5 दिनों में भारी बारिश का अलर्ट…
कोलकाता,14 मई 2025 (ए)। देशभर में इन दिनों मौसम तेजी से बदल रहा है। अब मानसून को लेकर ताजा अपडेट सामने आया है। भारतीय मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून मंगलवार (13 मई) को बंगाल की खाड़ी के दक्षिणी भागों, अंडमान सागर के दक्षिणी भाग,निकोबार द्वीप समूह और अंडमान सागर के उत्तरी भागों के कुछ क्षेत्रों में आगे बढ़ गया। इसके साथ ही कहा है कि पिछले 2 दिनों में निकोबार द्वीप समूह में मध्यम से भारी बारिश हुई।
परिस्थितियां बन रहीं मानसून के अनुकूल
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3-4 दिनों में परिस्थितियां दक्षिण अरब सागर, मालदीव, दक्षिण बंगाल की खाड़ी के अधिकतर क्षेत्रों, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और मध्य बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में मानसून के लिए अनुकूल हैं। इस दौरान बंगाल की खाड़ी के दक्षिण, निकोबार द्वीप समूह और अंडमान सागर के ऊपर पछुआ हवाओं के प्रभाव में बढ़ोतरी हुई है। समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर ऊपर हवा की गति 20 समुद्री मील से अधिक हो गई है।
5 दिनों में भारी बारिश का अलर्ट
एमडीआई ने बताया कि आउटगोइंग लॉन्गवेव रेडिएशन भी इस क्षेत्र में कम हुआ है, जो बादल छाए रहने का संकेत है। ये स्थितियां इस क्षेत्र में मानसून के आने की ओर इशारा करती हैं। इस बार मानसून 1 जून की सामान्य तिथि से पहले 27 मई को केरल पहुंचने की संभावना है। इसके साथ ही पूर्वोत्तर भारत में अगले 5 दिनों के दौरान गरज और बिजली गिरने के साथ भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur