-संवाददाता-
अम्बिकापुर,20 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। केंद्रीय जेल अंबिकापुर से पैरोल पर रिहा हुआ दुष्कर्म का दोषी बंदी निर्धारित समय पर वापस नहीं लौटा। जेल प्रशासन ने उसे फरार घोषित करते हुए मणिपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने अपराध दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। जेल प्रशासन के अनुसार,फरार बंदी विकास बड़ा (22) पिता बलराम बड़ा, ग्राम पेटला, थाना सीतापुर का निवासी है। उसे अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश जशपुर (अतिरिक्त प्रभार एफटीसी) ने 14 सितंबर 2022 को दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और मारपीट के मामले में दोषी ठहराते हुए अलग-अलग धाराओं में सजा सुनाई थी। उसे विभिन्न धाराओं में 5 वर्ष, 10 वर्ष और तीन-तीन माह के सश्रम कारावास के साथ अर्थदंड की सजा मिली थी। अर्थदंड जमा नहीं करने पर अतिरिक्त कारावास का भी प्रावधान था। वह केंद्रीय जेल अंबिकापुर में सजा काट रहा था। मुख्यालय जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं, छत्तीसगढ़ रायपुर के आदेश पर उसे 30 सितंबर 2026 को 14 दिन की अस्थायी मुक्ति पर रिहा किया गया था। नियमानुसार उसे 15 अक्टूबर 2026 को शाम 5 बजे जेल बंद होने से पहले वापस उपस्थित होना था,लेकिन वह निर्धारित समय पर नहीं लौटा। जेल प्रशासन ने उसका इंतजार किया, लेकिन बंदी की वापसी नहीं हुई। जेल नियमावली के अनुसार, छुट्टी की निर्धारित अवधि समाप्त होने पर जेल बंद होने से पहले वापस नहीं आने वाले बंदी को फरार माना जाता है। इसी आधार पर जेल प्रशासन ने मणिपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस बंदी के घर और परिजनों के साथ परिचितों के ठिकानों पर दबिश देकर उसकी तलाश कर रही है। सीतापुर पुलिस को भी सूचना दी गई है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur