Breaking News

बलरामपुर-रामानुजगंज@लावारिस इनोवा से 70 किलो गांजा जब्ती मामले में दो महीने बाद आरोपी गिरफ्तार

Share


फास्टैग और तकनीकी साक्ष्यों से खुला तस्करी का राज,50.19 लाख रुपये का मशरूका जब्त,ओडिशा से यूपी ले जा रहा था गांजा,हादसे के बाद कार छोड़कर हुआ था फरार

-संवाददाता-
बलरामपुर-रामानुजगंज,20 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। छत्तीसगढ़-उत्तर प्रदेश सीमा के पास लावारिस हालत में खड़ी इनोवा कार से 70 किलो से अधिक गांजा बरामद होने के मामले में करीब दो महीने बाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना बसंतपुर पुलिस ने फास्टैग और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गांजा तस्करी में कथित रूप से शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे और तस्करी में प्रयुक्त इनोवा कार की कुल कीमत 50 लाख 19 हजार 500 रुपये आंकी गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार,22 सितंबर 2026 को ग्राम फुलीडुमर से महुवारी जाने वाले मार्ग के किनारे एक इनोवा कार (क्रमांक रू॥ 04 ष्ठङ्घ 9471) काफी समय से लावारिस खड़ी होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने गवाहों की मौजूदगी में मैकेनिक की मदद से कार का लॉक खुलवाकर तलाशी ली। इस दौरान डिक्की से भूरे टेप में लिपटे 18 पैकेट और हरे रंग की प्लास्टिक बोरी से 16 पैकेट गांजा बरामद हुआ। कुल 34 पैकेटों का वजन 70.390 किलोग्राम पाया गया,जिसकी कीमत 35 लाख 19 हजार 500 रुपये बताई गई। इसके अलावा करीब 15 लाख रुपये कीमत की इनोवा कार भी जब्त की गई।
फास्टैग ने पहुंचाया आरोपी तक : कार से गांजा बरामद होने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 148/2026, धारा 20(बी)(ii)(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। विवेचना के दौरान पुलिस ने वाहन में लगे फास्टैग और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इसी आधार पर अशोक कुमार यादव (43), पिता नखदू यादव,निवासी पालघर,महाराष्ट्र,हाल मुकाम मिर्जापुर एवं चंदौली,उत्तर प्रदेश की संलिप्तता सामने आई।
ओडिशा से गांजा लोड कर यूपी जा रहा था आरोपी : पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने इनोवा कार मुंबई में एक व्यक्ति से खरीदी थी, लेकिन वाहन का अपने नाम पर हस्तांतरण नहीं कराया था। कोरोना काल में दुकान बंद होने के बाद वह गांव लौट आया और ड्राइवरी करने लगा। आरोपी के कथित बयान के अनुसार, जुलाई 2026 में उसने अपने साथियों के साथ ओडिशा के सुंदरगढ़ से इनोवा में गांजा लोड किया था। इसके बाद 22 सितंबर को ओडिशा से छत्तीसगढ़ होते हुए उत्तर प्रदेश जा रहे थे। इसी दौरान वाड्रफनगर के पास एक ट्रक के पेड़ से टकराने के कारण आगे चल रहे वाहन ने अचानक ब्रेक लगाया। पीछे से आ रही इनोवा की टक्कर हो गई। हादसे के बाद पकड़े जाने के डर से आरोपी वाहन लेकर वहां से निकल गया और छत्तीसगढ़-उत्तर प्रदेश सीमा के पास पुलिस की मौजूदगी की आशंका होने पर कच्चे रास्ते में कार खड़ी कर अपने साथियों के साथ फरार हो गया।
साथियों की तलाश जारी : करीब दो महीने तक चली विवेचना के बाद एक आरोपी की गिरफ्तारी हुई है,लेकिन गांजे की इतनी बड़ी खेप के परिवहन में शामिल अन्य लोगों की भूमिका अब भी जांच का विषय है। पुलिस फरार साथियों की तलाश के साथ तस्करी के नेटवर्क और गांजे के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।


Share

Check Also

वाड्रफनगर@मदिरा दुकान की बिक्री राशि में 7.59 लाख की हेराफेरी,सुपरवाइजर गिरफ्तार

Share बैंक में जमा होनी थी बिक्री की रकम, सत्यापन में सामने आई गड़बड़ी लंबे …

Leave a Reply