अब तक तीन शव बरामद
मुरैना ,18 मार्च 2023 (ए)। मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में आज सुबह चंबल नदी में उस समय एक बड़ा हादसा हो गया, जब पैदल इस नदी को पार कर राजस्थान जा रहे लगभग डेढ़ दर्जन लोगों में से सात लोग पानी के बहाव में बह गए। हादसे में अब तक तीन लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। प्रशासन शेष के शव तलाशने में जुटा हुआ है।
कलेक्टर अंकित अस्थाना ने शुरुआती जानकारी के हवाले से बताया कि राजस्थान मध्यप्रदेश सीमा पर सबलगढ़ अनुविभाग के टहटरा थाने स्थित चंबल के राजिया घाट से लगभग 17 लोग राजस्थान स्थित कैला देवी माता के दर्शन करने पैदल नदी पार कर के जा रहे थे। इस दौरान सात लोग पानी के बहाव में बह गए। इनमें से तीन के शव बरामद कर लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि शेष की तलाश जारी है। प्रशासन लगातार बचाव कार्य में जुटा है। आला अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने चंबल नदी में हुए दुखद हादसे का संज्ञान लिया और हादसे पर दुख व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कार्यालय एवं जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि चंबल नदी में रेस्क्यू ऑपरेशन को तेज किया जाए। मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन आवश्यक संसाधन के साथ घटनास्थल पर है, एसडीआरएफ की टीम पहुंच रही है, स्थानीय गोताखोरों के माध्यम से नदी में बह गए लोगों की तलाश की जा रही है। रेस्क्यू एवं आवश्यक मदद की मॉनिटरिंग मुख्यमंत्री कार्यालय सीएमओ द्वारा की जा रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur