

- एक कर्मचारी के लिए नए रजिस्टर,नई बैठक और नया सचिव! आखिर विवेक चौरसिया पर इतनी मेहरबानी क्यों?
- अनिल कुमार बनज की भूमिका,नियुक्ति की वैधता और अनुपस्थिति अवधि के वेतन भुगतान की जांच कौन करेगा?
- अनिल कुमार बनज का संरक्षण या विवेक चौरसिया पर विशेष मेहरबानी? गलती पर गलती,फिर भी नियुक्ति और लाखों का भुगतान!
- नियुक्ति का आदेश नहीं,फिर भी नौकरी पक्की! विवेक चौरसिया के लिए बदलती रही कार्यवाही पंजी?
- कभी हटाया,कभी बहाल किया,फिर लाखों का भुगतान! विवेक चौरसिया के मामले में सहकारिता के नियम किसके इशारे पर चले?
- अनिल कुमार बनज के रहते विवेक चौरसिया की हर राह आसान? नियुक्ति से भुगतान तक उठे गंभीर सवाल
- समिति में नियुक्ति का आदेश नहीं,हाईकोर्ट से राहत नहीं,फिर भी कुर्सी बरकरार! सहकारिता के फैसलों पर सवाल
- हटाने के आदेश से बहाली तक का रहस्यमय सफर! विवेक चौरसिया के मामले में सहकारिता विभाग की भूमिका कठघरे में
- सहकारिता में नियम-कानून या ‘विशेष कृपा’ का राज? विवेक चौरसिया की नियुक्ति और भुगतान पर घमासान
- वर्ष 2023 में वैकल्पिक व्यवस्था के नाम पर हुई अस्थायी नियुक्ति, नियुक्ति आदेश का पता नहीं 2025 में सेवा से पृथक, 2026 में पुराने निर्देशों के सहारे वापसी!
- 7 अगस्त और 5 सितंबर को नए कार्यवाही पंजी संधारित कर निर्णय लेने के आरोप,अनुपस्थिति अवधि के लाखों रुपये भुगतान पर भी सवाल
-ओंकार पाण्डेय-
सूरजपुर,23 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। सहकारिता विभाग में नियम-कायदे आखिर किसके लिए बनाए गए हैं? समिति के सामान्य कर्मचारियों के लिए,बेरोजगार युवाओं के लिए या फिर उन चुनिंदा लोगों के लिए जिनके मामले में हर विवाद का कोई न कोई रास्ता निकल आता है? सोनपुर समिति से जुड़ा विवेक कुमार चौरसिया का मामला इन सवालों को और गंभीर बना रहा है,यहां नियुक्ति की प्रक्रिया पर सवाल उठे,नियुक्ति आदेश की उपलब्धता पर सवाल उठे, सेवा से पृथक किए जाने के बाद दोबारा काम पर रखने पर सवाल उठे और अब कार्य पर उपस्थित नहीं रहने की अवधि के लाखों रुपये वेतन भुगतान को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। इस पूरे घटनाक्रम में सहकारिता विभाग के प्रभारी उप पंजीयक अनिल कुमार बनज की भूमिका पर भी शिकायतकर्ताओं ने गंभीर सवाल उठाए हैं,आरोप है कि विवेक कुमार चौरसिया के मामले में विभागीय स्तर पर ऐसी नरमी दिखाई गई कि एक के बाद एक विवाद सामने आने के बावजूद उन्हें राहत मिलने का रास्ता निकलता रहा,हालांकि संरक्षण या मिलीभगत के आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकती है,लेकिन घटनाक्रम में सामने आए दस्तावेजी सवालों का जवाब देना विभाग की जिम्मेदारी है,मामला केवल एक कर्मचारी को काम पर रखने या हटाने का नहीं है,सवाल यह है कि क्या समिति की नियुक्ति प्रक्रिया, बोर्ड के प्रस्ताव, बैठक की सूचना,कार्यवाही पंजी और वेतन भुगतान के नियम किसी व्यक्ति विशेष के लिए अलग-अलग हो सकते हैं? क्या एक बार नियुक्ति पर सवाल उठ जाएं तो पुराने आदेशों का हवाला देकर नई राह बनाई जा सकती है? और क्या कार्य पर उपस्थित नहीं रहने की अवधि का वेतन भी बैठक में प्रस्ताव पारित कर भुगतान किया जा सकता है? अगर यह सब नियमों के अनुरूप हुआ है तो संबंधित अधिकारी दस्तावेजों के साथ स्थिति स्पष्ट करें। लेकिन यदि प्रक्रिया में अनियमितता हुई है तो जिम्मेदारी तय करने से आखिर परहेज क्यों?
2023 में अस्थायी व्यवस्था,लेकिन नियुक्ति आदेश कहां?-उपलब्ध घटनाक्रम के अनुसार, विवेक कुमार चौरसिया को वर्ष 2023 में समिति के बोर्ड द्वारा प्रस्ताव एवं ठहराव पारित कर वैकल्पिक व्यवस्था के तहत अस्थायी लिपिक के रूप में कार्य में रखा गया था,बताया गया है कि उनके पक्ष में कोई विधिवत नियुक्ति आदेश जारी नहीं किया गया, यहीं से पूरे प्रकरण का पहला सवाल शुरू होता है,जब नियुक्ति अस्थायी और वैकल्पिक व्यवस्था के तहत थी तो उसकी शर्तें क्या थीं? नियुक्ति की अवधि कितनी थी? क्या किसी पद के विरुद्ध नियुक्ति की गई थी? क्या चयन प्रक्रिया अपनाई गई थी? और सबसे महत्वपूर्ण, यदि नियुक्ति आदेश ही जारी नहीं हुआ था तो बाद में सेवा से पृथक करने और पुनः कार्य पर रखने की प्रक्रिया किस आधार पर संचालित हुई? सहकारिता व्यवस्था में शायद नियुक्ति आदेश से ज्यादा महत्वपूर्ण प्रस्ताव और ठहराव हो गया है! लेकिन प्रस्ताव की भी अपनी मर्यादा और वैधानिक प्रक्रिया होती है,सवाल यह है कि क्या इस मामले में उन सभी प्रक्रियाओं का पालन किया गया?
27 जनवरी का निर्देश और संस्था के जवाब के बाद खामोशी-विवेक चौरसिया की शिकायत पर संयुक्त आयुक्त सरगुजा संभाग द्वारा 27 जनवरी 2026 को उन्हें कार्य में रखे जाने के संबंध में निर्देश जारी किए जाने की जानकारी सामने आई है,संस्था का कहना है कि इस निर्देश के विरुद्ध उसने अपना पक्ष और तथ्य प्रस्तुत किए,लेकिन संस्था द्वारा दस्तावेज प्रस्तुत किए जाने के बाद आगे कोई स्पष्ट आदेश या निर्देश जारी नहीं किया गया,अब सवाल यह है कि यदि संस्था ने अपने पक्ष में दस्तावेज प्रस्तुत किए थे तो उनका परीक्षण किस स्तर पर हुआ? क्या संयुक्त आयुक्त कार्यालय ने उन दस्तावेजों पर कोई अंतिम निर्णय दिया? क्या निर्देश को संशोधित किया गया या उसे यथावत रखा गया? और यदि कोई अंतिम आदेश नहीं था तो बाद में समिति में विवेक चौरसिया को दोबारा कार्य पर रखने का आधार क्या बना? यहां प्रशासनिक प्रक्रिया का एक विचित्र पहलू सामने आता है—शिकायत पर निर्देश जारी हुआ,संस्था ने जवाब दिया, फिर आगे की स्थिति स्पष्ट नहीं हुई,लेकिन नियुक्ति की गाड़ी फिर भी आगे बढ़ती दिखाई देती है। आखिर किस आदेश के पहियों पर?उच्च न्यायालय पहुंचे विवेक चौरसिया,याचिका खारिज होने के बाद भी सवाल कायम-इस विवाद में विवेक कुमार चौरसिया द्वारा उच्च न्यायालय बिलासपुर का भी दरवाजा खटखटाया गया,उपलब्ध जानकारी के अनुसार,उच्च न्यायालय ने प्रकरण को सुनवाई योग्य नहीं मानते हुए खारिज कर दिया, यहां यह स्पष्ट करना जरूरी है कि याचिका खारिज होने का अर्थ अपने आप में नियुक्ति संबंधी प्रत्येक आरोप का न्यायिक परीक्षण या दोषमुक्ति नहीं माना जा सकता,इसके लिए न्यायालय के वास्तविक आदेश और उसमें दर्ज कारणों को देखना आवश्यक है,लेकिन सवाल फिर भी कायम है कि जब नियुक्ति और सेवा से पृथक किए जाने को लेकर विवाद न्यायिक स्तर तक पहुंच चुका था,तब समिति में दोबारा कार्य पर रखने से पहले सभी पुराने दस्तावेजों और आदेशों का परीक्षण क्यों नहीं किया गया?
प्राधिकृत अधिकारी बदले,व्यवस्था बदली और 7 अगस्त को नया कार्यवाही पंजी!-अब इस प्रकरण का सबसे दिलचस्प और गंभीर अध्याय शुरू होता है,घटनाक्रम के अनुसार, समिति के प्राधिकृत अधिकारी दुर्गाचरण सिंह के विरुद्ध शिकायत की गई और बाद में उन्हें अयोग्य बताते हुए पद से हटाया गया,इसके बाद समिति के प्राधिकृत अधिकारी का दायित्व शाखा प्रबंधक भैयाथान को सौंपा गया, 6 अगस्त 2026 को शाखा प्रबंधक भैयाथान सह प्राधिकृत अधिकारी सोनपुर द्वारा 7 अगस्त को बोर्ड की बैठक आयोजित करने के लिए सूचना जारी की गई,आरोप है कि बैठक की सूचना में बैठक का स्पष्ट एजेंडा और विषय उल्लेखित नहीं था,फिर 7 अगस्त को क्या हुआ? शिकायतकर्ताओं के अनुसार, सचिव की अनुपस्थिति में एक नया बैठक कार्यवाही पंजी संधारित किया गया,एक दिन के लिए कार्यवाहक सचिव नियुक्त किया गया और पुराने निर्देशों का हवाला देते हुए विवेक कुमार चौरसिया को दोबारा कार्य में रखने का प्रस्ताव पारित कर दिया गया,अब यहां कुछ सवाल ऐसे हैं जिनका जवाब केवल एक लाइन में नहीं दिया जा सकता,बैठक की सूचना में स्पष्ट एजेंडा क्यों नहीं था? क्या सभी पात्र बोर्ड सदस्यों को नियमानुसार सूचना दी गई थी? सचिव की अनुपस्थिति में एक दिन के लिए कार्यवाहक सचिव नियुक्त करने का आधार क्या था? क्या नए कार्यवाही पंजी का विधिवत संधारण और प्रमाणीकरण किया गया? क्या विवेक चौरसिया को पहले कार्य में रखने और फिर हटाने से संबंधित सभी पुराने दस्तावेजों का परीक्षण किया गया? क्या नियुक्ति आदेश की अनुपस्थिति और न्यायालयीन कार्यवाही को ध्यान में रखा गया? अगर सब कुछ नियमों के मुताबिक था तो पुराने अभिलेखों के आधार पर ही पारदर्शी तरीके से निर्णय क्यों नहीं लिया गया? नया कार्यवाही पंजी संधारित करने की जरूरत क्यों पड़ी? क्या समिति में अब निर्णय लेने के लिए पुराने रजिस्टर कम पड़ने लगे हैं या नए रजिस्टर में निर्णय ज्यादा सुविधाजनक हो जाते हैं?
5 सितंबर की बैठकःकाम पर नहीं रहने की अवधि का वेतन भी मंजूर?- 7 अगस्त की बैठक के बाद 5 सितंबर 2026 का घटनाक्रम और भी गंभीर सवाल खड़े करता है, आरोप है कि इस दिन बैठक के लिए बिना पूर्व सूचना जारी किए नया बैठक कार्यवाही पंजी संधारित किया गया,बैठक संचालन के लिए नया सचिव अथवा प्रबंधक नियुक्त किया गया और प्रस्ताव-ठहराव पारित कर विवेक कुमार चौरसिया को उस अवधि का वेतन भुगतान करने का निर्णय लिया गया, जिस दौरान वे कार्य पर उपस्थित नहीं थे,यही वह बिंदु है जहां मामला केवल नियुक्ति विवाद से आगे बढ़कर समिति के वित्तीय प्रबंधन और भुगतान प्रक्रिया तक पहुंच जाता है,यदि कर्मचारी संबंधित अवधि में कार्य पर उपस्थित नहीं था तो उस अवधि के वेतन भुगतान की पात्रता किस आधार पर तय की गई? क्या उस अवधि का कोई सेवा संबंधी आदेश था? क्या उपस्थिति पंजी में कार्य पर उपस्थित रहने का रिकॉर्ड था? क्या भुगतान से पहले सक्षम अधिकारी से स्वीकृति ली गई? क्या उच्च कार्यालय को इसकी जानकारी दी गई? क्या वेतन भुगतान की गणना और पात्रता का परीक्षण हुआ? और यदि भुगतान लंबित वेतन के रूप में किया गया तो यह भी स्पष्ट होना चाहिए कि लंबित वेतन किस आदेश के आधार पर देय था,समिति के खजाने से भुगतान करना कोई सामान्य प्रस्ताव पारित करने जैसा विषय नहीं है, यह सार्वजनिक और संस्थागत धन से जुड़ा मामला है,इसलिए भुगतान की प्रत्येक राशि के पीछे वैधानिक आधार,स्वीकृति और अभिलेख होना जरूरी है, यहां व्यंग्यात्मक सवाल भी उठता है—कर्मचारी काम पर रहे या नहीं,वेतन का रास्ता बैठक से निकल सकता है? अगर ऐसा है तो समिति के दूसरे कर्मचारियों को भी यह सुविधा क्यों नहीं मिलनी चाहिए? या फिर यह सुविधा केवल चुनिंदा मामलों के लिए सुरक्षित है?
30 सितंबर की आमसभा में विरोध, सदस्यों को जवाब कौन देगा?-30 सितंबर 2026 को समिति की वार्षिक आमसभा में विवेक कुमार चौरसिया की नियुक्ति को लेकर आपत्ति उठाए जाने की जानकारी सामने आई है, आरोप है कि बैठक में प्राधिकृत अधिकारी अनुपस्थित रहे और सदस्यों ने नियुक्ति तथा वेतन भुगतान से संबंधित निर्णयों पर सवाल उठाए,सदस्यों की ओर से यह आपत्ति सामने आई कि बैठक कार्यवाही पंजी बार-बार बदलकर नियुक्ति और भुगतान से जुड़े प्रस्ताव क्यों पारित किए गए? उन्हें पूरी प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी क्यों नहीं दी गई? यदि समिति के सदस्य ही यह नहीं समझ पा रहे कि नियुक्ति किस आधार पर हुई,सेवा से पृथक करने का आदेश क्या था और अनुपस्थिति अवधि का भुगतान किस नियम से किया गया,तो फिर पारदर्शिता का दावा किस आधार पर किया जा रहा है? समिति किसी एक व्यक्ति की निजी व्यवस्था नहीं है,इसके निर्णयों में सदस्यों का विश्वास और नियमों का पालन जरूरी है, आमसभा में उठी आपत्तियों का लिखित जवाब देना और मूल अभिलेखों को उपलब्ध कराना समिति प्रबंधन की जिम्मेदारी है।
बेरोजगार युवाओं की शिकायत और 12 अक्टूबर को फिर पृथक्करण-विवेक कुमार चौरसिया की नियुक्ति को लेकर समिति कार्यक्षेत्र के बेरोजगार युवाओं द्वारा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और उच्च अधिकारियों के समक्ष शिकायत किए जाने की जानकारी दी गई है,इन शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए समिति के प्राधिकृत अधिकारी द्वारा 12 अक्टूबर 2026 को विवेक चौरसिया को समिति और समिति के समस्त कार्यों से पृथक करने का आदेश जारी किया गया,यानी जिस कर्मचारी को अगस्त में दोबारा कार्य पर रखने की प्रक्रिया अपनाई गई, उसी कर्मचारी को अक्टूबर में फिर से पृथक कर दिया गया। अब सवाल यह है कि अगस्त में कार्य पर रखने का निर्णय किन दस्तावेजों के आधार पर लिया गया था और अक्टूबर में पृथक करने का आधार क्या बना? क्या अगस्त में सभी तथ्य सही थे और अक्टूबर में नए तथ्य सामने आए? या फिर अगस्त में ही पुराने आदेशों और नियुक्ति की स्थिति का पूरा परीक्षण नहीं किया गया था? दोनों स्थितियों में जवाबदेही तय होनी चाहिए।
सहकारिता न्यायालय का स्थगन : आदेश का आधार और दायरा सार्वजनिक हो-12 अक्टूबर के आदेश के विरुद्ध विवेक कुमार चौरसिया द्वारा सहकारिता न्यायालय की शरण लेने की जानकारी है,बताया जा रहा है कि न्यायालय से उनके पक्ष में स्थगन आदेश पारित हुआ है,लेकिन इस आदेश को लेकर भी स्पष्टता जरूरी है। क्या न्यायालय के समक्ष नियुक्ति से संबंधित सभी पुराने दस्तावेज,7 अगस्त और 5 सितंबर की बैठक कार्यवाही,भुगतान अभिलेख तथा 12 अक्टूबर का आदेश प्रस्तुत किए गए थे? स्थगन आदेश किन तथ्यों और आधारों पर दिया गया? उसका दायरा क्या है? क्या यह केवल पृथक्करण आदेश पर रोक है या अन्य विषयों को भी प्रभावित करता है? स्थगन आदेश अंतिम निर्णय नहीं होता। इसलिए न्यायालयीन आदेश की वास्तविक भाषा और प्रभाव को सामने रखे बिना किसी पक्ष को पूरी तरह सही या गलत ठहराना उचित नहीं होगा।
अनिल कुमार बनज से सवाल : आखिर इस पूरे मामले की जवाबदेही किसकी?-पूरे घटनाक्रम में प्रभारी उप पंजीयक अनिल कुमार बनज की भूमिका पर उठ रहे सवालों का जवाब सामने आना जरूरी है,शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि विवेक चौरसिया के मामले में विभागीय संरक्षण के कारण उन्हें बार-बार राहत मिलती रही,लेकिन विभागीय स्तर पर इस आरोप का जवाब केवल मौन रहकर नहीं दिया जा सकता,अनिल कुमार बंज से यह स्पष्ट होना चाहिए कि वर्ष 2023 की अस्थायी नियुक्ति की वैधानिक स्थिति क्या है? क्या विवेक चौरसिया के पक्ष में कोई विधिवत नियुक्ति आदेश जारी हुआ था? 27 जनवरी 2026 के निर्देश के बाद संस्था द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों का परीक्षण किस स्तर पर किया गया? 7 अगस्त की बैठक में नया कार्यवाही पंजी संधारित करने और एक दिन के लिए कार्यवाहक सचिव नियुक्त करने की प्रक्रिया नियमसम्मत थी या नहीं? 5 सितंबर को अनुपस्थिति अवधि के वेतन भुगतान की स्वीकृति किस आधार पर दी गई? क्या भुगतान से पहले सक्षम अधिकारी की अनुमति ली गई थी? 30 सितंबर की आमसभा में सदस्यों द्वारा उठाई गई आपत्तियों पर क्या कार्रवाई हुई? 12 अक्टूबर को दोबारा पृथक किए जाने के बाद विभाग ने नियुक्ति विवाद की निष्पक्ष जांच कराई या नहीं? यदि विभाग का मानना है कि सभी निर्णय नियमानुसार हुए हैं तो उसे दस्तावेजों के साथ यह साबित करना चाहिए, और यदि प्रक्रिया में कोई त्रुटि हुई है तो संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।
मामला एक कर्मचारी का नहीं, सहकारिता व्यवस्था की विश्वसनीयता का है-इस पूरे विवाद को केवल विवेक कुमार चौरसिया बनाम समिति के रूप में देखना पर्याप्त नहीं होगा, यह मामला समिति के अभिलेखों की विश्वसनीयता,नियुक्ति प्रक्रिया,बोर्ड के अधिकार, वित्तीय भुगतान और सहकारिता विभाग की निगरानी व्यवस्था की परीक्षा है, आज सवाल यह नहीं है कि विवेक चौरसिया को काम पर रखा जाए या हटाया जाए, सवाल यह है कि जो भी निर्णय लिया जाए,वह नियमों और पारदर्शी प्रक्रिया के तहत लिया जाए,अगर नियुक्ति वैध है तो उसका आदेश दिखाया जाए,यदि वेतन भुगतान सही है तो भुगतान का आधार और स्वीकृति सामने लाई जाए,यदि बैठकें नियमसम्मत थीं तो उनके मूल रजिस्टर और सूचना की प्रक्रिया जांच के लिए उपलब्ध कराई जाए,आखिर यह कैसी व्यवस्था है जहां नियुक्ति पर विवाद हो,फिर सेवा से पृथक किया जाए, फिर पुराने निर्देशों का हवाला देकर वापसी हो, फिर अनुपस्थिति अवधि का वेतन भुगतान हो और फिर दोबारा पृथक करने का आदेश जारी हो जाए? क्या सहकारिता विभाग में नियमों का पालन जरूरी है या नियमों की व्याख्या इस बात पर निर्भर करती है कि मामला किसका है? क्या समिति के मूल अभिलेखों से ज्यादा ताकत नए कार्यवाही पंजी में दर्ज प्रस्तावों की हो गई है? अब जरूरत है कि जिला और संभाग स्तर से अलग, निष्पक्ष एवं दस्तावेज आधारित जांच कराई जाए, वर्ष 2023 से अब तक के सभी आदेश, बैठक रजिस्टर,उपस्थिति पंजी,वेतन भुगतान अभिलेख और न्यायालयीन आदेशों का परीक्षण हो,जांच में यह भी तय हो कि किस अधिकारी ने कौन-सा निर्णय किस अधिकार से लिया और उससे समिति को वित्तीय अथवा प्रशासनिक नुकसान हुआ या नहीं,क्योंकि यदि हर विवाद का समाधान नया रजिस्टर खोलकर और हर आपत्ति का जवाब नया प्रस्ताव पारित करके दिया जाने लगे,तो फिर नियमावली की जरूरत ही क्या रह जाएगी?
10 जुलाई 2025 को सेवा से पृथक,फिर शिकायतों का सिलसिला
घटनाक्रम के अनुसार,10 जुलाई 2025 से विवेक कुमार चौरसिया को संस्था और संस्था के समस्त कार्यों से पृथक कर दिया गया,इस निर्णय के विरुद्ध उन्होंने महामहिम राज्यपाल और कलेक्टर सूरजपुर के समक्ष शिकायत प्रस्तुत की,इसके बाद उपायुक्त सहकारिता,जिला सूरजपुर ने समिति से नियुक्ति संबंधी दस्तावेज और समिति का जवाब प्राप्त किया। उपलब्ध जानकारी के अनुसार,2 जनवरी 2026 को निर्णय देते हुए यह कहा गया कि यदि विवेक चौरसिया को बोर्ड का निर्णय मान्य नहीं है तो वे सक्षम न्यायालय में वाद दायर कर सकते हैं,अर्थात मामला सक्षम न्यायालय में ले जाने का रास्ता बताया गया,लेकिन इसके बाद घटनाक्रम ने नया मोड़ लिया,विवेक चौरसिया ने संयुक्त आयुक्त सरगुजा संभाग के समक्ष शिकायत प्रस्तुत कर दी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur