Breaking News

सूरजपुर@टायर फटने से मौत के मुहाने पर पहुंचे यात्री,पेड़ से भिड़ी बस, 12 घायल

Share


सासाराम से अंबिकापुर आ रही बस का भीषण हादसा,चार गंभीर घायल….
-संवाददाता-
सूरजपुर 23 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)।
प्रतापपुर-शिवपुर मार्ग पर रविवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, बिहार के सासाराम से यात्रियों को लेकर अंबिकापुर आ रही बस का अचानक टायर फटने से वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया। दुर्घटना में करीब एक दर्जन यात्री घायल हो गए, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है, गंभीर रूप से घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया गया है,हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई, सूचना मिलते ही प्रतापपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
शिवपुर मोड़ के पास अचानक फटा बस का टायर– मिली जानकारी के अनुसार बिहार के सासाराम से यात्रियों को लेकर शमीम बस क्रमांक सीजी 15 ईए 3408 रविवार को अंबिकापुर के लिए रवाना हुई थी, बस देर रात सेमरसोत होते हुए प्रतापपुर की ओर बढ़ रही थी, इसी दौरान शिवपुर मोड़ के पास अचानक बस का टायर फट गया,टायर फटने के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई, टक्कर के बाद बस खेत की ओर झुक गई, हादसे की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं टक्कर से पेड़ की छाल तक उखड़ गई, अचानक हुए इस हादसे से यात्रियों को संभलने का मौका नहीं मिला,बस के भीतर अफरा-तफरी मच गई और घायल यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े।
पुलिस और ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा,घायलों को निकाला बाहर- दुर्घटना की सूचना मिलते ही प्रतापपुर पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची, स्थानीय ग्रामीणों और अन्य यात्रियों की मदद से बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया,इसके बाद डायल 112 और एंबुलेंस की सहायता से घायलों को प्रतापपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया,अस्पताल में चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया,इनमें चार यात्रियों की स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य घायलों का उपचार प्रतापपुर में जारी रहा, समय रहते पुलिस और स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा सका।
हादसे की खबर मिलते ही अस्पताल पहुंचे परिजन-देर रात हुए हादसे की खबर फैलते ही यात्रियों के परिजनों में चिंता और अफरा-तफरी का माहौल बन गया,अंबिकापुर में सूचना पहुंचने के बाद कई परिजन अपने स्वजनों का हाल जानने अस्पताल पहुंचे,वहीं सुबह दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद घटनास्थल पर भी लोगों की भीड़ जुट गई, हादसे में एक दर्जन यात्रियों के घायल होने की खबर से क्षेत्र में चिंता का माहौल रहा।
जर्जर सड़क के कारण बदले मार्ग से चल रही हैं यात्री बसें- गौरतलब है कि रामानुजगंज-अंबिकापुर मार्ग की जर्जर स्थिति और सड़क निर्माण कार्य जारी होने के कारण इन दिनों यात्री बसें सेमरसोत होते हुए प्रतापपुर मार्ग से अंबिकापुर पहुंच रही हैं, इस वैकल्पिक मार्ग पर यात्री बसों की आवाजाही बढ़ी हुई है,ऐसे में प्रतापपुर-शिवपुर मार्ग पर हुआ यह हादसा यात्री सुरक्षा और सड़क पर सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ाता है, हालांकि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे की वजह बस का टायर फटना बताई जा रही है,लेकिन दुर्घटना की परिस्थितियों की विस्तृत जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी,इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा किया है कि वैकल्पिक मार्गों से गुजरने वाली यात्री बसों की सुरक्षा, वाहनों की तकनीकी स्थिति और मार्ग पर सावधानी के इंतजामों को लेकर कितनी सतर्कता बरती जा रही है,फिलहाल हादसे में किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन चार यात्रियों की गंभीर स्थिति और बस के क्षतिग्रस्त होने से दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है,यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को सड़क की स्थिति और यात्री वाहनों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।


Share

Check Also

सूरजपुर@ अनिल बनज के दरबार में विवेक की हर गलती माफ! नियुक्ति का नियम अलग,बहाली का रास्ता अलग और वेतन भुगतान का हिसाब भी निराला!

Share एक कर्मचारी के लिए नए रजिस्टर,नई बैठक और नया सचिव! आखिर विवेक चौरसिया पर …

Leave a Reply