Breaking News

अम्बिकापुर@साइबर ठगी के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले दो आरोपी गिरफ्तार,चार राज्यों में फैला मिला ठगी का नेटवर्क

Share

  • म्यूल अकाउंट के जरिए ठगी की रकम का हो रहा था लेन-देन,तमिलनाडु से पश्चिम बंगाल तक दर्ज मिलीं ऑनलाइन शिकायतें,किसी ने पैसों के लालच में दिए दस्तावेज तो दूसरा पांच रुपये के नोट के बदले एक लाख पाने के झांसे में फंसा

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,26 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। साइबर ठगी के बढ़ते मामलों में दूसरों के बैंक खातों का इस्तेमाल कर ठगी की रकम का लेन-देन करने वाले म्यूल अकाउंट धारकों के खिलाफ सरगुजा पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में कोतवाली पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में दोनों आरोपियों के बैंक खातों का इस्तेमाल साइबर अपराधों में किए जाने की जानकारी सामने आई है। इन खातों से संबंधित ऑनलाइन शिकायतें देश के कई राज्यों में दर्ज पाई गई हैं। पुलिस ने एक मामले में तमिलनाडु, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश और राजस्थान तथा दूसरे मामले में आंध्रप्रदेश, कर्नाटक,ओडिशा और पश्चिम बंगाल में शिकायतें दर्ज होने की जानकारी दी है। पुलिस मुख्यालय रायपुर से भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र के समन्वय पोर्टल पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर फर्जी मोबाइल नंबर जारी करने वाले पॉइंट ऑफ सेल और म्यूल बैंक खाताधारकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी के तहत साइबर सेल से प्राप्त जानकारी और दस्तावेजों की जांच में कुछ बैंक खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम प्राप्त करने के लिए किए जाने का खुलासा हुआ। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने दोनों मामलों में अलग-अलग अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। पहले मामले में एचडीएफसी बैंक खाते से संबंधित शिकायतें तमिलनाडु, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश और राजस्थान के साइबर पुलिस पोर्टल पर दर्ज मिलीं।
जांच के दौरान पुलिस ने मनोहर लाल तिग्गा (25 वर्ष),पिता नाथ तिग्गा, निवासी जराकेला तुतपारा बरगीडीह, थाना लुण्ड्रा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि वर्ष 2023 में काम की तलाश में अंबिकापुर आने के दौरान अपने एक दोस्त के माध्यम से वह एमजी रोड स्थित स्मार्ट पॉइंट के ऊपर संचालित वर्चुअल फैशन प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी के कार्यालय पहुंचा था। वहां उसने एक फॉर्म भरकर अपनी फोटो,आधार कार्ड,कक्षा 12वीं की अंकसूची,पैन कार्ड और एचडीएफसी बैंक खाते की छायाप्रति जमा की थी। इसके लिए उसने 200 रुपये शुल्क भी दिया था। जांच में सामने आया कि उसके बैंक खाते का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम प्राप्त करने के लिए किया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने अधिक पैसे के लालच में अपना बैंक खाता उपलब्ध कराया था। इस मामले में अपराध क्रमांक 825/2026 के तहत धारा 420 भादवि में अपराध दर्ज किया गया था। दूसरे मामले में पुलिस ने विकास लकड़ा (40 वर्ष),पिता सुरेश लकड़ा, निवासी लक्ष्मीपुर तेंदूपारा, अंबिकापुर,थाना मणिपुर को गिरफ्तार किया है। इस मामले में संबंधित बैंक खातों के विरुद्ध आंध्रप्रदेश,कर्नाटक, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में ऑनलाइन साइबर शिकायतें दर्ज मिली थीं। पुलिस के अनुसार आरोपी जुलाई-अगस्त 2024 के दौरान फेसबुक पर पांच रुपये के ट्रैक्टर छाप नोट के बदले एक लाख रुपये मिलने का विज्ञापन देखकर झांसे में आ गया था।
इसके बाद एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर खुद को आरबीआई का अधिकारी बताया और उसे बैंक खाते खुलवाने के लिए कहा। आरोपी ने उक्त व्यक्ति के कहने पर अगस्त 2024 में पंजाब नेशनल बैंक और सितंबर 2024 में केनरा बैंक में खाते खुलवाए। दोनों खातों में संबंधित अज्ञात व्यक्ति द्वारा दिए गए मोबाइल नंबर दर्ज कराए गए। इतना ही नहीं,खाते के सत्यापन के नाम पर दोनों बैंकों के एटीएम कार्ड भी कूरियर के माध्यम से राजस्थान के भिवाड़ी स्थित पते पर भेज दिए। कुछ समय बाद जब संबंधित व्यक्ति से संपर्क टूट गया,तब आरोपी ने अपने बैंक खातों में अपना मोबाइल नंबर दोबारा जुड़वाया। पुलिस जांच में इन खातों का इस्तेमाल भी साइबर ठगी की रकम के लेन-देन में किए जाने की जानकारी सामने आई। विवेचना के दौरान आरोपी के कब्जे से पंजाब नेशनल बैंक और केनरा बैंक की पासबुक ई-साक्ष्य के रूप में जब्त की गई। इस मामले में अपराध क्रमांक 626/2026 के तहत धारा 318(4) बीएनएस में अपराध पंजीबद्ध किया गया था। दोनों मामलों में पुलिस ने उपलब्ध दस्तावेजों और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस अब इन बैंक खातों के माध्यम से हुए लेन-देन, ठगी की रकम और खातों का इस्तेमाल करने वाले अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
लालच में बैंक खाता देना पड़ सकता है भारी
साइबर अपराधी अक्सर सीधे लोगों के खातों में ठगी की रकम मंगाने के बजाय दूसरे व्यक्तियों के बैंक खातों का इस्तेमाल करते हैं। इसके लिए वे नौकरी, कमीशन, अतिरिक्त कमाई या किसी आकर्षक योजना का लालच देते हैं। कई बार फर्जी अधिकारी बनकर लोगों को अपने जाल में फंसाया जाता है। ऐसे बैंक खातों को म्यूल अकाउंट कहा जाता है। खाताधारक भले ही ठगी की पूरी साजिश में शामिल न हो,लेकिन अपने खाते और बैंकिंग दस्तावेज उपलब्ध कराने पर वह भी कानूनी कार्रवाई के दायरे में आ सकता है। सरगुजा पुलिस ने ऐसे मामलों में लगातार कार्रवाई जारी रखने की बात कही है। दोनों मामलों की कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी उप निरीक्षक अखिलेश सिंह,साइबर सेल प्रभारी अजीत मिश्रा,उप निरीक्षक सत्येंद्र सिंह,प्रधान आरक्षक सियाराम मरावी,प्रधान आरक्षक सदरक लकड़ा तथा आरक्षक हरिनाम सिंह, अनुग्रस लकड़ा, प्रवीण खलखो, राजीव एक्का और बिजेंद्र पैकरा की भूमिका रही।


Share

Check Also

उदयपुर@कुसुवामुड़ा-सुखरी भंडार में कबरा हाथी के दल का डेरा, कई गांवों में अलर्ट

Share बस्ती के करीब पहुंचे कबरा समेत दो हाथियों को वन अमले ने आधी रात …

Leave a Reply