Breaking News

अम्बिकापुर@रेस्क्यू के बाद लौटी टीम,अब रेडियो कॉलर से ट्रैक होगा कबरा का हर मूवमेंट

Share


19 लोगों की जान लेने वाले हाथी की आक्रामकता में आई कमी,17 हाथियों के दल में हुआ शामिल…15 दिन तक उदयपुर के जंगलों में चला अभियान

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,25 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। छह महीने में 19 लोगों की जान लेने वाले कबरा हाथी के रेस्क्यू के बाद अब वन विभाग की नजर उसकी हर गतिविधि पर रहेगी। ट्रैंकुलाइज कर रेडियो कॉलर पहनाए जाने के बाद कबरा दोबारा 17 हाथियों के दल में शामिल हो गया है। वनकर्मियों के अनुसार,उसकी आक्रामकता में भी कमी आई है और फिलहाल वह शांत व्यवहार कर रहा है। रेडियो कॉलर के जरिए उसकी लोकेशन ट्रैक की जाएगी, ताकि आबादी की ओर उसकी आवाजाही का समय रहते पता लगाया जा सके। इधर, करीब 15 दिनों तक उदयपुर के जंगलों में रेस्क्यू अभियान चलाने वाली रमकोला और अचानकमार की टीमें बुधवार को वापस लौट गईं। कबरा हाथी पिछले छह महीने से सरगुजा संभाग में आतंक का पर्याय बना हुआ था। उसके हमलों में अविभाजित सरगुजा जिले में 19 लोगों की मौत हो चुकी थी। लगातार बढ़ती जनहानि को देखते हुए वन विभाग ने उसे ट्रैंकुलाइज कर रेडियो कॉलर लगाने का निर्णय लिया था। इसके लिए वन विशेषज्ञों की टीम ने कुमकी हाथियों तीरथ राम और दुर्योधन की मदद ली। 19 नवंबर की सुबह करीब 8.30 बजे टीम उदयपुर के जंगल पहुंची। उस समय कबरा 17 हाथियों के दल के साथ था। उसे दल से अलग करने के लिए आतिशबाजी की गई। इसके बाद दोपहर करीब 12.30 बजे रामगढ़ पहाड़ी के नीचे जंगल में ट्रैंकुलाइज गन से उसे डॉट मारा गया। दवा का असर होने पर वह धीरे-धीरे बेहोश होने लगा। इसके बाद टीम ने उसके गले में रेडियो कॉलर लगाया और उसे वापस जंगल में छोड़ दिया।
तमोरपिंगला रेस्क्यू सेंटर लौटी टीम : रेस्क्यू अभियान में शामिल रमकोला और अचानकमार की टीम बुधवार को कुमकी हाथियों तीरथ राम और दुर्योधन के साथ तमोरपिंगला रेस्क्यू सेंटर लौट गई। करीब दो सप्ताह तक जंगल में कबरा की गतिविधियों पर नजर रखने और उसे सुरक्षित तरीके से ट्रैंकुलाइज करने के लिए टीम जुटी रही। अभियान पूरा होने के बाद टीम के सदस्यों के चेहरों पर राहत और अपने परिवार से मिलने की खुशी साफ नजर आई।


Share

Check Also

सूरजपुर/अंबिकापुर@ सीईओ हो तो श्रीकांत चंद्राकर जैसा! ‘अपनों’ की फाइल पर नरमी,बाकी पर जांच की गर्मी?

Share 35 साल पुरानी फाइल को मिली संजीवनी,करोड़ों की शिकायतों को अब तक ऑक्सीजन क्यों …

Leave a Reply