Breaking News

अम्बिकापुर@फर्जी राजस्व आदेश के सहारे लाखों की जमीन हथियाने की कोशिश,एक आरोपी गिरफ्तार

Share


राजस्व मंडल बिलासपुर के 2019 के आदेश में की गई थी कूटरचना,तीन खसरों की जमीन अपने नाम कराने 2023 में दिया था आवेदन,दूसरा आरोपी फरार

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,26 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। जमीन संबंधी मामलों में फर्जी दस्तावेजों के जरिए राजस्व रिकॉर्ड में हेरफेर करने का एक मामला सरगुजा जिले के लुण्ड्रा क्षेत्र में सामने आया है। यहां राजस्व मंडल बिलासपुर के पुराने आदेश की कूटरचना कर उसके आधार पर दूसरे की भूमि अपने नाम कराने का प्रयास किया गया। मामले की जांच के बाद लुण्ड्रा पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका दूसरा साथी अभी फरार है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर राजस्व मंडल बिलासपुर के कथित फर्जी आदेश की सत्यापित प्रति भी जब्त की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार,इस मामले की शिकायत तुषार मानिक,नायब तहसीलदार, तहसील कार्यालय लुण्ड्रा ने लिखित आवेदन के माध्यम से दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि अनुविभागीय दंडाधिकारी न्यायालय धौरपुर में प्रस्तुत एक राजस्व प्रकरण के दौरान ग्राम खाराकोना निवासी मुस्लिम पिता स्व. मोहिउद्दीन और उसके एक साथी द्वारा राजस्व मंडल बिलासपुर के आदेश की कूटरचित प्रति प्रस्तुत की गई थी। आरोपियों ने इस दस्तावेज को वास्तविक आदेश बताकर ग्राम खाराकोना स्थित भूमि को अपने नाम कराने की प्रक्रिया शुरू की थी। मामला खसरा नंबर 814/1, 814/3 और 814/4 से संबंधित है, जिनका रकबा क्रमशः 2.40 हेक्टेयर, 0.113 हेक्टेयर और 0.433 हेक्टेयर बताया गया है। आरोपियों द्वारा इन भूमियों के संबंध में राजस्व मंडल बिलासपुर के प्रकरण क्रमांक रू/16/क्र/07/2019 में पारित दिनांक 1 जून 2019 के आदेश को आधार बनाया गया था। इसी कथित आदेश की कूटरचित प्रति को असली दस्तावेज बताकर 11 दिसंबर 2023 को भूमि अपने नाम कराने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया गया था। हालांकि, विभागीय जांच में प्रस्तुत आदेश पूरी तरह फर्जी पाया गया। शिकायत के आधार पर थाना लुण्ड्रा में अपराध क्रमांक 283/2026 के तहत धारा 420, 467, 468, 471 एवं 34 भारतीय दंड संहिता के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान प्रार्थी और गवाहों के बयान दर्ज किए गए तथा उपलब्ध दस्तावेजों की जांच की गई। पुलिस के अनुसार, जांच में आरोपी और उसके साथी की संलिप्तता सामने आने के बाद ग्राम खाराकोना निवासी मो. मुस्लिम फिरदौसी (55 वर्ष), पिता स्व. मोहिउद्दीन को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर राजस्व मंडल बिलासपुर के कथित फर्जी आदेश की सत्यापित प्रति भी बरामद कर जब्त की गई। उपलब्ध साक्ष्यों और दस्तावेजों के आधार पर आरोपी के विरुद्ध अपराध प्रमाणित पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।
दूसरे आरोपी की तलाश जारी
इस प्रकरण में एक अन्य आरोपी की भूमिका भी सामने आई है, जो फिलहाल फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। मामले की विवेचना जारी है। अब जांच का महत्वपूर्ण पहलू यह है कि कथित फर्जी आदेश किस स्तर पर तैयार किया गया और इसके आधार पर भूमि को अपने नाम कराने की कोशिश में अन्य किसी व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी।


Share

Check Also

उदयपुर@कुसुवामुड़ा-सुखरी भंडार में कबरा हाथी के दल का डेरा, कई गांवों में अलर्ट

Share बस्ती के करीब पहुंचे कबरा समेत दो हाथियों को वन अमले ने आधी रात …

Leave a Reply