अकवान चक्रवात से सरगुजा में बदला मौसम,शाम तक 7.4 मिमी बारिश,अक्टूबर में अर्नब से हुए नुकसान की भरपाई भी नहीं
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,20 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। खेतों में पककर तैयार धान की फसल, खलिहानों में रखी उपज और कटाई के इंतजार में बैठे किसानों की चिंता एक बार फिर बढ़ गई है। अक्टूबर में अर्नब चक्रवात के कारण हुई बारिश से हुए नुकसान से किसान अभी उबर भी नहीं पाए थे कि अब अकवान चक्रवात ने उनकी मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शुक्रवार को अंबिकापुर सहित सरगुजा संभाग में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। सुबह से आसमान में बादल छाए रहे। दोपहर बाद बूंदाबांदी शुरू हुई, जो शाम होते-होते तेज बारिश में बदल गई। शाम 5 बजे तक अंबिकापुर में 7.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम के इस बदलाव ने खेतों में खड़ी और कटी हुई धान की फसल को लेकर किसानों की चिंता बढ़ा दी है। सरगुजा जिले में अभी 50 प्रतिशत से अधिक धान की कटाई बाकी है। कई गांवों में फसल खेतों में तैयार खड़ी है, जबकि कुछ किसानों ने कटाई के बाद धान खेतों और खलिहानों में रखा है। ऐसे समय में बारिश होने से धान के दाने भीगने, गुणवत्ता खराब होने और उपज के दाम प्रभावित होने का खतरा है। वहीं,धान खरीदी का काम भी शुरू हो चुका है। ऐसे में बारिश का असर किसानों की उपज को सुरक्षित रखने और खरीदी केंद्रों तक धान पहुंचाने की प्रक्रिया पर भी पड़ सकता है।
पिछली बारिश के नुकसान से अब तक नहीं उबरे किसान : किसानों की परेशानी इसलिए भी ज्यादा है क्योंकि अक्टूबर में अर्नब चक्रवात के दौरान हुई बारिश से फसलों को नुकसान पहुंचा था। खासकर सूरजपुर जिले के बिहारपुर-चांदनी क्षेत्र में किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा था। प्रभावित किसानों को अब तक राहत और मुआवजे का इंतजार है। ऐसे में दोबारा बारिश ने उनकी चिंता बढ़ा दी है। किसानों का कहना है कि बीज, खाद, मजदूरी और अन्य कृषि संसाधनों पर बड़ी लागत लगाने के बाद फसल तैयार होती है। कटाई के समय बारिश होने से पूरी मेहनत और लागत पर पानी फिरने का खतरा है। ग्रामीण किसानों ने जिला प्रशासन और कृषि विभाग से प्रभावित गांवों में तत्काल फसल नुकसान का सर्वे कराने की मांग की है। उनका कहना है कि पिछली बारिश से हुए नुकसान के साथ वर्तमान बारिश से प्रभावित खेतों का भी आकलन किया जाए, ताकि पात्र किसानों को उचित मुआवजा मिल सके।
शनिवार तक रह सकता है…
चक्रवात का असर,फिर बढ़ेगी ठंड
मौसम वैज्ञानिक एसके मंडल के अनुसार बंगाल की खाड़ी में करीब 10 दिन पहले बना अकवान चक्रवात अब कमजोर पड़ गया है। इसके प्रभाव से उत्तरी छत्तीसगढ़ में शनिवार तक मध्यम बारिश और हवा चलने की संभावना है। इसके बाद मौसम साफ होने पर दो से तीन दिनों में तापमान में तेजी से गिरावट आ सकती है। इससे सरगुजा संभाग में ठंड का असर बढ़ेगा और कड़ाके की ठंड पडऩे की संभावना है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur