कामराजर बंदरगाह पर दूसरे कंटेनर टर्मिनल के विकास को मंजूरी,4288 करोड़ रुपये होंगे खर्च
नई दिल्ली,25 नवम्बर 2026। पीएम मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट की बुधवार को बैठक हुई। बैठक में पांच बड़े फैसले लिए गए। असम के सिलचर में नया ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनेगा। इसके लिए सरकार ने 2014 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं। यह एयरपोर्ट बांग्लादेश बॉर्डर से करीब 20 किमी दूर है।
पहला फैसला : भारत में ही बनेंगी बुलडोजर,क्रेन और सुरंग खोदने वाली मशीनें
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि देश में सड़कें,पुल और सुरंगें बनाने का काम बढ़ने से बुलडोजर, क्रेन और बड़ी मशीनों की मांग बढ़ रही है। अभी भारत में इनकी आधी से ज्यादा जरूरत विदेशों से पूरी होती है। सरकार अब 11 हजार करोड़ रुपए खर्च कर अगले 8 साल में इन मशीनों और इनके पार्ट्स को देश में ही बनाने को बढ़ावा देगी। इसके लिए जेसीबी जैसी कंपनियों के साथ छोटे पार्ट्स बनाने वाली कंपनियों को भी आर्थिक मदद मिलेगी। मशीनों की जांच के लिए अलग सेंटर बनाया जाएगा,जिसके लिए ्रक्र्रढ्ढ को 375 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। वैष्णव के मुताबिक,सुरंग खोदने जैसी एक बड़ी मशीन बनाने में 500-600 कंपनियों के पार्ट्स लग सकते हैं।
दूसरा फैसला : कामराजर बंदरगाह पर दूसरे कंटेनर टर्मिनल के विकास को मंजूरी,4,288करोड़ रुपये होंगे खर्च
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने चेन्नई के निकट स्थित कामराजर बंदरगाह (एन्नोर पोर्ट) पर दूसरे कंटेनर टर्मिनल के विकास को मंजूरी दे दी है। सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) के तहत डिजाइन,निर्माण,वित्त,संचालन और हस्तांतरण (डीबीएफओटी) आधार पर विकसित होने वाली इस परियोजना पर 4,288.26 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत आएगी। इस टर्मिनल की वार्षिक कंटेनर संचालन क्षमता 20 लाख टीईयू होगी। इसके लिए 900 मीटर लंबा बर्थ और 18 मीटर गहरा जलमार्ग विकसित किया जाएगा। परियोजना को दो चरणों में पूरा किया जाएगा और यहां 24,000 से अधिक टीईयू क्षमता वाले विशाल कंटेनर जहाजों को भी संभालने की सुविधा होगी। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को मंत्रिमंडल के फैसलों की जानकारी देते हुए कहा कि कामराजर बंदरगाह में कंटेनर टर्मिनल विकसित करने की व्यापक संभावनाएं हैं। इसकी विशेषता यह है कि बंदरगाह की आंतरिक परिवहन संपर्क व्यवस्था काफी अच्छी है और यहां तक रेलवे की सीधी कनेक्टिविटी भी उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि भारत में कंटेनर यातायात तेजी से बढ़ रहा है।
तीसरा फैसला : असम के सिलचर
ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे के विकास को मंजूरी
केंद्र सरकार असम के सिलचर जिले के डोलू में 2,014 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे का विकास करेगी। एयरपोर्ट से पूर्वोत्तर भारत की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय विकास गलियारों (ग्रोथ कॉरिडोर) के साथ कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय की योजना को मंजूरी दी। मंत्रिमंडल के फैसलों की जानकारी केंद्रीय मंत्री अश्वनी वैष्णव ने राष्ट्रीय मीडिया केंद्र में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि योजना के तहत प्रमुख बुनियादी ढांचे के तौर पर 12,351 वर्ग मीटर की टर्मिनल बिल्डिंग का निर्माण किया जाएगा। व्यस्ततम समय में एयरपोर्ट की क्षमता 800 यात्रियों की होगी। इसमें 2,705 मीटर & 45 मीटर का रनवे होगा। साथ ही छह एयरबस ए-320 विमानों के लिए एप्रन पार्किंग क्षमता होगी। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट दक्षिण असम और बराक घाटी के लिए एक नया प्रवेश द्वार बनेगा। इससे मौजूदा सिलचर एयरपोर्ट की परिचालन और जगह संबंधी कमियों दूर होंगी। इससे दक्षिण असम और पड़ोसी राज्यों के नजदीकी इलाकों में हवाई यातायात की बढ़ती मांग पूरी होगी। इसके अलावा क्षेत्रीय व्यापार,पर्यटन और आर्थिक संभावनाओं को बढ़ावा मिलेगा।
चौथा फैसला : डाक संचालन योजना को 2030-31 तक जारी रखने की मंजूरी
केंद्रीय कैबिनेट ने 25 नवंबर 2026 को डाक संचालन योजना को 16वें वित्त आयोग की अवधि के लिए जारी रखने की मंजूरी दी है। इसके लिए 1,141 करोड़ रुपए का बजट स्वीकृत किया गया है।
पांचवां फैसला : डाक विभाग के बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने के लिए 1,491 करोड़ मंजूर
केंद्रीय कैबिनेट ने 25 नवंबर 2026 को डाक विभाग की एस्टेट मैनेजमेंट स्कीम को वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक जारी रखने के लिए 1,491 करोड़ मंजूर किए हैं। इसके तहत देशभर में डाक विभाग के भवनों और सुविधाओं को बेहतर बनाया जाएगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur