@ वित्त मंत्री ने बजट से पहले संसद में आर्थिक सर्वे किया पेश
नई दिल्ली,31 जनवरी 2025 (ए)। संसद के बजट सत्र का शुक्रवार से आगाज हुआ । वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण शनिवार को बजट पेश करेंगी। इससे पहले पीएम मोदी ने संसद के बाहर मीडिया को संबोधित किया। विपक्ष महाकुंभ हादसा और वक्फ संशोधन बिल को लेकर हंगामा कर सकता है। सत्र की शुरुआत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के संयुक्त संबोधन से हुआ। राष्ट्रपति ने अपने अभिभाषण में सरकारी की उपलब्धियों का जिक्र किया। कुछ देर बाद सरकार की ओर से आर्थिक सर्वे पेश किया जाएगा।
देश में पर्यटन को बढ़ावा मिला:राष्ट्रपति
राष्ट्रपति ने कहा, सीमा क्षेत्र की सड़कें और अटल टनल, सेला टनल और सन्मार्ग टनल जैसे आधुनिक आधारभूत ढांचा से पर्यटन को बढ़ावा मिला है। सीमा पर स्थित देश के प्रथम गांव में वायब्रेंट विलेज कार्यक्रम शुरू किया गया है। माओपंथी उग्रवाद को समाप्त करने के लिए अंतिम चरण की शुरुआत हो चुकी है। सरकार के प्रयासों से वामपंथी उग्रवाद प्रभावित जिलों की संख्या 126 से घटकर अब 38 रह गई है।
दलित,वंचित और आदिवासी समुदाय को मिल रहा सबसे ज्यादा लाभ: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, मेरी सरकार के प्रयासों का सबसे अधिक लाभ देश के दलित, वंचित और आदिवासी समुदाय को मिल रहा है। आजादी के दशकों बाद भी आदिवासी समाज की उपेक्षा होती रही मेरी सरकार ने उसके सम्मान को सबसे ज्यादा प्राथमिकता दी है। देशभर में स्थापित 770 से अधिक एकलव्य स्कूलों के माध्यम से आदिवासी बच्चों को शिक्षा दी जा रही है। आदिवासी बहुल इलाके में 20 नए मेडिकल कॉलेज खोले गए हैं।
दिल्ली में मेट्रो रूट लगातार बड़ रहा: राष्ट्रपति मुर्मू
राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा, दिल्ली में रिठाला, नरेला, कोंडली नेटवर्क का काम शुरू हुआ है। मेरी सरकार के निरंतर प्रयास से दिल्ली में मेट्रो रूट लगातार बड़ रहा है। दिल्ली में मेट्रो रूट 200 किलोमीटर से बढ़कर दोगुना से ज्यादा हो गया है। भारत का मेट्रो नेटवर्क 1000 किलोमीटर के माइलस्टोन को पार कर चुका है। भारत मेट्रो रूट की तुलना में दुनिया का तीसरा देश बन गया है।
भारत टेक्नॉलजी के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि दर्ज करा रहा:राष्ट्रपति
बजट सत्र से पहले राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा, आज भारत टेक्नॉलजी के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि दर्ज करा रहा है। भारत की यूपीआई तकनीक की सफलता से दुनिया के कई देश देख रहे हैं। मेरी सरकार ने डिजिटल तकनीक को सामाजिक न्याय और सफलता के एक टूल के रूप में इस्तेमाल कर रही है। भारत में छोटे से छोटा दुकानदार भी इस सुविधा का लाभ उठा रहे हैं।
सरकार ने सवा दो लाख स्वामित्व कार्ड जारी किए:राष्ट्रपति
अपने अभिभाषण में राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा, मेरी सरकार गांव में गरीबों और उनकी आवासीय भूमि का हक देने के लिए प्रतिबद्ध है। अब तक 2 करोड़ 25 लाख स्वामित्व कार्ड जारी किए गए हैं। इनमें से 70 लाख स्वामित्व कार्ड पिछले 6 महीने जारी किए गए हैं।
पूर्व पीएम मनमोहन सिंह को दी श्रद्धांजलि
राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने अभिभाषण में पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा, कुछ दिन पहले ही हमने देश के पूर्व पीएम मनमोहन सिंह को खोया है। वे लंबे समय तक संसद के सदस्य रहे। मैं उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि व्यक्त करती हूं।
राष्ट्रपति मुर्मू ने महाकुंभ हादसे पर जताया दुख
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बजट सत्र से पहले अपने अभिभाषण में प्रयागराज महाकुंभ में हुए हादसे पर दुख जताया। उन्होंने कहा, देश में महाकुंभ का सांस्कृतिक पर्व भी चल रहा है। देश और दुनिया से आए करोड़ों श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं। मौनी अमावस्या के दिन हुई हादसे पर दुख व्यक्त करती हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।
पहली बार संसद सत्र से पहले कोई विदेश से कोई चिंगारी नहीं उठी: पीएम मोदी
बजट सत्र से पहले पीएम मोदी ने विपक्ष पर इशारों में विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, आज एक बात आपने जरूर नोट की होगी, शायद 2014 से लेकर अबतक शायद एक पहला संसद का सत्र है कि जिसके एक दो दिन पहले कोई विदेशी चिंगारी नहीं पहुंची है। 2014 से हर सत्र से पहले शरारत करने के लिए लोग तैयार बैठे रहते थे, यहां उनको हवा देने वालों की कमी नहीं है। ये पहला सत्र मैं पिछले 10 साल के बाद देख रहा हूं कि किसी भी विदेशी कोने से कोई चिंगारी नहीं उठी।
पीएम मोदी का बजट सत्र से पहले संबोधन
पीएम मोदी संसद के बजट सत्र से पहले संबोधन दे रहे हैं। उन्होंने कहा, मां लक्ष्मी हमें सिद्धि और विवेक देती है। समृद्धि और कल्याण भी देती है। मैं मां लक्ष्मी से प्रार्थना करता हूं कि देश के हर गरीब एवं मध्यम वर्ग पर समुदाय पर विशेष कृपा हो। बजट सत्र के आरंभ में मैं समृद्धि की देवी मां लक्ष्मी को प्रणाम करता हूं। ऐसे अवसर पर सदियों से हमारे यहां मां लक्ष्मी का पुण्य स्मरण होता है।
बजट सत्र में सभी मुद्दों को उठाएगा विपक्ष:प्रमोद तिवारी
राज्यसभा में कांग्रेस के उप नेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ संसद के बजट सत्र में सभी मुद्दों को उठाएगा। सत्र से पहले सरकार द्वारा बुलाई गई सर्वदलीय बैठक से बाहर निकलते हुए तिवारी ने ‘कथित महाकुंभ’ के ‘कथित राजनीतिकरण’ की भी आलोचना की और कहा कि महाकुंभ के दौरान अतिविशष्ट लोगों के लिए आवाजाही से आम आदमी के लिए मुश्किलें पैदा हो रही हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी इस धार्मिक आयोजन के ‘‘सत्तारूढ़ भाजपा से जुड़े वीआईपी लोगों की सभा बनने’’ के मुद्दे को उठाएगी। तिवारी ने कहा कि सत्र के दौरान बढ़ती बेरोजगारी और किसानों की ‘‘दुर्दशा’’ का मुद्दा भी उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि ‘इंडिया’ गठबंधन आम लोगों की समस्याओं को उजागर करने के लिए सत्र में सभी मुद्दों को एक साथ उठाएगा।
पीएम मोदी के तीसरे कार्यकाल का दूसरा बजट
संसद के बजट सत्र का शुक्रवार से आगाज हो रहा है। पीएम मोदी के तीसरे कार्यकाल का यह दूसरा आम बजट है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण शनिवार को बजट पेश करेंगी, जिस पर देश-दुनिया की निगाहें टिकी हैं। बजट सत्र का पहला चरण 13 फरवरी को खत्म होगा, जबकि दूसरा चरण 10 मार्च से शुरू होकर 4 अप्रैल तक चलेगा। वहीं, बजट सत्र को लेकर विपक्ष के तेवर तीखे हैं, जिसकी एक बानगी सर्वदलीय बैठक में दिख चुकी है। विपक्ष महाकुंभ हादसा और वक्फ संशोधन बिल को लेकर हंगामा कर सकती है।
बजट सत्र का शेड्यूल
बजट सत्र 31 जनवरी से 4 अप्रैल तक दो चरणों में चलेगा।
पहला चरणः13 फरवरी को समाप्त होगा।
दूसरा चरणः 10 मार्च से 4 अप्रैल तक चलेगा।
आम बजटः 1 फरवरी को पेश किया जाएगा।
राष्ट्रपति के अभिभाषण की प्रमुख बातें
प्रधानमंत्री आवास योजना का विस्तार तीन करोड़ अतिरिक्त परिवारों को नए घर दिए जाएंगे।
मध्यम वर्ग के घर खरीदने के सपने को साकार करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
आयुष्मान भारत योजना के तहत बड़ा कदम
70 वर्ष से अधिक उम्र के छह करोड़ वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य बीमा दिया जाएगा।
महत्वपूर्ण नीतिगत निर्णय और सुधार
वक्फ बोर्ड और वन नेशन, वन इलेक्शन(एक देश, एक चुनाव) को लेकर बड़े फैसले लिए गए हैं।
देशभर में परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं को रोकने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।
महिला और युवा सशक्तिकरण पर जोर
सरकार महिला नेतृत्व वाले विकास को बढ़ावा दे रही है, जिसके तहत तीन करोड़ ‘लखपति दीदियों’ को तैयार किया जाएगा।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 91 लाख से अधिक स्वयं सहायता समूहों को सशक्त किया जा रहा है।
युवाओं को नई शिक्षा और रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
इंडिया एआई मिशन शुरू किया गया है, जिससे भारत को कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में वैश्विक इनोवेशन केंद्र बनाने की योजना है।
डिजिटल और वित्तीय समावेशन
बैंकिंग और डिजिटल पेमेंट सखियां दूरदराज के क्षेत्रों को वित्तीय व्यवस्था से जोड़ने में अहम भूमिका निभा रही हैं।
भारतीय युवा स्टार्टअप्स, खेल और अंतरिक्ष अनुसंधान में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।
श्रद्धांजलि और संवेदनाएं
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर राष्ट्रपति ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रयागराज कुंभ मेले में भगदड़ के दौरान जान गंवाने वालों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
तीसरे कार्यकाल में सरकार की गति और प्रतिबद्धता
राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि सरकार अब पहले की तुलना में तीन गुना तेजी से काम कर रही है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि सरकार की योजनाओं ने करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकाला है और देश के भविष्य को आकार दे रही हैं।
बजट सत्र 2025-26 से क्या उम्मीदें हैं?
यह सत्र आर्थिक नीतियों, कल्याणकारी योजनाओं और विधायी सुधारों पर केंद्रित रहेगा। बजट से जुड़े महत्वपूर्ण फैसले भारत की आर्थिक वृद्धि, सामाजिक कल्याण और डिजिटल इंडिया की दिशा को और मजबूती देंगे।
सोनिया गांधी ने राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू को कहा पूअर लेडी
आदिवासी समाज ने खोला मोर्चा,केदार कश्यप बोले…यह उनकी आदिवासी विरोधी राजनीतिक चरित्र का परिचायक,कांग्रेस नेता इस अभद्रता पर माफी मांगें

संसद के बजट सत्र में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर द्रोपदी मुर्मू के लिए कांग्रेस नेता सोनिया गांधी द्वारा बेचारी शब्द का प्रयोग करने के मामले ने तूल पकड़ लिया है।छत्तीसगढ़ के वन और सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के लिए बेचारी शब्द का प्रयोग करने पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने इसे महिला शक्ति के प्रति कांग्रेस की निकृष्ट सोच और आदिवासी विरोधी राजनीतिक चरित्र का परिचायक बताया है। वन मंत्री ने कहा कि, कांग्रेस में एक खानदान के लोग और उनकी चरण वंदना में लीन तमाम नेता जिस तरह की भाषा का लगातार इस्तेमाल करके मातृशक्ति, जनजातीय समाज और अन्य सभी वर्गों को अपमानित कर रहे हैं, वह निंदनीय है। वन मंत्री कश्यप ने कहा कि, सोनिया गांधी की यह भाषा बता रही है कि, कांग्रेस वैचारिक रूप से कितनी कंगाल होती जा रही है। कांग्रेस का समूचा इतिहास आदिवासी समाज के प्रति नफरत से भरा पड़ा है और यह नफरत बार-बार जाहिर होती रही है। एक आदिवासी समाज की बेटी राष्ट्रपति बनी है, यह कांग्रेस को हजम ही नहीं हो रहा है और अब तो सोनिया गांधी ने राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू को बेचारी कहकर कांग्रेस की ओछी राजनीतिक संस्कृति का परिचय दे दिया है।कश्यप ने कहा कि कोई भी आदिवासी बेचारा नहीं होता है। आदिवासियों ने इस देश की सांस्कृतिक, सामाजिक,आर्थिक और हर एक प्रकार की संस्थाओं के विकास के साथ-साथ देश के 1857 के स्वाधीनता संग्राम से भी पहले से इस देश को विदेशी दासता से बचाने के लिए सशस्त्र क्रांति कर बलिदान दिया है और देश की आजादी से लेकर के अब देश के विकास में उनका महती योगदान है।
कश्यप ने कहा कि कांग्रेस की परम्परा रही है कि वह आदिवासी समाज को हमेशा नीचा दिखाने का काम करती है। राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू के राष्ट्रपति चुनाव के दौरान छत्तीसगढ़ दौरे का विरोध करके भी कांग्रेस ने अपनी विकृत मानसिकता का प्रदर्शन किया था। प्रदेश की जनता से आदिवासी विरोधी कांग्रेस को सबक सिखाने की अपील करते हुए कश्यप ने कहा कि कांग्रेस में अगर थोड़ी भी शर्म बची है, तो भूपेश बघेल, दीपक बैज समेत प्रदेश के तमाम कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की अभद्र भाषा के लिए कान पकड़कर माफी मांगें अन्यथा छत्तीसगढ़ की जनता उन्हें बहुत बड़ी सजा देगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur