इस कार हादसे में तीन लोग घायल हुए,भीड़ ने हंगामा कर रास्ता जाम कर दिया
भोपाल ,17 अक्टूबर2021 ( ए )। भोपाल रेलवे स्टेशन क्षेत्र में विसर्जन के लिए जा रही दुर्गा माता की झांकी में एक तेज रफ्तार कार घुस गई। कार की चपेट में आकर चल समारोह में शामिल एक लड़का गंभीर रूप से घायल हुआ। बताया जाता है कि आक्रोशित लोगों से बचने के लिए चालक ने कार को रिवर्स करके तेजी से निकाला, इससे उसकी चपेट में आकर तीन अन्य लोग भी घायल हो गए। इसके बाद भीड़ ने जमकर हंगामा किया और कुछ देर के लिए रास्ता जाम कर दिया। भारी पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर प्रतिमा विसर्जन के लिए झांकी को रवाना किया। डीआईजी इरशाद वली ने ड्राइवर के गिरफ्तार किए जाने की पुष्टि की है। कार को भी जब्त कर लिया गया है। जानकारी के मुताबिक चांदबड़ में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा को विसर्जन के लिए प्रेमपुरा घाट ले जाया जा रहा था। झांसी के साथ उत्सव समिति के अनेक लोग पैदल चल रहे थे। घटना के प्रत्यक्षदर्शी राहुल ने बताया कि रात 11ः30 बजे झांकी स्टेशन के सामने स्थित अशोक टी स्टाल के सामने पहुंची, तभी भारत टाकीज ब्रिज की तरह से तेज रफ्तार से आ रही कार के चालक ने कट पाइंट से तेजी से यू टर्न लिया। रफ्तार अधिक होने के कारण कार की चपेट में झांकी के साथ चल रहा रोशन शाक्या नाम का किशोर आ गया और बुरी तरह घायल हो गया।
घटना के बाद लोगों ने झाकियां मौके पर रोक दी। घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई थी। लोगों का आरोप था कि पुलिस ने दुर्घटना के बाद आरोपितों को हिरासत में लेने के बजाय सुरक्षित निकलने का मौका दिया। घटना की सूचना मिलने पर डीआइजी इरशाद वली, एसपी साउथ साईं कृष्ण थोटा भी मौके पर पहुंच गए थे।
घटना में घायल हुए युवक रात के उस मंजर को याद कर सिहर जाते हैं। घायलों ने बताया कि ड्राइवर तीन-चार बार कार को आगे-पीछे कर लोगों को कुचलता रहा। शोर मचाने पर भी वह नहीं रुका। वह कार को करीब 200 मीटर रिवर्स करके द्वारिका नगर की तरफ भाग निकला। घायलों ने बताया कि कार चालक नशे में था।
सड़क पर झांकी खड़ी होने की वजह से वह आगे की तरफ नहीं जा सका। कार को वह आगे पीछे कर जुलूस में शामिल लोगों को वह कुचलता रहा। घटना में चांदबड़ बजरिया निवासी रोशन शाक्या, यश साहू, सुरेन्द्र सेन, चित्रांश सिंह घायल हुए हैं। रोशन का लालघाटी स्थित निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। उसकी हालत गंभीर है। उसके सिर, पैर, हाथ में गंभीर चोट लगी है।
हादसे में गंभीर घायल रोशन शाक्या ने बताया कि चालक कार को रिवर्स कर भाग रहा था, तभी मैं कार में फंस गया। कार चालक मुझे करीब 10 मीटर तक घसीटता गया। मेरे सिर से काफी खून बह रहा था। खून देखकर मैं बेसुध हो गया। इसके बाद मुझे पता नहीं क्या हुआ। होश आने पर अस्पताल में था।
चांदबड़ दुर्गा झांसी समिति के अध्यक्ष राजू रोहित ने बताया कि झांकी सड़क पर खड़ी कर हम लोग बैंड वालों का हिसाब कर रहे थे। इसी बीच कार चालक हमारे समिति के बच्चों को कुचल दिया। इस दौरान अफरा-तफरी, भगदड़ मच गई। लोग चीखने लगे। अफरा-तफरी की वजह से कार का नंबर नहीं देख सका। लोग बता रहे थे कि कार कोलकाता पासिंग थी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur