चिरंजीवी-राजामौली समेत साउथ के दिग्गजों ने देखी ‘लाल सिंह चड्ढा’, जानें कैसी लगी फिल्म?
एंटरटेनमेंट डेस्क, मुंबई 14 जुलाई 2022। बॉलीवुड सुपरस्टार आमिर खान इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ की वजह से सुर्खियों में हैं। इस फिल्म से आमिर चार साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रहे हैं। फिल्म को हिट कराने के लिए आमिर जमकर मेहनत कर रहे हैं। इस बीच उनकी एक तस्वीर सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रही है। इस फोटो में आमिर के साथ साउथ सिनेमा के कई दिग्गज हस्तियां नजर आ रही हैं।

स्पेशल स्क्रीनिंग में नजर आए दिग्गज कलाकार
हाल ही में आमिर ने अपनी फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग रखी जिसमें दक्षिण भारत के कई मशहूर कलाकार नजर आए। इस फोटो में नागा चैतन्या, नागार्जुन, एसएस राजामौली, मेगास्टार चिरंजीवी और निर्देशक सुकुमार नजर आ रहे हैं। सभी कलाकार चाय के साथ आमिर की फिल्म का लुत्फ उठा रहे हैं। बता दें कि साउथ के कलाकारों के लिए स्पेशल स्क्रीनिंग हैदराबाद में रखी गई थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म को देखने के बाद सभी ने ‘लाल सिंह चड्ढा’ के साथ आमिर की एक्टिंग की भी जमकर तारीफ की।

इन दिन रिलीज होगी फिल्म
आमिर की यह बहुप्रतीक्षित फिल्म 11 अगस्त को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है। यह हॉलीवुड फिल्म ‘फॉरेस्ट गंप’ की आधिकारिक हिंदी रीमेक है। फिल्म में आमिर खान और करीना कपूर खान के अलावा नागा चैतन्य और मोना सिंह अहम भूमिका निभाते नजर आएंगे।

इस फिल्म में आखिरी बार आए थे नजर
लंबे समय के बाद आमिर खान बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रहे हैं। इससे पहले वह चार साल पहले रिलीज हुई ‘ठग्स ऑफ हिंदोस्तान’ में नजर आए थे। इस फिल्म में उनके साथ सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ने भी काम किया था। दो बड़े कलाकारों के बावजूद यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर धराशायी हो गई थी। विजय कृष्णा आचार्य के निर्देशन में बनी इस फिल्म के फ्लॉप होने के बाद आमिर अब चार साल बाद अद्वैत चंदन की फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ में काम कर रहे हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur