Breaking News

नई दिल्ली@संसद का सत्र फिर बुलाएगी केंद्र सरकार

Share


लोकसभा 30 नवंबर और राज्यसभा 2 दिसंबर से बैठेगी,3 दिसंबर तक चल सकता है कामकाज


नई दिल्ली,26 नवम्बर 2026। सरकार ने संसद के दोनों सदनों की बैठक दोबारा बुलाने की तैयारी कर ली है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी कि सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति से दोनों सदनों की बैठक फिर से शुरू कराने का अनुरोध किया है। इसके तहत लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर को बुलाने का प्रस्ताव है। सरकार का कहना है कि जरूरी सरकारी कामकाज निपटाने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है।
सरकार ने दोनों सदनों की बैठक
दोबारा बुलाने के लिए प्रस्ताव दिया
– लोकसभाः 30 नवंबर 2026, सोमवार से बैठक शुरू कराने का अनुरोध।
– राज्यसभाः 2 दिसंबर 2026, बुधवार से बैठक शुरू कराने का अनुरोध।
– संभावित समापनः दोनों सदनों का कामकाज 3 दिसंबर को समाप्त हो सकता है।
– उद्देश्यः जरूरी सरकारी कामकाज को पूरा करना।
महिला आरक्षण कानून लागू करने से जुड़ा बिल लाने की अटकलें
इस बीच संसद में महिला आरक्षण कानून लागू करने के लिए परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक पर चर्चा है। इसे लेकर संसद का विशेष या विस्तारित सत्र बुलाए जाने की अटकलें थीं। ऐसे में दोनों सदनों की बैठक बुलाए जाने को इस विधेयक से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, सरकार ने अभी तक बैठक के एजेंडे में इस विधेयक को शामिल करने की पुष्टि नहीं की है।
3 दिसंबर तक ही
चलेगा संसद का कामकाज?

रिजिजू ने अपने पोस्ट में स्पष्ट किया है कि दोनों सदनों की बैठक 3 दिसंबर को समाप्त हो सकती है। हालांकि,उन्होंने इसके लिए एक शर्त भी बताई है। उनके अनुसार, बैठकें सदनों के सामने मौजूद कामकाज की जरूरतों और परिस्थितियों के आधार पर समाप्त होंगी। इसका मतलब है कि 3 दिसंबर की तारीख संभावित है,इसे अंतिम और तय तारीख नहीं बताया गया है।
दलों के समर्थन की कितनी
दरकार? समीकरण क्या?

संविधान संशोधन विधेयक पारित करने के लिए 543 सदस्यीय लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत (361 वोट) आवश्यक है। मौजूदा समय में एनडीए के पास 320 सांसद हैं। अप्रैल में बिल गिरने के बाद 26 विपक्षी सांसद (20 तृणमूल कांग्रेस और 6 उद्धव गुट) एनडीए के पाले में आ चुके हैं। फिर भी, सरकार को बिल पास कराने के लिए डीएमके (22) और एनसीपी-एसपी (8) जैसे दलों के समर्थन की दरकार होगी। दक्षिणी राज्यों की चिंताओं को दूर करने के लिए सरकार लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी के फॉर्मूले पर विचार कर रही है। इसके तहत 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों का मौजूदा अनुपात बरकरार रखा जा सकता है। मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्ष आक्रामक है, जिससे सत्र के हंगामेदार रहने की पूरी संभावना है।
परिसीमन और
सीटों में वृद्धि का प्रस्ताव

सत्तारूढ़ गठबंधन के एक सांसद ने कहा कि संविधान संशोधन विधेयक पर बहस और मतदान तभी संभव होगा जब सदन व्यवस्थित तरीके से काम करेगा। मौजूदा सत्र की विस्तारित बैठक के लिए दो दिन और नए सत्र के लिए 14 दिन का नोटिस आवश्यक है। सरकार एक ऐसे फॉर्मूले पर विचार कर रही है जिसके तहत लोकसभा सीटों को राज्यों में 50 फीसदी बढ़ाया जाएगा। इसका उद्देश्य दक्षिणी राज्यों की परिसीमन के निहितार्थों पर चिंताओं को दूर करना है।


Share

Check Also

नई दिल्ली@राहुल पर बरसे गृह मंत्री शाह…कहा…कुछ लोग संविधान जेब में रखते हैं,इसकी पुस्तक लहराने से पहले पढ़ना भी जरूरी

Share नई दिल्ली,26 नवम्बर 2026। भाजपा ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में संविधान गौरव दिवस मनाया। …

Leave a Reply