लखनपुर के ग्राम गुमगरा कलां में भागवत कथा में शामिल हुए मंत्री राजेश अग्रवाल, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की
-संवाददाता-
लखनपुर,23 नवम्बर 2026(घटती-घटना)। प्रदेश के पर्यटन, संस्कृति,धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री श्री राजेश अग्रवाल आज सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम गुमगरा कलां में आयोजित पावन श्रीमद् भागवत कथा में शामिल हुए। उन्होंने श्रद्धापूर्वक कथा का श्रवण कर भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति और आराधना में सहभागिता की तथा समस्त प्रदेशवासियों के सुख,शांति,समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ते हैं धार्मिक आयोजन : इस अवसर पर श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा जैसे आध्यात्मिक आयोजन भारतीय सनातन संस्कृति,धार्मिक आस्था और नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने के महत्वपूर्ण माध्यम हैं। भगवान श्रीकृष्ण की लीलाएं और उपदेश मानव जीवन को प्रेम,करुणा,सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में होने वाले ऐसे आयोजनों से समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक समरसता को बल मिलता है, साथ ही नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध परंपराओं और संस्कारों से परिचित होने का अवसर प्राप्त होता है।
सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए सरकार प्रतिबद्ध : श्री अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान अपनी समृद्ध धार्मिक परंपराओं और लोक संस्कृति से है। राज्य सरकार प्रदेश की सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। अंत में उन्होंने ग्राम गुमगरा कलां में इस भव्य और पावन कथा के सफल आयोजन के लिए आयोजकों व समस्त ग्रामवासियों की सराहना की।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur