जांच प्रकरणों के नियमानुसार,पारदर्शी एवं समयबद्ध निराकरण पर दिया गया मार्गदर्शन
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,23 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। विभागीय जांच की प्रक्रिया एवं नियमों की जानकारी देने और जांच प्रकरणों का नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज 23 नवंबर 2026 को शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अम्बिकापुर के सभाकक्ष में एक दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में जिले के सभी विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी, सहायक विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी एवं 35 प्राचार्य शामिल हुए। प्रशिक्षण के दौरान सेवानिवृत्त प्राचार्य श्री संजय सिंह एवं शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय विश्रामपुर, जिला सूरजपुर के प्राचार्य श्री आशीष भट्टाचार्य ने विभागीय जांच की प्रक्रिया, नियमों एवं विभिन्न चरणों के संबंध में विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया। कार्यशाला में आरोप पत्र में उल्लेखित बिन्दुओं का परीक्षण, अभिलेख एवं दस्तावेजों का संकलन, साक्ष्यों की जांच, संबंधित पक्षों के कथन दर्ज करने तथा जांच प्रतिवेदन तैयार करने की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 एवं संबंधित सेवा नियमों के प्रावधानों की जानकारी दी गई। विषय विशेषज्ञों ने प्रारंभिक जांच, निर्धारित नियमों के अनुरूप विभागीय कार्यवाही,आरोपों का साक्ष्य आधारित परीक्षण, अभिलेखों का विधिवत संधारण,निष्पक्षता के साथ साक्ष्यों एवं कथनों की जांच तथा समय-सीमा में त्रुटिरहित जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। लंबित विभागीय जांच प्रकरणों के प्रभावी एवं समयबद्ध निराकरण पर भी विशेष जोर दिया गया। कार्यशाला के अंत में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभागीय जांच की प्रक्रिया को गंभीरता से समझने तथा किसी भी प्रकार की शंका का विषय विशेषज्ञों के माध्यम से समाधान प्राप्त करने के निर्देश दिए गए। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य विभागीय कार्यवाही में पारदर्शिता,निष्पक्षता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए नियमों के प्रभावी पालन को बढ़ावा देना है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur