Breaking News

अम्बिकापुर@63 वाहन चालकों के कटे चालान,वसूले गए समन शुल्क

Share


ट्रिपल राइडिंग और मॉडिफाइड साइलेंसर वाले वाहनों की भी जांच

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,23 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सरगुजा पुलिस ने विशेष जांच अभियान चलाकर 63 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की है। इस दौरान शराब पीकर वाहन चलाते मिले चार चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत प्रकरण तैयार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। वहीं, दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाने और मॉडिफाइड साइलेंसर लगे वाहनों की भी जांच की गई। पुलिस के अनुसार, सडक दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए कोतवाली,गांधीनगर,मणिपुर थाना और यातायात शाखा की संयुक्त टीम ने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर जांच अभियान चलाया। इस दौरान हेलमेट, सीट बेल्ट, वाहन के दस्तावेज और नंबर प्लेट की भी जांच की गई। अभियान के दौरान कोतवाली थाना क्षेत्र में 10 प्रकरणों में कार्रवाई की गई। इनमें बिना हेलमेट वाहन चलाने के तीन और मौके पर दस्तावेज पेश नहीं करने के तीन मामले शामिल हैं। गांधीनगर थाना क्षेत्र में आठ प्रकरणों में 3700 रुपए समन शुल्क वसूला गया। मणिपुर थाना क्षेत्र में बिना सीट बेल्ट के तीन,दस्तावेज नहीं होने के पांच और ट्रिपल राइडिंग के दो मामलों में चालानी कार्रवाई की गई। वहीं, यातायात शाखा ने 35 प्रकरणों में 14,900 रुपए समन शुल्क वसूला। इनमें बिना सीट बेल्ट के 14,वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग करने के आठ,बिना हेलमेट के पांच और ट्रिपल राइडिंग के तीन मामले शामिल हैं। इसके अलावा मालवाहक में सवारी बैठाने के दो,दस्तावेज नहीं होने के दो और बिना वर्दी वाहन चलाने का एक मामला दर्ज किया गया। सरगुजा पुलिस ने वाहन चालकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा शराब पीकर वाहन नहीं चलाने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि यातायात नियमों का पालन कर ही सडक दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है।


Share

Check Also

सूरजपुर@ अनिल बनज के दरबार में विवेक की हर गलती माफ! नियुक्ति का नियम अलग,बहाली का रास्ता अलग और वेतन भुगतान का हिसाब भी निराला!

Share एक कर्मचारी के लिए नए रजिस्टर,नई बैठक और नया सचिव! आखिर विवेक चौरसिया पर …

Leave a Reply