Breaking News

अम्बिकापुर@चार दिन में 9.8 डिग्री लुढका पारा,सरगुजा में बढ़ी ठिठुरन

Share

  • न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री पर पहुंचा,अगले दो-तीन दिन और
  • बढ़ेगी ठंड; खुले आसमान के नीचे रात बिताने वाले युवक की मौत


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,26 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। चक्रवात अकवान का असर खत्म होते ही सरगुजा संभाग में कड़ाके की ठंड पडऩी शुरू हो गई है। उत्तरी सर्द हवाओं के प्रवेश से पिछले चार दिनों में न्यूनतम तापमान में करीब 10 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। दोपहर में भी ठिठुरन महसूस की गई और लोग गर्म कपड़ों में नजर आए। मौसम विभाग ने आगामी दो से तीन दिनों में तापमान में और गिरावट की संभावना जताई है। दरअसल,कुछ दिन पहले चक्रवात अकवान के प्रभाव से बारिश हुई थी। इसके कारण तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई थी। 22 नवंबर को अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस था। मौसम साफ होने और उत्तरी सर्द हवाएं चलने के साथ ही तापमान में तेजी से गिरावट आई और गुरुवार को यह 9.2 डिग्री पर पहुंच गया। सरगुजा जिले के मैनपाट और बलरामपुर जिले के सामरीपाट क्षेत्र में ठंड का असर और अधिक है। यहां मैदानी इलाकों की तुलना में ज्यादा ठिठुरन महसूस की जा रही है।
अगले दो-तीन दिन और बढ़ेगी ठंड : मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी सर्द हवाओं का प्रवेश लगातार जारी है। इसके चलते आगामी दो से तीन दिनों तक ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है।
गांधी स्टेडियम के पास खुले में पड़े युवक की मौत : बढ़ती ठंड के बीच शहर के गांधी स्टेडियम के पास गुरुवार सुबह एक युवक की मौत हो गई। उसकी पहचान नहीं हो पाई है। बताया जा रहा है कि करीब 35 वर्षीय युवक बुधवार रात खुले आसमान के नीचे सोया हुआ था। गुरुवार सुबह वह प्लास्टिक में चावल लेकर आया और खाने लगा। इसी दौरान अचानक लुढक गया और उसकी मौत हो गई। उसके शरीर पर गर्म कपड़े भी नहीं थे। आशंका जताई जा रही है कि पूरी रात ठंड में खुले में पड़े रहने के कारण उसकी मौत हुई होगी। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा।
चौक-चौराहों पर अब तक
अलाव की व्यवस्था नहीं

शहर में कड़ाके की ठंड के बावजूद जिला प्रशासन और नगर निगम की ओर से अब तक चौक-चौराहों पर अलाव की व्यवस्था नहीं की गई है। गांधी चौक और प्रतीक्षा बस स्टैंड जैसे स्थानों पर रातभर लोगों की आवाजाही रहती है। यहां यात्रियों, राहगीरों और जरूरतमंदों को ठंड से राहत देने के लिए अलाव की व्यवस्था जरूरी है। रात गुजारने वाले बेसहारा लोगों के लिए ठंड से बचाव के इंतजाम किए जाने चाहिए।


Share

Check Also

उदयपुर@कुसुवामुड़ा-सुखरी भंडार में कबरा हाथी के दल का डेरा, कई गांवों में अलर्ट

Share बस्ती के करीब पहुंचे कबरा समेत दो हाथियों को वन अमले ने आधी रात …

Leave a Reply