करणी स्टील-प्लांट में सफाई के दौरान हादसा,35 से 75′ तक जले
महासमुंद,26 नवम्बर 2026। महासमुंद जिले के तुमगांव थाना क्षेत्र स्थित करणी कृपा पावर स्टील प्लांट में एक बार फिर बड़ा हादसा हुआ है। 24 नवंबर की रात औद्योगिक भट्ठी की सफाई के दौरान गर्म डस्ट 5 मजदूरों पर गिर गया। हादसे में सभी मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें इलाज के लिए रायपुर के कालड़ा नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। यहां बर्न यूनिट में उनका इलाज चल रहा है।
मिथिलेश्वर 75 प्रतिशत तक झुलसे : जानकारी के मुताबिक, हादसा ग्राम खैरझिटी-कौंवाझर के बीच स्थित प्लांट में हुआ। पांचों मजदूर भट्ठी की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान भट्ठी में जमा गर्म डस्ट अचानक उनके ऊपर गिर गया। डस्ट पूरी तरह ठंडा नहीं हुआ था। इसकी चपेट में आने से सभी मजदूर झुलस गए। हादसे के बाद प्लांट प्रबंधन ने एंबुलेंस से घायलों को रायपुर भेजा। डॉक्टर सुनील कालड़ा के अनुसार, मिथिलेश्वर 75 प्रतिशत, लाल सिंह 45 प्रतिशत, राजकुमार 35 प्रतिशत, भागवत 55 प्रतिशत और हेमंत 60 प्रतिशत तक झुलसे हैं। सभी की हालत गंभीर बताई गई है।
पहले भी हो चुके हैं हादसे : प्लांट की औद्योगिक भट्ठी में गर्म डस्ट की चपेट में आने से पिछले तीन-चार साल में कई हादसे होने की जानकारी सामने आई है। जिसमें मजदूरों की मौत भी हो चुकी है।
सुरक्षा इंतजामों की जांच जरूरी : भट्ठी की सफाई जैसे जोखिम भरे काम में डस्ट का पूरी तरह ठंडा होना और सुरक्षा नियमों का पालन करना जरूरी है। यह जांच का विषय है कि हादसे के समय डस्ट का तापमान जांचा गया था या नहीं। मजदूरों को जरूरी सुरक्षा उपकरण दिए गए थे या नहीं और सफाई के दौरान तय सुरक्षा प्रक्रिया अपनाई गई थी या नहीं।
प्रशासन से जांच और कार्रवाई की मांग : लगातार हादसों की जानकारी सामने आने के बाद प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था की जांच की मांग उठ रही है। प्रशासन और औद्योगिक सुरक्षा विभाग को घटना की जांच कर यह पता लगाना चाहिए कि हादसा किन कारणों से हुआ। जांच में लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur