लखनऊ ,10 अप्रैल 2023 (ए)। निकाय चुनाव की डुगडुगी बजते ही भाजपा जोरशोर से इसकी तैयारी में जुट गई है। सर्वाधिक प्रतिष्ठापरक नगर निगम चुनाव पर पार्टी खासतौर पर जोर दे रही है। भाजपा ने नगर निगमों के चुनाव के लिए प्रभारी मंत्री नियुक्त किये गए राज्य सरकार के मंत्रियों के दायित्वों में बदलाव करते हुए अब उन्हें उन जिलों के निकायों का प्रभार सौंपा है जिनका उन्हें सरकार ने प्रभारी मंत्री बनाया है। इस तरह राज्य सरकार के मंत्री अब अपने प्रभार वाले जिलों में प्रभारी मंत्री की भूमिका निभाएंगे।
वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना लखनऊ और गोरखपुर नगर निगमों के चुनाव के लिए प्रभारी मंत्री बनाये गए हैं। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह वाराणसी और बरेली नगर निगमों के चुनाव के लिए प्रभारी मंत्री होंगे। गन्ना एवं चीनी उद्योग मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी अलीगढ़ नगर निगम के लिए प्रभारी मंत्री होंगे। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही अयोध्या नगर निगम के प्रभारी मंत्री नियुक्त किये गए हैं। महिला कल्याण मंत्री बेनी रानी मौर्य को झांसी नगर निगम के चुनाव की कमान सौंपी गई है। औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी कानपुर नगर निगम चुनाव के लिए प्रभारी मंत्री नियुक्त किये गए हैं।
पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह मेरठ, उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय सहारनपुर और नगर विकास मंत्री अरविन्द कुमार शर्मा को आगरा नगर निगम के प्रभारी मंत्री का दायित्व दिया गया है। जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को प्रयागराज और लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद को मुरादाबाद नगर निगम का प्रभारी मंत्री बनाया गया है।
पिछड़ा वर्ग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेन्द्र कश्यप शाहजहांपुर, समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण गाजियाबाद और बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह मथुरा-वृंदावन नगर निगम के चुनाव के लिए प्रभारी मंत्री होंगे। राज्य मंत्री अजीत सिंह पाल को फिरोजाबाद नगर निगम चुनाव के लिए प्रभारी मंत्री बनाया गया है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur