Breaking News

अम्बिकापुर@इंजीनियरिंग कॉलेज में आठ दिवसीय यूएचवी फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम का समापन

Share

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,23 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, अंबिकापुर में आयोजित आठ दिवसीय यूनिवर्सल ह्यूमन वैल्यूज (यूएचवी-आईआई) फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम का 23 नवंबर को समापन हुआ। छत्तीसगढ़ में पहली बार इस तरह का आठ दिवसीय आमने-सामने प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें प्रदेश के विभिन्न शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेजों, पॉलीटेक्निक संस्थानों और विज्ञान एवं कला महाविद्यालयों के करीब 45 प्राध्यापकों ने हिस्सा लिया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय, सरगुजा के कुलपति प्रो. डॉ. राजेंद्र लकपाले तथा अध्यक्ष छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय,भिलाई के कुलसचिव डॉ. राजेश लालवानी थे। इस अवसर पर एआईसीटीई यूएचवी पैनल के प्रो. डॉ. हिमांशु कुमार राय,कॉलेज के प्राचार्य प्रो. डॉ. रामनारायण खरे,सह-प्रशिक्षक रविशंकर रजक एवं माया राठौर और पर्यवेक्षक डॉ. शरद गांगेगांवकर उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. डॉ. राजेंद्र लकपाले ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि बेहतर समाज का निर्माण और व्यक्ति में मानवीय मूल्यों का विकास करना भी है। इसके लिए आत्मविश्लेषण जरूरी है, ताकि व्यक्ति अपनी जिम्मेदारियों और व्यवहार का मूल्यांकन कर संवेदनशील नागरिक बन सके। कुलसचिव डॉ. राजेश लालवानी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 का उल्लेख करते हुए कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस,ऑटोमेशन और तकनीकी नवाचार के बढ़ते दौर में तकनीकी दक्षता के साथ मानवीय मूल्यों का समन्वय जरूरी है। तकनीक का उपयोग समाज के कल्याण, सुरक्षा और विकास के लिए होना चाहिए। वहीं, प्रो. डॉ. हिमांशु कुमार राय ने परिवार, समाज और प्रकृति के साथ संतुलित एवं सामंजस्यपूर्ण संबंध बनाए रखने पर जोर दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य उच्च एवं तकनीकी शिक्षा संस्थानों में मानवीय मूल्यों पर आधारित शिक्षा को बढ़ावा देना और इसके माध्यम से विद्यार्थियों का समग्र विकास सुनिश्चित करना है। 16 से 23 नवंबर तक चले प्रशिक्षण में आत्म-अन्वेषण, स्वयं और शरीर के बीच संबंध, परिवार में विश्वास एवं सम्मान, सामाजिक समरसता, प्रकृति के साथ सह-अस्तित्व और मूल्य आधारित शिक्षा जैसे विषयों पर चर्चा की गई। वीडियो प्रस्तुतियों, संवाद, ट्यूटोरियल, समूह गतिविधियों और व्यावहारिक अभ्यासों के माध्यम से प्रतिभागियों को इन विषयों की समझ विकसित करने का अवसर मिला। प्राचार्य प्रो. डॉ. रामनारायण खरे ने आठ दिनों के प्रशिक्षण का सार प्रस्तुत करते हुए कहा कि इसमें प्राप्त समझ को शिक्षण कार्य,व्यक्तिगत जीवन और सामाजिक व्यवहार में अपनाना जरूरी है। प्रतिभागियों ने भी अपने अनुभव और सीख साझा किए। उन्होंने अपने-अपने संस्थानों में मानवीय मूल्यों पर आधारित शैक्षणिक गतिविधियां संचालित करने का संकल्प लिया।


Share

Check Also

सूरजपुर@ अनिल बनज के दरबार में विवेक की हर गलती माफ! नियुक्ति का नियम अलग,बहाली का रास्ता अलग और वेतन भुगतान का हिसाब भी निराला!

Share एक कर्मचारी के लिए नए रजिस्टर,नई बैठक और नया सचिव! आखिर विवेक चौरसिया पर …

Leave a Reply