- डिम्पल की तलाश में पुलिस ने झोंकी ताकत,सुराग देने वाले को मिलेगा नकद पुरस्कार
- ग्राम रामगढ़ की 16 वर्षीय कुमारी डिम्पल सुबह टहलने निकली थी…फिर नहीं लौटी
-संवाददाता-
सोनहत (कोरिया),26 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। जिले के सोनहत थाना क्षेत्र के ग्राम रामगढ़ से 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी के लापता होने का मामला सामने आया है,किशोरी रोज की तरह सुबह टहलने के लिए घर से निकली थी, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी वापस नहीं लौटी,परिजनों ने पहले आसपास और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश की,लेकिन कहीं कोई जानकारी नहीं मिली,किशोरी का सुराग नहीं मिलने पर मामला पुलिस तक पहुंचा, नाबालिग को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका के आधार पर थाना सोनहत में अपराध क्रमांक 115/2026, धारा 137(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक, सरगुजा रेंज दीपक झा ने 25 नवंबर 2026 को सार्वजनिक उद्घोषणा जारी की है,इसमें लापता किशोरी की पतासाजी और अज्ञात आरोपी को पकड़वाने में मददगार महत्वपूर्ण सूचना देने वाले व्यक्ति को 30 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की गई है,पुलिस ने सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम गोपनीय रखने की बात भी कही है,अब पुलिस की अपील है कि यदि किसी व्यक्ति को किशोरी के संबंध में कोई जानकारी मिलती है,तो वह तत्काल संबंधित पुलिस अधिकारियों को सूचित करे।
सुबह घर से निकली डिम्पल,फिर नहीं लौटी-पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय से जारी उद्घोषणा के अनुसार लापता किशोरी की पहचान कुमारी डिम्पल,पिता रामाधार केवट, उम्र 16 वर्ष, निवासी ग्राम रामगढ़,चौकी रामगढ़,थाना सोनहत,जिला कोरिया के रूप में की गई है,वह रोज की भांति सुबह टहलने के लिए घर से निकली थी,इसके बाद वह वापस नहीं लौटी,किशोरी के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों और रिश्तेदारों ने उसकी तलाश शुरू की। संभावित स्थानों पर पता लगाने के बावजूद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला,तो परिजन चिंतित हो उठे। मामले में अज्ञात व्यक्ति द्वारा नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताई गई। इसके बाद पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू की।
अपहरण की आशंका पर सोनहत थाने में अपराध दर्ज-पुलिस उद्घोषणा में उल्लेख किया गया है कि नाबालिग बालिका को अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर भगाकर ले जाने की आशंका के आधार पर थाना सोनहत में अपराध क्रमांक 115/ 2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है,पुलिस द्वारा किशोरी की तलाश और अज्ञात आरोपी की पतासाजी के हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन उद्घोषणा जारी होने तक किशोरी और संदिग्ध व्यक्ति के संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई थी,पुलिस ने इस मामले में आम नागरिकों से सहयोग की अपील की है,किसी व्यक्ति को किशोरी के बारे में जानकारी हो,उसने कहीं उसे देखा हो या उसके आने-जाने के संबंध में कोई महत्वपूर्ण सुराग मिला हो, तो वह बिना देरी किए पुलिस को सूचना दे सकता है। पुलिस ने जारी किया किशोरी का हुलिया-लापता किशोरी की पहचान और तलाश में आम लोगों की सहायता लेने के लिए पुलिस ने उसका शारीरिक हुलिया भी सार्वजनिक किया है।
– नामः कुमारी डिम्पल
– पिता का नामः रामाधार केवट
– उम्रः 16 वर्ष
– निवासः ग्राम रामगढ़, चौकी रामगढ़, थाना सोनहत, जिला कोरिया
– चेहराः गोल
– रंगः गोरा
– कदः लगभग 4 फीट 5 इंच
– बालः सीधे
– घटना के समय पहनावाः नीले रंग का लॉन्ग फ्रॉक और नीला-हरा रंग का दुपट्टा
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस हुलिए से मिलती-जुलती किशोरी दिखाई देने पर स्वयं किसी प्रकार का जोखिम उठाने के बजाय तत्काल पुलिस को जानकारी दें।
सुरक्षित बरामदगी के लिए
जनसहयोग जरूरी
16 वर्षीय किशोरी के लापता होने का मामला परिवार के लिए गंभीर चिंता का विषय है,ऐसे मामलों में समय पर मिलने वाली छोटी-सी जानकारी भी तलाश की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है,पुलिस ने किशोरी की पतासाजी और अज्ञात आरोपी तक पहुंचने के लिए आम नागरिकों से सहयोग मांगा है, फिलहाल सबसे बड़ी प्राथमिकता किशोरी की सुरक्षित बरामदगी है,पुलिस की सार्वजनिक उद्घोषणा के बाद अब क्षेत्र के लोगों से भी अपेक्षा है कि वे जारी हुलिए और विवरण पर ध्यान दें तथा कोई भी विश्वसनीय जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें, सवाल केवल एक लापता किशोरी को खोजने का नहीं, बल्कि उसे सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाने का है।
सूचना देने वाले को मिलेगा 30 हजार रुपये का नकद पुरस्कार
पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक झा द्वारा जारी उद्घोषणा में स्पष्ट किया गया है कि लापता किशोरी की बरामदगी और अज्ञात आरोपी की गिरफ्तारी में मददगार साबित होने वाली महत्वपूर्ण जानकारी देने वाले व्यक्ति को 30,000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा,सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम सर्वथा गोपनीय रखा जाएगा, पुरस्कार प्रदान करने के संबंध में अंतिम निर्णय पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज का होगा,यह पुरस्कार घोषणा इस बात को दर्शाती है कि पुलिस अब किशोरी की तलाश में आम नागरिकों से भी सहयोग चाहती है,ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में यदि किसी व्यक्ति को किशोरी के संबंध में कोई जानकारी मिलती है,तो वह पुलिस तक पहुंचाकर उसकी सुरक्षित बरामदगी में मदद कर सकता है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur