महिला प्रशिक्षु के साथ इंस्ट्रक्टर की मौत
बालाघाट,18 मार्च 2023 (ए)। मध्य प्रदेश के बालाघाट में शनिवार को एक ट्रेनर चार्टर विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में दो पायलटों की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, बालाघाट के किरनापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम भक्कूटोला के घने जंगल में विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ। इस हादसे में दो पायलटों की मौत हो गई, जिनमें से एक महिला प्रशिक्षु पायलट, जबकि दूसरा इंस्ट्रक्टर बताया जा रहा है।
तलाशा जा रहा है पॉयलट का शव
विमान हादसे में मारे गए दो पायलटों में से एक का शव बरामद हो गया है, जबकि दूसरे पायलट के शव को तलाशा जा रहा है। घटना स्थल से आए वीडियो फुटेज में मलबे में एक व्यक्ति का शव दिखाई दे रहा है। हालांकि, यह हादसा किस वजह से हुआ ? अभी इसकी कोई पुख्ता जानकारी नहीं मिली है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नक्सल) आदित्य मिश्रा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली है कि किरनापुर के भक्कूटोला में ट्रेनर विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। पुलिस बल मौके के लिए रवाना हो गए।
फ्लाई स्कूल का है ट्रेनर चार्टर विमान
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दुर्घटनाग्रस्त प्लेन पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में संचालित फ्लाई स्कूल का है, जिसके ट्रेनर चार्टर विमान में ये हादसा हुआ है। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ लगी है। साथ ही मौके पर पुलिस अधिकारियों व टीम द्वारा जांच की जा रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur