Breaking News

बैकुंठपुर@कलेक्टर के सामने खुलती बच्चों के मन की गांठें, ‘सुपर थर्टी’ में सपनों के साथ घर की पीड़ा भी साझा कर रहे युवा

Share

  • कलेक्टर के सामने बेझिझक खुल रहे बच्चों के सपने, ‘सुपर-30’ बना संवाद और मार्गदर्शन का मंच
  • झुमका के तट पर सजी ‘सुपर-30’ की पाठशाला,कलेक्टर से सीधे सवाल पूछ रहे युवा
  • कलेक्टर से लक्ष्य पूछते युवा,घर की परेशानियां भी साझा करते बच्चे; ‘सुपर-30’ की अनूठी पहल
  • किताबी पढ़ाई से आगे जिंदगी का पाठ,कलेक्टर रोक्तिमा यादव से रूबरू हुए 30 युवा
  • हर महीने 30 नए युवाओं को मिलता है सीधे संवाद का अवसर,रोजगार, उद्यमिता,भविष्य के लक्ष्य और पारिवारिक समस्याओं पर खुलकर होती है बातचीत

-संवाददाता-
बैकुंठपुर (कोरिया),25 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। आमतौर पर किसी जिले के कलेक्टर से मिलने या अपनी बात कहने के लिए लोगों को आवेदन, मुलाकात का समय और औपचारिक प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है,लेकिन कोरिया जिले में एक ऐसा मंच तैयार किया गया है, जहां बच्चे और युवा बिना किसी शिक्षक या मध्यस्थ के सीधे कलेक्टर के सामने बैठकर अपने मन की बात कह सकते हैं, वे उनसे अपने भविष्य,लक्ष्य,पढ़ाई,रोजगार और जीवन की चुनौतियों पर सवाल पूछते हैं,इतना ही नहीं, कुछ बच्चे अपने घर की परिस्थितियों और परिवार में नशे के कारण पैदा हुई परेशानियों को भी खुलकर साझा करते हैं,यह मंच है कलेक्टर्स-15 का ‘सुपर थर्टी’,जहां हर महीने 30 नए बच्चों को अपनी बात रखने,सवाल पूछने और अपनी झिझक से बाहर निकलने का अवसर मिलता है।
जिला शिक्षा अधिकारी जितेंद्र गुप्ता की पहल पर सुपर-30 की तर्ज पर शुरू की गई ‘30 युवा, 30 सोच, 30 संभावना’ की यह अवधारणा युवाओं को केवल किताबी ज्ञान या औपचारिक मार्गदर्शन तक सीमित नहीं रखती,बल्कि उन्हें अपनी जिंदगी से जुड़े वास्तविक सवालों के साथ सामने आने का अवसर देती है,झुमका जलाशय के तट स्थित ओपन थिएटर में आयोजित इस कार्यक्रम में कलेक्टर कोरिया रोक्तिमा यादव स्वयं युवाओं के बीच बैठकर उनकी बातें सुनती हैं, यहां कलेक्टर और बच्चों के बीच संवाद का ऐसा वातावरण बनाने का प्रयास है, जिसमें बच्चे बिना संकोच सवाल पूछ सकें और अपनी बात कह सकें।
जब बच्चे पढ़ाई से आगे बढ़कर घर की परेशानियां भी बताते हैं-‘सुपर थर्टी’ का सबसे संवेदनशील और महत्वपूर्ण पक्ष तब सामने आता है,जब कुछ बच्चे अपनी पारिवारिक परिस्थितियों को भी साझा करते हैं, कई बार होनहार और प्रतिभाशाली बच्चे पढ़ाई में अच्छा प्रदर्शन करने की क्षमता रखते हैं, लेकिन उनके घर का वातावरण उनकी राह में बाधा बन जाता है,कुछ बच्चों के परिवारों में नशे की समस्या के कारण घरेलू माहौल प्रभावित है,ऐसी परिस्थितियों का असर बच्चों की पढ़ाई,मानसिक स्थिति,आत्मविश्वास और भविष्य की योजनाओं पर भी पड़ता है,इन बच्चों के लिए अपनी परेशानी किसी के सामने रख पाना भी आसान नहीं होता,लेकिन इस मंच पर उन्हें अपनी बात कहने का अवसर मिलता है,वे बता पाते हैं कि उनके घर में क्या परिस्थितियां हैं,किन समस्याओं से वे जूझ रहे हैं और उनका भविष्य किन चुनौतियों के बीच आगे बढ़ रहा है,यह पहल इस दृष्टि से महत्वपूर्ण है कि बच्चों की समस्याओं को केवल परीक्षा परिणाम या पढ़ाई में प्रदर्शन के आधार पर नहीं देखा जा रहा,बल्कि उनके सामाजिक और पारिवारिक परिवेश को समझने का भी प्रयास हो रहा है, प्रतिभा होने के बावजूद यदि किसी बच्चे को घर की परेशानियों से जूझना पड़ रहा है,तो उसके लिए केवल पढ़ाई की सलाह पर्याप्त नहीं हो सकती,उसे सुनने,समझने और जरूरत के अनुसार सहयोग का रास्ता तलाशने की भी आवश्यकता होती है।
हर महीने 30 नए बच्चे, हर बार नए सवाल और नई सोच-इस आयोजन की एक विशेष व्यवस्था यह है कि हर महीने 30 नए बच्चों को शामिल किया जाता है,यानी हर बार नए चेहरे,नए अनुभव,नई सोच और अलग-अलग सवाल इस मंच का हिस्सा बनते हैं, इससे अधिक से अधिक बच्चों को सीधे संवाद का अवसर मिल सकता है,हर बच्चे की परिस्थिति अलग है,किसी का सवाल पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर है,कोई रोजगार और भविष्य की संभावनाओं को समझना चाहता है,तो कोई अपने परिवार की परिस्थितियों के बीच आगे बढ़ने का रास्ता तलाश रहा है, कुछ बच्चों के मन में ऐसे सवाल भी होते हैं, जिन्हें वे सामान्य कक्षा या दूसरे औपचारिक मंचों पर पूछने से झिझकते हैं। यहां उन्हें अपनी बात रखने की स्वतंत्रता मिलती है,इस तरह ‘सुपर थर्टी’ केवल 30 बच्चों की एक बैठक नहीं,बल्कि लगातार नए बच्चों तक पहुंचने और उनकी सोच को समझने की मासिक पहल बन रही है,हर महीने नए बच्चों को शामिल करने से संवाद का दायरा भी बढ़ता है और अलग-अलग पृष्ठभूमि से आने वाले बच्चों की समस्याओं और संभावनाओं को जानने का अवसर मिलता है।
हंसी-मजाक से शुरू होकर गंभीर सवालों तक पहुंचता है संवाद-कार्यक्रम का वातावरण जानबूझकर सहज रखा जाता है, शुरुआत आपसी परिचय,हंसी-मजाक और हल्की-फुल्की बातचीत से होती है,ताकि बच्चे किसी औपचारिक बैठक का दबाव महसूस न करें,धीरे-धीरे बातचीत उनके सपनों, रुचियों,पढ़ाई,लक्ष्य,रोजगार और पारिवारिक परिस्थितियों तक पहुंचती है,अलग-अलग महाविद्यालयों और संस्थाओं से आने वाले बच्चों को एक-दूसरे को जानने और अपने विचार साझा करने का अवसर भी मिलता है, नए परिचय बनते हैं,आपसी संवाद बढ़ता है और बच्चे दूसरों की सोच तथा अनुभवों से भी सीखते हैं,गंभीर चर्चाओं के साथ रचनात्मकता, हंसी-मजाक और यादगार पलों का मेल इस आयोजन को सामान्य मार्गदर्शन कार्यक्रमों से अलग पहचान देता है।
उद्यमिता,रोजगार और अपने जिले में संभावनाओं की तलाश-कार्यक्रम में युवाओं के व्यक्तिगत लक्ष्यों के साथ कोरिया जिले में उपलब्ध अवसरों पर भी चर्चा होती है, उद्यमिता,स्वरोजगार,रोजगार और स्थानीय संसाधनों के आधार पर नए काम शुरू करने की संभावनाओं को समझने का प्रयास किया जाता है,युवाओं को यह सोचने के लिए प्रेरित किया जाता है कि वे अपने कौशल और विचारों के माध्यम से अपने भविष्य के साथ जिले के विकास में भी योगदान दे सकते हैं, इसका उद्देश्य केवल बच्चों को बड़े सपने दिखाना नहीं,बल्कि उन सपनों तक पहुंचने के रास्तों पर बातचीत करना है,वे कौन-सी क्षमता विकसित करें, किस दिशा में तैयारी करें और अपने आसपास उपलब्ध अवसरों को कैसे पहचानें—ऐसे सवाल इस संवाद को व्यावहारिक बनाते हैं।
कलेक्टर तक पहुंचने का नहीं,अपनी बात कहने का आत्मविश्वास
किसी बच्चे के लिए कलेक्टर जैसे वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के सामने बैठकर बिना झिझक सवाल पूछ पाना अपने आप में एक बड़ा अनुभव है,इससे बच्चों के मन में प्रशासन और अधिकारियों को लेकर बनी औपचारिक दूरी कम हो सकती है,वे समझते हैं कि उनकी बात भी सुनी जा सकती है और उनके सवाल भी महत्वपूर्ण हैं,इस मंच की वास्तविक सफलता केवल इस बात से नहीं मापी जानी चाहिए कि कितने बच्चे इसमें शामिल हुए, बल्कि इस बात से भी कि कितने बच्चे अपनी झिझक छोड़कर खुलकर बोल पाए,कितनों को अपने लक्ष्य की दिशा समझने में मदद मिली और कितनी पारिवारिक या व्यक्तिगत समस्याओं को पहचानकर आगे सहयोग का रास्ता बनाया जा सका,जिला शिक्षा अधिकारी जितेंद्र गुप्ता की पहल और कलेक्टर रोक्तिमा यादव की बच्चों के साथ सीधे संवाद की भागीदारी से यह मंच एक ऐसी सोच को सामने रखता है,जिसमें बच्चों को केवल भविष्य का नागरिक नहीं, बल्कि वर्तमान में अपनी सोच और सवाल रखने वाला सक्रिय भागीदार माना जा रहा है,झुमका के तट पर हर महीने जुटने वाले 30 नए बच्चों के साथ यह पहल एक महत्वपूर्ण संदेश देती है—हर बच्चे के पास एक सपना है, हर सपने के पीछे एक कहानी है और हर कहानी को सुने जाने का अवसर मिलना चाहिए। कई बार किसी बच्चे को आगे बढ़ने के लिए बड़े संसाधनों से पहले किसी ऐसे व्यक्ति की जरूरत होती है, जो उसकी बात धैर्य से सुने, उसके सवालों का जवाब दे और उसे यह भरोसा दिलाए कि उसकी परिस्थितियां चाहे जैसी हों,आगे बढ़ने की संभावनाएं हमेशा मौजूद हैं।
बिना शिक्षक और मध्यस्थ के सीधे कलेक्टर से सवाल-
इस कार्यक्रम की सबसे खास बात इसका खुला और सहज स्वरूप है, सामान्यतः विद्यार्थी किसी बड़े अधिकारी के सामने अपनी बात रखने में संकोच करते हैं, कई बार उनके मन में सवाल होते हैं, लेकिन उन्हें पूछने का आत्मविश्वास नहीं होता, ‘सुपर थर्टी’ में बच्चों को इसी झिझक से बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है, यहां बच्चे सीधे कलेक्टर से पूछ लेते हैं कि उनका अपना लक्ष्य क्या है, वे भविष्य में क्या बनना चाहते हैं और उस लक्ष्य तक पहुंचने के लिए उन्हें किस दिशा में मेहनत करनी चाहिए, वे कलेक्टर से यह भी पूछते हैं कि अपने सपनों को पूरा करने के लिए कौन-से कदम उठाने चाहिए, मुश्किल परिस्थितियों में हौसला कैसे बनाए रखना चाहिए और उपलब्ध अवसरों का उपयोग किस तरह करना चाहिए, कलेक्टर रोक्तिमा यादव के सामने बच्चे अपने सवाल रखते हैं और उनके जवाब सुनते हैं, इस दौरान उन्हें यह एहसास कराया जाता है कि सवाल पूछना कमजोरी नहीं, बल्कि सीखने और आगे बढ़ने की पहली सीढ़ी है, किसी बड़े अधिकारी से सीधे संवाद करने का अनुभव बच्चों के भीतर आत्मविश्वास पैदा करने के साथ उन्हें अपनी बात स्पष्ट रूप से रखने का अवसर भी देता है।


Share

Check Also

सूरजपुर/अंबिकापुर@ सीईओ हो तो श्रीकांत चंद्राकर जैसा! ‘अपनों’ की फाइल पर नरमी,बाकी पर जांच की गर्मी?

Share 35 साल पुरानी फाइल को मिली संजीवनी,करोड़ों की शिकायतों को अब तक ऑक्सीजन क्यों …

Leave a Reply