। पीएम मोदी 140 करोड़ देशवासियों को अपना परिवार मानते हुए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2047 तक छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाना है।
अमृत काल के तहत रेलवे स्टेशन का लगातार विकास किया जा रहा है। आज प्रदेश के जिन 5 स्थानों का लोकार्पण हुआ है, वह विकसित हो रहे भारत की झलक है। सीएम ने कहा कि अब जशपुर जिले को भी रेल कनेक्टिविटी से जोडऩे की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
आदिवासी सांस्कृतिक विरासत का केंद्र रहा अंबिकापुर का रेलवे स्टेशन
छत्तीसगढ़ की आदिवासी सांस्कृतिक विरासत का केंद्र रहा अंबिकापुर का रेलवे स्टेशन देश की जीवन रेखा भारतीय रेल का एक अभिन्न अंग है। इस रेलवे स्टेशन को अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। यात्रियों को पूरी तरह से सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से इस नए स्टेशन भवन में कई नए प्रावधान भी किए गए हैं। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 6 करोड़ 29 लाख रुपए की लागत से उन्नयन तथा आधुनिकीकरण के कार्य किए गये हैं। इसमें सर्कुलेटिंग क्षेत्र को बेहतर बनाते हुए रोड का चौड़ीकरण, यात्रियों के स्वागत के लिए सुसज्जित प्रवेश द्वार, 3900 वर्गमीटर सडक, 3 हजार 677 वर्गमीटर पर दोपहिया, तिपहिया एवं चारपहिया वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है।
अंबिकापुर रेलवे स्टेशन को मिलेंगीं ये सुविधाएं
अंबिकापुर रेलवे स्टेशन में उन्नत व आधुनिक सुविधाओं से युक्त द्वितीय श्रेणी, उच्च श्रेणी प्रतीक्षालय एवं वीआईपी कक्ष, 6 नए आधुनिक छायादार प्लेटफार्म शेड, महिलाओं, पुरुषों और दिव्यांगजनों हेतु आधुनिक शौचालय, वॉटर फाउंटेन, ट्रेन/कोच डिस्प्ले बोर्ड, सीसीटीवी कैमरे,रैम्प एवं टैक्टाइल टाइल्स,300 मीटर स्टेनलेस स्टील रेलिंग,58 स्ट्रीट लाइट्स, बेहतर प्रकाश व्यवस्था हेतु हाई मास्ट लाइट,नवीनतम पçलक अनाउंसमेंट सिस्टम का लाभ यहां के यात्रियों को मिलेगा।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वित्तमंत्री ओपी चौधरी, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, सांसद चिंतामणि महाराज,विधायक राजेश अग्रवाल,प्रबोध मिंज,राम कुमार टोप्पो,भैयालाल राजवाड़े, शकुंतला पोर्ते,उद्धेश्वरी पैकरा, छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर,महापौर मंजूषा भगत,जिला पंचायत अध्यक्ष निरुपा सिंह,मुख्य सचिव अमिताभ जैन,प्रमुख सचिव सुबोध सिंह,सरगुजा कमिश्नर नरेंद्र दुग्गा,सरगुजा आईजी दीपक झा, कलेक्टर विलास भोसकर,एसपी राजेश अग्रवाल सहित प्रशासनिक अमला,जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur